SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

22 की उम्र में गंवाया पैर, अब रियलिटी शो के मेकर्स पर ठोका 100 मिलियन डॉलर का मुकदमा, बोला-'सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं...'

ग्रीस के रियलिटी शो Survivor Greece में हिस्सा लेने गए 22 साल के स्टावरोस फ्लोरोस के लिए शो का अनुभव जिंदगी बदल देने वाला हादसा बन गया. डोमिनिकन रिपब्लिक के समुद्र में मछली पकड़ने के दौरान एक टूरिस्ट नाव ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे में एक पैर बुरी तरह जख्मी हुआ, जबकि दूसरा पैर घुटने के ऊपर से कट गया. अब फ्लोरोस ने शो की प्रोडक्शन कंपनी और ब्रॉडकास्टर पर 100 मिलियन डॉलर का मुकदमा किया है.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Sep 06, 2026, 12:30 PM IST | Updated: Sep 06, 2026, 12:52 PM IST
Image Credit: रियलिटी शो कंटेस्टेंट ने मेकर्स पर ठोका 100 मिलियन डॉलर का मुकदमा!
Join

रियलिटी शो में कंटेस्टेंट्स को मुश्किल हालात में रहकर खुद के लिए खाने का इंतजाम करना पड़ता है. Survivor Greece में भी ऐसा ही एक टास्क था. कंटेस्टेंट्स को खुले समुद्र में जाकर मछली पकड़नी थी. स्टावरोस फ्लोरोस भी इसी चुनौती का हिस्सा थे.

लेकिन उन्हें शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पलों में यह टास्क उनकी पूरी जिंदगी बदल देगा. समुद्र में तैरते वक्त एक टूरिस्ट नाव वहां से गुजरी और फ्लोरोस उसकी चपेट में आ गए. नाव के प्रोपेलर ने उनके दाहिने पैर को बुरी तरह घायल कर दिया, जबकि उनका बायां पैर घुटने के ऊपर से पूरी तरह कट गया.

एक अनजान शख्स ने बचाई जान

Metro.UK की रिपोर्ट के अनुसार, हादसे के बाद हालात बेहद गंभीर थे. फ्लोरोस के शरीर से काफी खून बह रहा था. इसी दौरान नाव पर मौजूद एक अनजान व्यक्ति ने उनकी मदद की. उसने अस्थायी तौर पर टॉर्निकेट लगाकर खून बहना रोकने की कोशिश की. यह मदद उस वक्त बेहद अहम साबित हुई. E! न्यूज द्वारा प्राप्त अदालती दस्तावेज के अनुसार, इस कदम ने फ्लोरोस को अस्पताल पहुंचने तक ज्यादा खून बहने से बचाया. इसके बाद उन्हें तुरंत एयरलिफ्ट करके अमेरिका के मियामी स्थित एक स्पेशलाइज्ड अस्पताल ले जाया गया.

61 दिन तक अस्पताल में चला इलाज

मियामी पहुंचने के बाद फ्लोरोस को कई सर्जरी से गुजरना पड़ा. हादसा इतना गंभीर था कि उन्हें करीब 61 दिनों तक अस्पताल में रहकर इलाज कराना पड़ा. 22 साल की उम्र में उनका जीवन अचानक पूरी तरह बदल गया. जिस युवक ने एक रियलिटी शो में एडवेंचर और नए अनुभव के लिए कदम रखा था, वह गंभीर और स्थायी चोटों के साथ अस्पताल से बाहर आया.

 

 

अब मेकर्स से मांगे 100 मिलियन डॉलर

सीबीसी न्यूज के अनुसार, हादसे के बाद फ्लोरोस ने अब शो की प्रोडक्शन कंपनी AcunMedya और स्थानीय ब्रॉडकास्टर Skai TV के खिलाफ 100 मिलियन डॉलर का मुकदमा दायर किया है. मामला फ्लोरिडा की अदालत में दाखिल किया गया है. फ्लोरोस और उनकी लीगल टीम का आरोप है कि शो के कंटेस्टेंट्स को खुले समुद्र में उतारने से पहले जरूरी सेफ्टी इंतजाम नहीं किए गए थे. उनका कहना है कि प्रोडक्शन टीम को इलाके में नावों की आवाजाही के बारे में जानकारी थी, फिर भी कंटेस्टेंट्स के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई.

