)
Lucknow News: बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने एक बार फिर से EVM के खिलाफ आवाज उठाई है. बसपा सुप्रीमो मायावती ने बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग की है. मायावती ने आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद की जीत पर भी सवाल उठाया. मायावती ने कहा कि ईवीएम में धांधली कर भाजपा ने नगीना से चंद्रशेखर को जिताया है. बसपा को नुकसान पहुंचाने के लिए चंद्रशेखर आजाद को सांसद पहुंचाया.
ईवीएम पर खड़े किए सवाल
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि BSP ने शुरू से ही EVM से वोटिंग कराने का खुलकर विरोध कर रही है. बसपा ने EVM द्वारा चुनाव की प्रक्रिया को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती भी दी थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने EVM प्रक्रिया को खत्म करने की जगह EVM के साथ एक VVPAT मशीन लगाए जाने की प्रक्रिया लागू करने का आदेश दे दिया. इस VVPAT के लगाए जाने का कोई भी फायदा नहीं हुआ, EVM मशीन से गिनती के दौरान सभी VVPAT के वोट नहीं गिने जाते हैं. मायावती ने कहा कि किसी भी ईवीएम मशीन को हैक किया जा सकता है.
बैलेट पेपर पर भरोसा था
मायावती ने कहा कि ईवीएम पर लोगों को संदेह है. लोगों का लोकतंत्र से भरोसा कम हो रहा है. बैलेट पेपर से चुनाव होते थे तो वोटों की गिनती भी खुलेआम होती थी. सभी दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहते थे. कोई गड़बड़ी नहीं होती थी. ईवीएम पर सवाल उठाते हुए मायावती ने कहा कि मशीन से चुनाव होने पर संदेह बना रहता है. ईवीएम पर वोट कहीं दो वह किसी और के खाते में चला जाता है. लोकतंत्र की हत्या की जा रही है.
राज्य मंत्री का पलटवार
वहीं, मायावती के सवाल पर यूपी सरकार में राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने पलटवार किया है. मायावती द्वारा EVM से मतदान कराने के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग पर प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने कहा है कि इनको पता है कि हार के बाद ठीकरा फोड़ना है, इसलिए अभी से ऐसे बयान दिए जा रहे हैं. साथ ही साथ कहा कि SIR तो कांग्रेस के सरकार में भी होता था, सबसे ज्यादा प्रदेश और केंद्र में सरकार कांग्रेस की रही है. संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल नहीं उठाते.