)
IND vs NZ 1st Test: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन टेस्ट का आगाज होते ही माहौल गर्म नजर आया. मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा प्लेइंग-XI से ड्रॉप हुए तो सवालों की बौछार हो गई. सिर्फ फैंस ही नहीं बल्कि कई दिग्गजों ने भी मैनेजमेंट के फैसलों पर सवाल खड़े कर दिए. इस लिस्ट में सुनील गावस्कर, आर अश्विन और हर्षा भोगले भी शामिल थे, जिन्होंने सिराज को ड्रॉप करना नाइंसाफी बताया. आंकड़े भी सिराज के पक्ष में नजर आते हैं, लेकिन टीम मैनेजमेंट को इस फैसले का कोई फछतावा नहीं है, इसका अंदाजा बैटिंग कोच सितांशु कोटक के बयान से लगाया जा सकता है.
आंकड़े देखें तो मोहम्मद सिराज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 चक्र में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज हैं. उनके आंकड़े जसप्रीत बुमराह से भी अच्छे हैं. सिराज ने महज 11 मुकाबलों की 21 पारियों में ही 43 विकेट झटके हैं. वहीं, वेलिंगटन की पिच पर रफ्तार को देखते हुए भी सिराज फायदेमंद साबित हो सकते थे, लेकिन मैनेजमेंट ने क्या सोचा आइए सीतांशु कोटक के बयान से समझते हैं.
बैटिंग कोच ने पहले दिन स्टंप्स के बाद कहा, "सिराज के साथ कोई भी दिक्कत नहीं, लेकिन टीम चुनते समय हमें लगा कि ये बेस्ट इलेवन है. मुझे ऐसा नहीं लगता कि सिराज को बाहर रखना गलत है. यह सिर्फ पहला दिन है और हम टीम का चयन केवल पहले दिन के लिए नहीं, बल्कि दूसरे, तीसरे और चौथे दिन को ध्यान में रखकर भी करते हैं." कोटक ने जडेजा को भी बाहर रखने पर सफाई दी.
रवींद्र जडेजा को बाहर करके वाशिंगटन सुंदर को मौका दिया गया. कोटक ने कहा, "हमने वॉशिंगटन को प्राथमिकता दी, क्योंकि टॉप ऑर्डर में चार बाएं हाथ के बल्लेबाज थे. इस मैच के लिए ये ही सर्वश्रेष्ठ संभावित बॉलिंग अटैक है. मैदान में धूप खिली थी और मौसम शानदार था. पिच की नमी उम्मीद से जल्दी सूख गई. उनकी बैटिंग को श्रेय देना चाहिए. स्पिनर्स के खिलाफ उन्होंने नो रिस्क गेम खेला. नई बॉल से गेंदबाजों को अधिक मदद मिली."
मुकाबले की बात करें तो टीम इंडिया ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी थी. शुरुआत शानदार थी, क्योंकि टीम इंडिया ने 100 रन के भीतर न्यूजीलैंड की आधी टीम को समेट दिया था. लेकिन गेंद की चमक फिकी पड़ते ही न्यूजीलैंड की टीम हावी हुई. कीवी टीम की तरफ से ग्लेन फिलिप्स पहले दिन 94 रन पर नाबाद लौटे. वहीं, हेनरी निकोल्स 113 रन पर नाबाद गए. अब देखना होगा दूसरे दिन टीम इंडिया कमबैक करने में कामयाब होती है या नहीं. भारतीय गेंदबाजी बुमराह पर निर्भर दिखी, जिन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए.