SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

भदोही में सजेगा 50वां इंडिया कारपेट एक्सपो: 65 देशों से पहुंचेंगे 300 से ज्यादा बायर, सीएम योगी करेंगे उद्घाटन

50th India Carpet Expo Bhadohi: कालीन नगरी भदोही एक बार फिर हस्तनिर्मित कालीन के वैश्विक बाजार के केंद्र में होगी, यहां 04 अक्तूबर से इंडिया कारपेट एक्सपो आयोजित होने जा रहा है. चार दिवसीय इस कारपेट एक्सपो में 65 देशों के 300 से अधिक बायर शामिल होंगे.

Edited By Preeti Chauhan
Published: Oct 03, 2026, 11:46 AM IST | Updated: Oct 03, 2026, 11:54 AM IST
Image Credit: 50th India Carpet Expo Bhadohi
Join

Bhadohi 50th India Carpet Expo/शरद मौर्य/भदोही: हस्तनिर्मित कालीनों की विश्व प्रसिद्ध नगरी भदोही एक बार फिर वैश्विक बाजार का केंद्र बनने जा रही है. वस्त्र मंत्रालय के अधीन संचालित 'कालीन निर्यात संवर्धन परिषद' (CEPC) द्वारा भदोही कारपेट मार्ट में 4 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक 4 दिवसीय 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है. इस भव्य फेयर का औपचारिक शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करें. दिल्ली और जर्मनी में आयोजित होने वाले दो बड़े इंटरनेशनल फेयर रद्द होने के बाद, भदोही में आयोजित हो रहे इस एक्सपो से भारतीय कालीन निर्यातकों और बुनकरों को भारी व्यापारिक उम्मीदें हैं.

रद्द हुए दिल्ली-जर्मनी फेयर के बाद जगी नई उम्मीद
ईरान-अमेरिका तनाव व अन्य वैश्विक कारणों से हाल ही में दिल्ली और जर्मनी में होने वाले दो महत्वपूर्ण व्यापारिक मेले रद्द कर दिए गए थे, जिससे निर्यातकों में निराशा थी। भदोही में आयोजित यह 50वां कारपेट एक्सपो बायर्स और सेलर्स के बीच एक मजबूत पुल का काम करेगा, जिससे नए ऑर्डर मिलने के साथ-साथ स्थानीय बुनकरों और कामगारों की आजीविका को भी बड़ा समर्थन मिलेगा.

200 से अधिक भारतीय निर्यातक पेश करेंगे नए ट्रेंड और डिजाइन
इस फेयर को लेकर कालीन निर्यातकों ने नए नए डिजाइन सैम्पल फेयर में डिस्प्ले करने के लिए तैयार कर लिए हैं.  इस फेयर में भारत के कश्मीर, जयपुर, बीकानेर, पानीपत, आगरा, वाराणसी, मिर्जापुर और भदोही सहित अन्य स्थानों के 200 से अधिक कालीन, फ्लोर कवरिंग के निर्यातक अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे.

इस फेयर में शामिल होंगे स्पेन सहित विश्व के 65 देशों के बायर्स 
वहीं अमेरिका, जर्मनी, ब्रिटेन,ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, रसिया, कनाडा, इटली, स्पेन सहित विश्व के 65 देशों के बायर्स इस फेयर में शामिल होंगे. कालीन निर्यात संवर्धन परिषद के वाइस चेयरमैन असलम महबूब ने बताया कि अभी तक 325 बायर्स के रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं, यह संख्या और भी बढ़ सकती है.

ब्रिक्स (BRICS) देशों पर विशेष फोकस, अलग से बना लाउंज
उन्होंने बताया कि भारत ने ब्रिक्स सम्मेलन की अध्यक्षता की इसलिए इस बार फेयर में हमारा ब्रिक्स देशों पर खास फोकस है. इनके लिए अलग से बायर्स लाउंज भी बनाया जा रहा है, ताकि ब्रिक्स के बायर्स अच्छे अनुभव के साथ यहां से लौटे और हमारे व्यापारिक रिश्ते और मजबूत हों.

ग्लोबल ट्रेंड और इको-फ्रेंडली कालीन
भदोही के कॉरपेट एक्सपो को लेकर कालीन निर्यातक भी बेहद उत्साहित हैं. वैश्विक अनिश्चितताओं को देखते हुए कालीन निर्यातकों का सस्ते उत्पाद बनाने पर काफी फोकस है. इसके साथ ही एनवायरमेंट फ्रेंडली कालीन भी बनाए जा रहे हैं जिसमें जूट, सिल्क आदि का उपयोग किया जा रहा है. कालीन निर्यातको का मानना है कि यूरोप और अमेरिका में मंदी का असर है और इसके साथ ही तेजी से बदल रहे वैश्विक ट्रेंड के कारण कस्टमर का रुझान सस्ते प्रोडक्ट की तरफ अधिक है और इसी तरह की मांग को ध्यान में रखकर उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES