फिल्म अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह पहुंचे पुलिस चौकी, करोड़ों की पैतृक संपत्ति पर घमासान! दर्ज कराया बयान
Chandrachur Singh Aligarh News: पैतृक संपत्ति विवाद में दर्ज कराए मुकदमे में बयान दर्ज कराने के लिए अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह शनिवार को अलीगढ़ पहुंचे. मामला करोड़ों रुपये की जमीन और पुरानी हवेली का है.
अलीगढ़: फिल्म अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह और उनके भाई अभिमन्यु सिंह एक बार फिर पैतृक संपत्ति विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं. करोड़ों रुपये की जमीन और पुरानी हवेली से जुड़े मामले में अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह शनिवार को अलीगढ़ की जलालपुर चौकी पहुंचे. यहां उन्होंने पुलिस जांच अधिकारी के सामने अपना बयान दर्ज कराया. मामला थाना रोरावर क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है.
चाची समेत सात लोगों पर मुकदमा
पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद में चंद्रचूड़ सिंह और उनके भाई अभिमन्यु सिंह की ओर से उनकी चाची समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है. आरोपियों पर धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और आपराधिक साजिश जैसी धाराओं में कार्रवाई की मांग की गई है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है.
फर्जी वसीयत के जरिए संपत्ति हड़पने का आरोप
अभिमन्यु सिंह का आरोप है कि उनकी करोड़ों रुपये की पैतृक संपत्ति और पुश्तैनी हवेली पर कब्जा करने के लिए कथित तौर पर फर्जी वसीयत का सहारा लिया गया. उनका दावा है कि वसीयत उनके दादा हरेंद्र पाल सिंह की मौत से ठीक एक दिन पहले तैयार की गई थी. उस समय उनकी तबीयत बेहद खराब थी और वह बिस्तर पर थे. परिवार की ओर से इसी वसीयत की वैधता पर सवाल उठाए गए हैं.
लंबे समय से अधिकारियों के चक्कर काट रहा परिवार
बताया जा रहा है कि चंद्रचूड़ सिंह और उनका परिवार लंबे समय से संपत्ति पर अपने अधिकार को लेकर अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहा है. विवाद परिवार के ही सदस्यों के बीच होने के कारण मामला लगातार लंबा खिंचता चला गया. अभिनेता अब पुलिस जांच के दौरान अपना पक्ष दर्ज करा रहे हैं.
पुलिस जुटा रही दस्तावेज और बयान
मामले में गायत्री देवी, जय सिंह, अंजनी सिंह सहित सात लोगों को नामजद किया गया है. पुलिस का कहना है कि मुकदमे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. वसीयत समेत संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच होगी और आरोपों की पुष्टि के लिए सभी संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे. पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी.
शुरुआती जीवन और फिल्मी सफर
फिल्म अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह का जन्म 11 अक्टूबर 1968 को नई दिल्ली में हुआ. उनका संबंध उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के खैर क्षेत्र के राजनीतिक और शाही परिवार से है. उनके पिता पूर्व सांसद रहे, जबकि उनकी मां ओडिशा के बोलंगीर के महाराजा की पुत्री थीं.
चंद्रचूड़ सिंह ने दून स्कूल, देहरादून और सेंट स्टीफंस कॉलेज, नई दिल्ली से शिक्षा हासिल की. अभिनय की दुनिया में कदम रखने से पहले उन्होंने दून स्कूल में संगीत शिक्षक के रूप में भी काम किया.
उनका फिल्मी करियर 1996 में फिल्म 'तेरे मेरे सपने' से शुरू हुआ. इसी साल गुलजार की चर्चित फिल्म 'माचिस' में उनके अभिनय को खूब सराहा गया. इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर का सर्वश्रेष्ठ डेब्यू अभिनेता पुरस्कार मिला.
इसके बाद चंद्रचूड़ सिंह ने 'दिल क्या करे', 'जोश', 'क्या कहना' और 'आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया' जैसी फिल्मों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं. अपने अभिनय और खासकर गंभीर किरदारों के लिए उन्होंने हिंदी सिनेमा में अलग पहचान बनाई.