हॉस्टल की 5वीं मंजिल से गिरी छात्रा: सिवान से वाराणसी आई थी पढ़ाई करने, मौत से मचा हड़कंप
वाराणसी में हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही 7वीं की छात्रा पांचवीं मंजिल से नीचे गिर गई. हादसे में छात्रा की मौत के बाद हॉस्टल परिसर में हड़कंप मच गया.
वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के सामने ज्ञानदीप एकेडमी एंड हॉस्टल में बड़ा हादसा हो गया है. हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से गिरकर 12 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई. मृतक की पहचान स्नेहा के रूप में हुई है. वह कक्षा 7 की छात्रा थी. हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की. छात्रा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.
पीआरवी में मिली सूचना
जानकारी के मुताबिक, बिहार के सिवान जिले के गोपालपुर रतनपुर थाना क्षेत्र के बैजरहा निवासी तारकेश्वर मिश्रा की 12 वर्षीय बेटी स्नेहा मिश्रा 7वीं में पढ़ाई करती थी. वाराणसी के लंका में ज्ञानदीप एकेडमी एंड हॉस्टल में रहती थी. पीआरवी को सूचना मिली कि हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से स्नेहा की गिरकर मौत हो गई. सूचना पर मौके पर पुलिस अधिकारी पहुंचे. वहीं, हादसे के बाद हॉस्टल परिसर में हड़कंप मच गया.
ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
पुलिस तत्काल छात्रा को ट्रामा सेंटर लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हॉस्टल में स्नेहा के साथ दो अन्य छात्राएं भी रहती हैं. स्कूल प्रबंधक त्रिभुवन सिंह और हॉस्टल वार्डन प्रीति मिश्रा बताए गए हैं. घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की जानकारी दी.
छात्रा के परिजनों को सूचना दी गई
डीसीपी काशी गौरव बसंवाल ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. हादसे के पीछे की वजह जानने की कोशिश कर रही है. छात्रा के परिजनों को सूचना दे दी गई है, परिजनों के वाराणसी पहुंचने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस जांच का विषय है कि छात्रा पांचवीं मंजिल से किन परिस्थितियों में गिरी और यह हादसा कैसे हुआ?.
वाराणसी में पढ़ाई करने आते हैं बच्चे
स्थानीय लोगों का कहना है कि वाराणसी में बिहार के अलावा दूर दराज से लोग पढ़ाई करने आते हैं. यहां पर लंका क्षेत्र में कई हॉस्टल हैं. कम उम्र के बच्चे घर से दूर रहकर पढ़ाई करने आते हैं. इन्हें हॉस्टल में रहने और पढ़ाई की व्यवस्था दी जाती है. पहले भी बच्चों के गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. हॉस्टल प्रबंधन पर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं.
(वाराणसी से जयपाल की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें : समरीन हत्याकांड के आरोपी ने जेल में दी जान, दो दिन पहले किया था सरेंडर