सपा-कांग्रेस BJP की B टीम: बिजनौर से आकाश आनंद का बड़ा दावा, जाट वोटर साधने की कोशिश
बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद शनिवार को बिजनौर पहुंचे. यहां चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा.
बिजनौर की बढ़ापुर विधानसभा के अफजलगढ़ में बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद जनसभा को संबोधित करने पहुंचे. बीएसपी की प्रत्याशी तान्या नागपाल के समर्थन में आकाश आनंद ने जनता से वोट की अपील की. जनसभा के दौरान उन्होंने भाजपा, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. आकाश आनंद ने सपा और कांग्रेस को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए समाजवादी पार्टी को भाजपा की बी टीम करार दिया. साथ ही दावा किया कि प्रदेश की जनता पांचवीं बार बहन मायावती को मुख्यमंत्री बनाने जा रही हैं.
सरकार पर विज्ञापन पर 7 हजार करोड़ रुपये खर्च करने का आरोप लगाया
अफजलगढ़ की जनसभा में आकाश आनंद ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने केवल विज्ञापनों पर 7 हजार करोड़ रुपये खर्च कर दिए. वहीं, समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र किया. आकाश आनंद ने आरोप लगाया कि सपा सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल थी. उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर में छेड़छाड़ की घटना के बाद हुए बवाल में करीब 60 लोगों की जान गई और सैकड़ों लोग बेघर हो गए थे.
पहली बार ओबीसी समाज के बच्चों के 27 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था की
आकाश आनंद ने बहन मायावती की सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि इतिहास में पहली बार सरकारी कॉलेजों के हॉस्टल में ओबीसी समाज के बच्चों के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई. उन्होंने कहा कि बहनजी ने ऐसे लोगों के लिए भी काम किया, जिनके पास न जमीन थी और न ही कमाई का कोई साधन. आकाश आनंद ने जाट कार्ड खेलते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा जयंत चौधरी पर दिए बयान का जिक्र किया. उन्होंने चवन्नी से रुपये बनाने वाले बयान को गलत बताया. और कहा कि सपा मुखिया को जाटों से माफी मांगनी चाहिए.
भूमिहीन परिवारों को सरकारी जमीन का मालिकाना हक दिया
आकाश आनंद ने दावा किया कि मायावती सरकार ने कानून बनाकर प्रदेश में तीन लाख से अधिक भूमिहीन परिवारों को जमीन का मालिकाना हक दिया और उन्हें खेती-बाड़ी के जरिए आजीविका चलाने का अवसर उपलब्ध कराया. उन्होंने सपा और भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले 14 साल से दोनों पार्टियां प्रदेश की सत्ता में रही हैं, लेकिन क्या कोई भी पार्टी यह दावा कर सकती है कि उसने अपनी सरकार में भूमिहीन परिवारों को सरकारी जमीन का मालिक बनाया? जनसभा के आखिर में आकाश आनंद ने तान्या नागपाल के समर्थन में वोट की अपील करते हुए बहुजन समाज पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया.
(बिजनौर से राजवीर चौधरी की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें : अखिलेश यादव को ओम प्रकाश राजभर की नसीहत, बोले- 'सोते रहे तो चच्चा सारा खेल कर जाएंगे'