‘धीरू’ ने बदली बलरामपुर की सूरत? दिवाली की रोशनी में चमका शहर,सुवांव नाला बना सेल्फी प्वाइंट
दिवाली पर बलरामपुर शहर आकर्षक रोशनी और तिरंगा लाइटों से जगमगा उठा है. विद्युत पोल और चौराहों की सजावट के बीच सुवांव नाला पुल नया सेल्फी प्वाइंट बन गया है. नगर पालिका अध्यक्ष धीरू के विकास कार्यों की भी चर्चा हो रही है.
बलरामपुर/पवन तिवारी: दीपावली के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश का बलरामपुर शहर एक बिल्कुल नए और भव्य अंदाज में सजा हुआ नजर आ रहा है. नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के नेतृत्व में इस बार शहर की सड़कों, प्रमुख चौराहों और पुलों पर की गई आकर्षक सजावट ने नगरवासियों और राहगीरों का मन मोह लिया है. शहर की इस खूबसूरती के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वह पुरानी चुनावी टिप्पणी भी एक बार फिर चर्चा में आ गई है, जिसमें उन्होंने बलरामपुर की 'सेहत' सुधारने का जिक्र किया था.
शहर के विद्युत पोल तिरंगा लाइटों से जगमगा रहे हैं तो कई प्रमुख चौराहों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं और मूर्तियों को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया है. अंबेडकर तिराहे के पास की गई विशेष लाइटिंग लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. शाम होते ही रोशनी से नहाए शहर का नजारा देखने लायक हो जाता है. लोग यहां रुककर अपने मोबाइल से वीडियो और रील बनाते नजर आ रहे हैं.
सेल्फी प्वाइंट के रूप में पहचान
इस बार सबसे ज्यादा चर्चा सुवांव नाला पर बने पुल की सजावट को लेकर हो रही है. जिस स्थान से पहले आसपास फैली गंदगी और बदहाल माहौल के कारण लोग जल्दी निकल जाना पसंद करते थे, उसी जगह को नगर पालिका की ओर से सजाकर नया स्वरूप देने का प्रयास किया गया है. अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के निर्देश पर यहां कराई गई लाइटिंग और सजावट अब लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है. दिन हो या रात, लोग पुल पर रुककर तस्वीरें और सेल्फी लेते दिखाई दे रहे हैं. कभी उपेक्षित नजर आने वाला यह स्थान अब शहर के नए सेल्फी प्वाइंट के रूप में पहचान बना रहा है.
कई मार्गों पर रोशनी की व्यवस्था
नगर क्षेत्र में केवल सजावट ही नहीं, बल्कि सड़कों और अन्य निर्माण कार्यों के जरिए भी बदलाव दिखाई देने का दावा किया जा रहा है. कई मार्गों पर रोशनी की व्यवस्था और विकास कार्यों ने शहर की तस्वीर बदलने की कोशिश को सामने रखा है. दीपावली के अवसर पर जगमगाती लाइटें इस बदलाव को और आकर्षक बना रही हैं.
गौरतलब है कि नगर पालिका चुनाव के दौरान बलरामपुर के छोटा परेड ग्राउंड में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ की उम्मीदवारी का जिक्र करते हुए कहा था कि बलरामपुर को बहुत अच्छा प्रत्याशी दिया गया है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि जिस तरह धीरू ने अपनी सेहत बनाई है, उसी तरह वह बलरामपुर नगर की सेहत भी बनाएंगे. साथ ही उन्होंने नगर के विकास के लिए धन की कमी नहीं होने देने की बात कही थी.
सुवांव नाला पुल का बदला स्वरूप
अब दीपावली पर शहर की सजावट, सुवांव नाला पुल का बदला स्वरूप और जगह-जगह दिखाई दे रही रोशनी के बीच मुख्यमंत्री की उस चुनावी टिप्पणी की चर्चा भी फिर तेज हो गई है. नगरवासियों को शहर में हो रहे बदलाव नजर आ रहे हैं और इस बार दीपावली की जगमगाहट ने बलरामपुर को एक अलग पहचान देने का प्रयास किया है.
त्योहारों पर यूपी में 34 कंपनी PAC तैनात, अयोध्या-वाराणसी को 2-2 कंपनी, दीपोत्सव के लिए स्पेशल फोर्स