)
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में मीट कारोबार और उससे जुड़ी इंडस्ट्री में मजदूरी की आड़ में कथित तौर पर अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों का मामला सामने आया है. आरोप है कि बिना पासपोर्ट और वीजा के भारत पहुंचे इन लोगों ने फर्जी नाम और पते के आधार पर आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी समेत कई सरकारी दस्तावेज बनवा लिए. LIU से मिले इनपुट के आधार पर रोरावर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमीना बेगम समेत 11 लोगों को पकड़ा है. इनमें आठ वयस्क और तीन बाल अपचारी शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से पांच मोबाइल फोन, 10 आधार कार्ड, दो पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं.
1992 में परिवार के साथ भारत आने का दावा
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अमीना बेगम ने बताया कि वह वर्ष 1992 में अपने परिवार के साथ बिना पासपोर्ट और वीजा के भारत आई थी. उसके पास से बेटी सितारा के नाम पर दो आधार कार्ड मिले हैं, जिनमें जन्मतिथि अलग-अलग दर्ज है. पुलिस ने गोंडा रोड रेलवे पुल के पास छापेमारी कर परिवार और रिश्तेदारों से जुड़े लोगों को पकड़ा. पूछताछ में एक अन्य व्यक्ति के वर्ष 1999 से कई बार भारत आने-जाने की जानकारी भी सामने आई है.
फर्जी दस्तावेजों और पहचान की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस जांच में करीब आठ महीने पहले पत्नी से मारपीट के बाद घर छोड़ने से जुड़ा मामला भी सामने आया है. इस मामले में दर्ज FIR में 13 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि पुलिस ने अब तक 11 लोगों को पकड़ा है. पुलिस बरामद दस्तावेजों की सत्यता की जांच कर रही है. साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फर्जी पहचान पत्र बनवाने में किन लोगों ने मदद की और इस पूरे मामले में कौन-कौन शामिल है.
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए वयस्क आरोपियों को जेल भेज दिया गया है. वहीं, फरार आरोपियों की तलाश जारी है. इस कार्रवाई के बाद मीट कारोबार से जुड़े इलाकों में अवैध रूप से रह रहे लोगों की पहचान और उन्हें कथित तौर पर मिल रहे स्थानीय संरक्षण को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.
(अलीगढ़ से मनीष शर्मा की रिपोर्ट)