10 साल का प्यार, एक 'ना' और खत्म हो गई जिंदगी: कानपुर के मॉल में प्रेमिका के सामने दूसरी मंजिल से कूदा प्रेमी
कानपुर में एक युवक ने रेव मोती मॉल की दूसरी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी. वह अपनी गर्लफ्रेंड से शादी करना चाहता था, लेकिन गर्लफ्रेंड ने इनकार कर दिया. जिसके चलते बहस के बाद उसने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी.
उत्तर प्रदेश के कानपुर के मशहूर रेव मोती मॉल में बुधवार शाम उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब प्रेम प्रसंग के एक विवाद ने चंद मिनटों में खुशियों को मातम में बदल दिया. प्रेमिका के शादी से इनकार किए जाने से आहत एक प्रेमी ने मॉल की दूसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी. गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सऊदी अरब से लौटा था सिकंदर
इस घटना से पूरे मॉल परिसर में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. मृतक की पहचान चमनगंज के रहने वाले 30 साल के सिकंदर के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ सालों से सऊदी अरब में नौकरी कर रहा था.
जानकारी के अनुसार, सिकंदर का अपनी रिश्तेदारी की एक लड़की से पिछले 10 सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह उससे शादी करना चाहता था, लेकिन विदेश जाने के बाद लड़की की बातचीत किसी दूसरे लड़के से होने लगी थी.
मॉल में हुई थी तीखी बहस
जब इस बात की भनक सिकंदर को लगी, तो वह अंदर से टूट गया. बुधवार शाम करीब 7:30 बजे सिकंदर अपने दो दोस्तों के साथ सर्वोदय नगर के रेव मोती मॉल पहुंचा, जहां उसने प्रेमिका को बातचीत के लिए बुलाया था. मॉल में दोनों के बीच मुलाकात हुई और बातचीत धीरे-धीरे तीखी बहस में बदल गई.
शादी से इनकार बना जानलेवा
मुलाकात के दौरान जब सिकंदर ने प्रेमिका पर शादी का दबाव बनाया, तो उसने साफ तौर पर शादी करने से इनकार कर दिया. प्रेमिका का शादी से इनकार करना सिकंदर बर्दाश्त नहीं कर सका. दोनों के बीच कुछ देर बहस हुई, फिर आहत होकर उसने बिना सोचे-समझे मॉल की दूसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी.
प्रेमी की नहीं बची जान
अचानक हुई इस घटना से मॉल में खरीदारी करने आए लोगों के होश उड़ गए. वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड और आम लोगों ने तुरंत खून से लथपथ पड़े सिकंदर को संभाला और आनन-फानन में पास के रीजेंसी अस्पताल ले गए. हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. प्रेमी के छलांग लगाने के बाद प्रेमिका भी कहीं चली गई.
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की. काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि दोस्तों के अनुसार युवक परेशान था. परिवार से जानकारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
हेल्पलाइन : जीवन अनमोल है. किसी को भी किसी भी कारण हताशा, निराशा या डिप्रेशन हो तो कोई भी गलत कदम उठाने से पहले सरकार के हेल्पलाइन नंबर +91 9630899002, +91 7389366696 पर संपर्क करें.
(कानपुर से प्रवीण पांडेय की रिपोर्ट)
यह भी पढ़िए: मिलने नहीं दोगे तो जान दे दूंगा.. बस्ती में फिल्मी स्टाइल में 5 मिनट तक तमंचा लहराकर युवक ने किया सुसाइड