AMU छात्रसंघ का नया अध्याय: ताजपोशी होते ही गरजे नए अध्यक्ष, नगर निगम से लेकर मंत्री तक को दे डाली दो टूक चेतावनी
एएमयू में छात्रसंघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह धूमधाम के साथ संपन्न हुआ. अध्यक्ष नोमान अशरफ समेत तमाम छात्रसंघ पदाधिकारियों की गाउन पहनाकर ताजपोशी की गई. इस मौके पर अध्यक्ष ने नगर निगम से लेकर मंत्री तक को सीधी चुनौती दे डाली.
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के कैंपस में सियासी और छात्र राजनीति का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. विश्वविद्यालय के नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह पूरे धूमधाम के साथ संपन्न हुआ. इस समारोह में छात्रसंघ अध्यक्ष नोमान अशरफ, उपाध्यक्ष नसरा नईम और मानद सचिव मोहम्मद हमदान समेत छात्रसंघ के अन्य नवनिर्वाचित सदस्यों को गाउन पहनाकर ताजपोशी की गई.
प्रशासन और छात्रों का जमावड़ा
ताजपोशी ग्राउंड में आयोजित इस समारोह में एएमयू की कुलपति (वीसी) प्रो. नईमा खातून समेत विश्वविद्यालय इंतजामिया के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे. अपने नए नेताओं की ताजपोशी का गवाह बनने के लिए ग्राउंड में बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स भी जुटे. इस दौरान पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और नारों से गूंज उठा.
छात्र हितों और जमीन के मुद्दे पर आंदोलन का बिगुल
शपथ लेने के तुरंत बाद छात्रसंघ के नए पदाधिकारी पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए. पदाधिकारियों ने मंच से ही विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने छात्रों की लंबित समस्याओं को उठाया और उनके तुरंत समाधान की मांग की. इस दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष नोमान अशरफ ने हॉर्स राइडिंग क्लब की जमीन को लेकर आंदोलन का ऐलान किया.
मंत्री रघुराज सिंह के बयान पर तीखा पलटवार
नगर निगम द्वारा हॉर्स राइडिंग क्लब की जमीन पर कब्जे को लेकर उन्होंने कहा कि वह सभी ओल्ड बॉयज को पत्र लिखेंगे और एएमयू की जमीन वापस लेने के लिए आंदोलन चलाएंगे. इतना ही नहीं, उन्होंने दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह के एएमयू को आतंकवादी अड्डा बताने वाले बयान पर भी तीखा पलटवार किया.
पीएम मोदी और मंत्री के बयान की तुलना
मंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए नोमान अशरफ ने कहा कि ऐसे लोग एएमयू को बदनाम करते हैं. उनकी रोजी-रोटी इसी तरह के बयानों से चलती है. उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एएमयू को मिनी इंडिया कहते हैं, तो दूसरी तरफ उनके मंत्री इसे आतंकवादी अड्डा बता रहे हैं. नए छात्रसंघ के इस आक्रामक तेवर ने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में कैंपस की राजनीति में कई बड़े मुद्दे गरमाने वाले हैं.
(अलीगढ़ से मनीष शर्मा की रिपोर्ट)
यह भी पढ़िए: 'तब बनाम अब': यूपी में सपा को घेरने के लिए बीजेपी का मेगा प्लान, कानून-व्यवस्था और PDA की काट पर नजर