आरोप- समुद्र में कोई सुरक्षित जोन तक नहीं था

मुकदमे में फ्लोरोस ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका दावा है कि जिस जगह कंटेस्टेंट्स को तैरने और मछली पकड़ने के लिए भेजा गया था, वहां कोई मार्क किया हुआ या रस्सियों से घिरा सुरक्षित इलाका नहीं था. उन्होंने आरोप लगाया कि वहां न तो पर्याप्त बोट ट्रैफिक कंट्रोल था, न स्पॉटर और न ही ऐसी सेफ्टी बोट मौजूद थी, जो कंटेस्टेंट्स और दूसरी नावों के बीच सुरक्षा घेरा बना सके. इसका मतलब कंटेस्टेंट्स को समुद्र में उतरना था, लेकिन उनके आसपास से गुजरने वाली टूरिस्ट और दूसरी नावों से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे. फ्लोरोस का दावा है कि यही लापरवाही उनके साथ हुए हादसे की बड़ी वजह बनी.

फोन भी कंटेस्टेंट्स के पास नहीं होते थे

फ्लोरोस के मुकदमे में एक और अहम बात कही गई है. उनका दावा है कि शो के फॉर्मेट के तहत कंटेस्टेंट्स के फोन उनके पास नहीं रहते थे. ऐसे में समुद्र में किसी इमरजेंसी की स्थिति आने पर वे खुद फोन करके मदद नहीं बुला सकते थे. फ्लोरोस का कहना है कि जब कंटेस्टेंट्स खुद मदद नहीं मांग सकते थे, तब प्रोडक्शन टीम की जिम्मेदारी और ज्यादा बढ़ जाती थी. उनके मुताबिक, ऐसे हालात में समुद्र में भेजने से पहले अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम जरूरी थे.

'शो में स्वस्थ गया था, एक पैर लेकर लौटा'

हादसे के बाद फ्लोरोस ने खुद को प्रोडक्शन टीम से अकेला महसूस करने की बात कही है. TheWrap को दिए बयान में उन्होंने कहा कि वह शो में एक स्वस्थ युवा के तौर पर गए थे, लेकिन वहां से जिंदगी बदल देने वाली चोटों के साथ लौटे. उनका कहना है कि उन्हें लगा जैसे वह धीरे-धीरे मर रहे थे और प्रोडक्शन कंपनी ने उनकी ठीक से देखभाल नहीं की. फ्लोरोस ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद उन्हें प्रोडक्शन कंपनी से वह सपोर्ट नहीं मिला, जिसकी उन्हें जरूरत थी.

ब्रॉडकास्टर ने पहले प्रोडक्शन कंपनी को बताया था जिम्मेदार

हादसे के समय Skai TV की ओर से कहा गया था कि शो का प्रोडक्शन तुर्की की कंपनी AcunMedya की जिम्मेदारी है. सीबीसी न्यूज के अनुसार, घटना के बाद शो को तुरंत सस्पेंड भी कर दिया गया था. हालांकि, फ्लोरोस इस बात से सहमत नहीं हैं कि उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी सिर्फ किसी एक कंपनी की थी. उनका मुकदमा इसी सवाल को अदालत के सामने रखता है कि कंटेस्टेंट्स को ऐसी जोखिम वाली गतिविधियों में भेजते समय सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी थी और क्या पर्याप्त इंतजाम किए गए थे.

अब अदालत में होगा सुरक्षा का हिसाब

फ्लोरोस का 100 मिलियन डॉलर का मुकदमा सिर्फ मुआवजे की मांग नहीं है. इसके जरिए वह यह सवाल भी उठा रहे हैं कि रियलिटी शो में रोमांच और टीआरपी के लिए कंटेस्टेंट्स की सुरक्षा से समझौता तो नहीं किया गया. हालांकि, अभी ये सभी आरोप मुकदमे में लगाए गए दावे हैं और अदालत ने इन पर अंतिम फैसला नहीं सुनाया है. लेकिन 22 साल की उम्र में हुए इस हादसे ने एक गंभीर सवाल जरूर खड़ा कर दिया है. अगर किसी शो में कंटेस्टेंट्स को असली खतरे वाले माहौल में उतारा जाता है, तो उनके साथ कैमरे के पीछे खड़ी टीम की सुरक्षा जिम्मेदारी आखिर कितनी बड़ी होनी चाहिए?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES