)
समरीन हत्याकांड: लखनऊ के चर्चित समरीन हत्याकांड के आरोपी अवनीश जायसवाल उर्फ देव ने गुरुवार को जेल में आत्महत्या कर ली.उसका शव जेल के बाथरूम में तौलिया के सहारे बने फंदे से लटका मिला. घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी के बाद जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 14 अक्टूबर को 24 वर्षीय समरीन की लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित होटल सेलेस्टियल मैन्योर की 10वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी. घटना के दिन समरीन अपने बॉयफ्रेंड अवनीश जायसवाल के साथ होटल में ठहरी थी. दोनों ने दोपहर करीब 12 बजे होटल में चेक-इन किया था.
शाम को करीब 6 बजे समरीन 10वीं मंजिल से नीचे गिर गई और उसकी मौत हो गई थी. इस घटना के बाद अवनीश होटल से फरार हो गया था. समरीन के परिवार वालों ने बॉयफ्रेंड अवनीश पर हत्या का आरोप लगाया. इसके बाद पुलिस ने अवनीश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया.
15 अक्टूबर को अवनीश ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. तब से वह लखनऊ की जिला जेल में बंद था. गुरुवार सुबह अवनीश ने जेल की बैरक में तौलिए से फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी. अब गुरुवार को जेल के बाथरूम में उसका शव मिलने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है.
पुलिस अब अवनीश के साथ बैरक में रहने वाले दूसरे कैदियों से पूछताछ कर रही है और आत्महत्या की वजह जानने की कोशिश में जुटी है. मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.