App

Anil Rajbhar Attack SP: 'कौवे के पीछे मत भागो...' अखिलेश यादव और ओवैसी पर बरसे अनिल राजभर, OP राजभर को भी दी सलाह

Anil Rajbhar Attack SP: यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा. ओवैसी के गठबंधन ऑफर को लेकर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी और इसे राजनीतिक कोशिश बताया. ओपी राजभर के बयान पर भी अनिल राजभर ने अपनी बात रखी.

Anil Rajbhar Attack SP: 'कौवे के पीछे मत भागो...' अखिलेश यादव और ओवैसी पर बरसे अनिल राजभर, OP राजभर को भी दी सलाह
Image Credit: UP Politics

संतोष जायसवाल/चंदौली: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने चंदौली जिले के चकिया विधानसभा क्षेत्र के पर्वतपुर गांव में आयोजित विमुक्ति दिवस कार्यक्रम में शिरकत की. इस मौके पर जी मीडिया (Zee Media) से खास बातचीत करते हुए उन्होंने विपक्ष, समाजवादी पार्टी और असदुद्दीन ओवैसी पर तीखे हमले बोले. इसके साथ ही उन्होंने अपनी सरकार के फैसलों और सहयोगी दल के नेता ओमप्रकाश राजभर के बयानों पर भी अपनी बात रखी.

विमुक्ति और घुमंतू जातियों के लिए बोर्ड का गठन ऐतिहासिक
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार ने विमुक्ति, घुमंतू और अर्ध-घुमंतू जातियों के सर्वांगीण विकास (आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक) के लिए बोर्ड का गठन किया है. उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि यह मांग लंबे समय से लंबित थी, जिसे योगी सरकार ने पूरा किया है.

UPI और जनहित के मुद्दों पर विपक्ष पर निशाना
यूपीआई और अन्य विकास संबंधी मुद्दों पर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम पर प्रहार करते हुए अनिल राजभर ने कहा कि योगी सरकार जनता के हितों और भावनाओं के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने जनता से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं.कैबिनेट मंत्री ने कहा, "विपक्ष का काम जनता को उकसाना है. लोगों को 'कौवे के पीछे भागने' के बजाय अपने कान देखने की जरूरत है. सरकार वही कदम उठाएगी जो प्रदेश की जनता और विकास के हित में होगा."

ओवैसी के गठबंधन ऑफर पर क्या बोले?
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की ओर से विपक्षी दलों के साथ गठबंधन की पेशकश पर भी अनिल राजभर ने प्रतिक्रिया दी. ओवैसी ने 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों से साथ आने की अपील की है और कहा है कि भाजपा को रोकने के लिए समान विचारधारा वाले दलों के साथ काम किया जा सकता है. इसी पर अनिल राजभर ने ओवैसी की पहल को ‘राजनीतिक नौटंकी’ बताया. उन्होंने कहा कि यह खबरों में बने रहने की कोशिश है. इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता राजनीतिक रूप से परिपक्व है.

सपा पर बोला हमला: 'माफियाओं को संरक्षण देना ही इनकी पहचान'
सुहेलदेव के नाम पर लगे पोस्टरों में आजम खान, मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद की तस्वीरों का जिक्र करते हुए अनिल राजभर ने समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब-जब राज्य में सपा की सरकार बनी है, तब-तब गुंडों और माफियाओं को खुला संरक्षण दिया गया है. यह सच्चाई यूपी की जनता से छिपी नहीं है.

ओमप्रकाश राजभर को नसीहत: 'धैर्य रखें, PM मोदी पर भरोसा करें'
सहयोगी दल (SBSP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के "चार भागों में बंटवारे के बाद ही राजभर का बेटा सीएम बनेगा" वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल राजभर ने उन्हें सब्र रखने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि ओपी राजभर एनडीए (NDA) गठबंधन के साथी हैं और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा रखना चाहिए। सरकार पिछड़ों, दलितों और राजभर समाज के विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More