गजब हो गया... यहां तो बसंती ही पानी की टंकी पर चढ़ गई, पुलिस आई फिर क्या हुआ?
बाराबंकी में 19 साल की युवती को अपने ही गांव के रहने वाले युवक से प्रेम हो गया. लड़की प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी है. परिजनों के इनकार करने पर वह पानी की टंकी पर चढ़ गई.
प्यार और शादी की जिद में एक 19 वर्षीय युवती आज पानी की टंकी पर चढ़ गई. परिजन उसकी पसंद के लड़के से शादी करने के लिए तैयार नहीं थे. इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ तो युवती नाराज होकर स्कूटी से करीब आठ किलोमीटर दूर पहुंच गई और अजगना ग्राम पंचायत स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई. युवती के इस कदम से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक समझाने की कोशिश की, जिसके बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आई.
एक ही गांव के रहने वाले हैं कपल
मामला देवा ब्लॉक की ग्राम पंचायत अजगना का है. जानकारी के मुताबिक, युवती फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है. वह एक युवक से शादी करना चाहती है, लेकिन घरवाले इसके लिए तैयार नहीं हैं. इसी बात को लेकर शुक्रवार रात उसकी मां से कहासुनी हुई थी. मां की डांट से नाराज होकर शनिवार सुबह करीब 11 बजे वह स्कूटी लेकर घर से निकल गई.
8 किमी दूर जाकर पानी की टंकी पर चढ़ी
घर से करीब आठ किलोमीटर दूर बाराबंकी-जाहांगीराबाद मार्ग पर स्थित अजगना पहुंचकर युवती पानी की टंकी पर चढ़ गई, उसे टंकी पर चढ़ा देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई. एक दुकानदार ने डायल 112 पर सूचना दी.
काफी समझाने के बाद नीचे उतरी
मौके पर पहुंची डायल 112 और जांगलाबाद थाने की पुलिस ने युवती को नीचे उतारने के लिए काफी देर तक बातचीत और मान-मनौव्वल की. पुलिस के समझाने पर युवती नीचे उतरने को राजी हो गई. उसके सकुशल नीचे आने के बाद पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली.
कुशीनगर पर प्रेमी टावर पर चढ़ा
वहीं, कुशीनगर में प्रेमिका से शादी करने की जिद पर प्रेमी टावर पर चढ़ गया. नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पिपरा बाजार में एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी करने की जिद पर अड़ गया. परिजनों द्वारा इनकार करने पर युवक टावर पर चढ़ गया. वहां से कूदकर जान देने की धमकी देने लगा. टावर पर युवक को देखकर आसपास भीड़ जुट गई. सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई. पुलिस ने काफी समझाने के बाद युवक को नीचे उतारा है.
(बाराबंकी से नितिन श्रीवास्तव की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें : न कोई फोटो, न कोई सुराग: AI ने बचपन की तस्वीर से तैयार किया महिला का नया चेहरा, राजस्थान में मिली 5 साल से लापता मंजू