SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जोमैटो की ₹50 हजार वाली नौकरी छोड़ी, अब कमा रहीं ₹2.28 लाख: महिला ने बताया कमाई बढ़ाने का फॉर्मूला; VIDEO वायरल

नौकरी में हर महीने आपको एक तय सैलरी मिलती है, लेकिन कई बार लोगों को लगता है कि उनकी कमाई अब रुक गई है. ऐसे में कुछ लोग अपना काम शुरू करने का फैसला करते हैं. ऐसी ही कहानी वर्षा नाम की एक महिला ने शेयर की है. उनका दावा है कि उन्होंने Zomato की 50 हजार रुपये महीने वाली नौकरी छोड़ने के बाद कमाई के चार अलग-अलग रास्ते बनाए और सितंबर में 2.28 लाख रुपये का रेवेन्यू जनरेट किया.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Oct 10, 2026, 11:51 AM IST | Updated: Oct 10, 2026, 12:12 PM IST
Image Credit: @varshssss | वर्षा ने बताया सोशल मीडिया से पैसे कमाने का तरीका
Join

एक अच्छी कंपनी में नौकरी मिलना कई लोगों का सपना होता है. हर महीने सैलरी खाते में आने से खर्च चलाने और अपने आने वाले समय की प्लानिंग करने में आसानी होती है. लेकिन कुछ लोगों के लिए नौकरी के साथ अपने आइडिया पर काम करना और कमाई को बढ़ा पाना मुश्किल हो जाता है. वर्षा ने भी कुछ ऐसा ही महसूस किया और नौकरी छोड़कर अपने दम पर कमाई के नए रास्ते तलाशने का फैसला किया.

वर्षा ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में बताया कि उन्होंने करीब पांच महीने पहले Zomato की नौकरी छोड़ी थी. उन्होंने कहा कि जब वो वहां काम कर रही थी, तब उन्हें हर महीने 50 हजार रुपये की सैलरी मिलती थी. नौकरी छोड़ने के बाद उन्होंने एक ही काम पर निर्भर रहने के बजाय चार अलग-अलग तरीकों से कमाई शुरू की. इस वीडियो में उन्होंने इसकी डिटेस्ल शेयर की है.

टेक वीडियो बनाकर हुई लाखों रुपये की कमाई

वर्षा ने अपने वीडियो में बताया कि इनकी कमाई का सबसे बड़ा जरिया टेक्नोलॉजी से जुड़े वीडियो बनाना था. उन्होंने इसे टेक यूजीसी यानी यूजर जनरेटेड कंटेंट का नाम दिया. इसमें क्रिएटर किसी ब्रांड या प्रोडक्ट के लिए वीडियो बनाते हैं. कई बार ये वीडियो ऐड के तौर पर इस्तेमाल होते हैं और इनके बदले क्रिएटर को पैसे मिलते हैं. वर्षा ने बताया कि सितंबर में इस काम से उन्हें 1,00,900 रुपये की कमाई हुई. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि जुलाई और अगस्त के मुकाबले इस बार कमाई कम रही. इससे यह समझ आता है कि सोशल मीडिया और ब्रांड के लिए कंटेंट बनाने से अच्छी कमाई हो सकती है, लेकिन हर महीने एक जैसी कमाई होना जरूरी नहीं है.

ब्रांड के साथ काम करके मिले 86 हजार रुपये

वर्षा की कमाई का दूसरा बड़ा जरिया, जो उन्होंने अपने वीडियो में में शेयर किया वह ब्रांड पार्टनरशिप रहा. इसमें कंपनियां अपने प्रोडक्ट या सर्विस को लोगों तक पहुंचाने के लिए क्रिएटर्स के साथ काम करती हैं. इसके बदले उन्हें एक तय रकम दी जाती है. वर्षा के अनुसार, सितंबर में ब्रांड पार्टनरशिप से उन्हें 86 हजार रुपये मिले. हालांकि, इस पूरे पैसे का पेमेंट उन्हें उस समय तक नहीं हुआ था. उन्होंने बताया कि इसमें से 66 हजार रुपये अभी बैंक खाते में आने बाकी थे. यह अंतर समझना जरूरी है, क्योंकि किसी काम से कमाई होना और उस पैसे का खाते में आ जाना दो अलग बातें हैं. फ्रीलांसिंग और ब्रांड के साथ काम करने वालों को कई बार पेमेंट मिलने के लिए इंतजार भी करना पड़ता है.

 

 

दूसरों को सिखाकर भी कर रही हैं कमाई

वर्षा ने कमाई का तीसरा रास्ता अपनी जानकारी दूसरों के साथ शेयर करने में खोजा. उन्होंने बताया कि वह लोगों को वन-टू-वन सेशन के जरिए टेक यूजीसी से कमाई करने का तरीका सिखाती हैं. इन सेशन में वह लोगों को बताती हैं कि टेक्नोलॉजी से जुड़े वीडियो कैसे बनाए जा सकते हैं और ब्रांड के साथ काम करने के मौके कैसे खोजा जा सकते हैं. वर्षा के अनुसार, इस काम से सितंबर में उन्हें करीब 36,242 रुपये मिले. आज सोशल मीडिया पर ऐसे कई क्रिएटर हैं, जो अपने अनुभव के आधार पर दूसरों को गाइड करते हैं. हालांकि, किसी भी तरह की ट्रेनिंग लेने से पहले उसकी फीस, सिखाई जाने वाली चीजों और ट्रेनर के अनुभव की जानकारी लेना जरूरी है. केवल कमाई के बड़े दावों को देखकर किसी को सफलता की गारंटी नहीं मानना चाहिए.

रिमोट सेल्स से अभी कम हो रही कमाई

वर्षा की चौथी इनकम स्ट्रीम रिमोट सेल्स है. इसमें घर से या किसी दूसरी जगह बैठकर फोन, वीडियो कॉल और इंटरनेट के जरिए ग्राहकों से बात की जाती है. कंपनी या क्लाइंट के लिए प्रोडक्ट और सर्विस बेचने के बदले पैसे मिलते हैं. वर्षा ने बताया कि सितंबर में इस काम से उन्हें करीब 5,744 रुपये की कमाई हुई. उन्होंने खुद माना कि फिलहाल इस जरिये से उनकी कमाई बाकी तीन कामों के मुकाबले काफी कम है. फिर भी उन्होंने इसे अपनी इनकम स्ट्रीम में शामिल रखा है.

सितंबर में कुल कमाई 2.28 लाख रुपये

वर्षा ने वीडियो में अपनी चारों इनकम स्ट्रीम से हुई कमाई का हिसाब भी बताया. उनके अनुसार, टेक यूजीसी से 1,00,900 रुपये, ब्रांड पार्टनरशिप से 86,000 रुपये, वन-टू-वन सेशन से करीब 36,242 रुपये और रिमोट सेल्स से 5,744 रुपये मिले. इन सभी को जोड़ने पर सितंबर का कुल रेवेन्यू 2,28,886 रुपये होता है. वीडियो में वर्षा ने कुल कमाई 2,28,892 रुपये बताई है. इसका मतलब उनके बताए गए आंकड़ों में छह रुपये का अंतर है. वर्षा ने यह भी कहा कि जुलाई और अगस्त के मुकाबले सितंबर उनके लिए कम कमाई वाला महीना रहा. इसके बावजूद चार अलग-अलग जरियों से हुई कमाई ने उनकी पुरानी मासिक सैलरी को पीछे छोड़ दिया.

नौकरी छोड़ना हर किसी के लिए सही फैसला नहीं

वर्षा की कहानी उन लोगों का ध्यान खींच रही है, जो नौकरी के साथ-साथ अपना काम शुरू करने या फ्रीलांसिंग में आने के बारे में सोच रहे हैं. उनकी कहानी से यह जरूर पता चलता है कि कमाई के एक से ज्यादा रास्ते बनाए जा सकते हैं. लेकिन यह भी ध्यान रखना चाहिए कि हर व्यक्ति के लिए ऐसे नतीजे हासिल करना आसान नहीं होता. सोशल मीडिया पर कमाई इस बात पर निर्भर करती है कि क्रिएटर का काम कितना अच्छा है, ब्रांड के साथ कितने मौके मिलते हैं और दर्शकों की दिलचस्पी कैसी है. इसके अलावा पेमेंट में देरी, काम में उतार-चढ़ाव और लगातार नए क्लाइंट खोजने जैसी चुनौतियां भी रहती हैं. इसलिए केवल किसी की कमाई देखकर नौकरी छोड़ने का फैसला करना समझदारी नहीं होगी. बेहतर है कि पहले अपने हुनर को मजबूत किया जाए, कुछ समय तक साइड में काम करके कमाई की संभावनाएं समझी जाएं और बचत का इंतजाम रखा जाए.

(Disclaimer: प्रिय पाठक, हमारी यह खबर पढ़ने के लिए शुक्रिया. यह खबर इंटरनेट पर मौजूद डिटेल्स को एकत्रित करके बनाई गई है. Zee News इसके प्रमाणिकता, दावों और सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES