SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

शादी नहीं, तलाक का जश्न: साउथ कोरियन महिला ने धूमधाम से दी शादीशुदा जिंदगी को विदाई; बोली- अब खुद को कभी नहीं भूलूंगी

आमतौर पर शादी टूटने की खबर को दुख और निराशा से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन साउथ कोरिया की 37 साल की चो स्युंग-योन ने इस सोच से अलग रास्ता चुना. उन्होंने अपने तलाक को जिंदगी का अंत नहीं, बल्कि नई शुरुआत माना और दोस्तों-रिश्तेदारों को बुलाकर शानदार पार्टी दी. दुल्हन की तरह सफेद ड्रेस, खास केक और अपनों की मौजूदगी के बीच उन्होंने ऐसा संदेश दिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल है.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 18, 2026, 08:00 IST | Updated: Nov 18, 2026, 08:00 IST
Image Credit: @aprilsycho | साउथ कोरिया की महिला ने धूमधाम से मनाई तलाक की पार्टी!
Join

शादी के बाद जिंदगी में कई तरह के बदलाव आते हैं. कुछ रिश्ते उम्रभर साथ निभाते हैं, तो कुछ वक्त के साथ खत्म हो जाते हैं. ऐसे में तलाक को लेकर समाज का नजरिया भी अक्सर अलग होता है. खासकर महिलाओं को शादी टूटने के बाद समाज से कई तरह के सवालों और टिप्पणियों का सामना करना पड़ता है.

लेकिन साउथ कोरिया की चो स्युंग-योन ने इस सोच को बदलने का फैसला किया. 37 साल की चो ने अपने तलाक को छिपाने या इसे जिंदगी का दुखद पड़ाव मानने के बजाय एक नई शुरुआत के तौर पर मनाया. इसके लिए उन्होंने बाकायदा एक पार्टी रखी, जिसमें उनके करीबी दोस्त और परिवार के लोग शामिल हुए.

सफेद ड्रेस पहनकर काटा खास केक

चो की पार्टी का अंदाज किसी शादी वाले रिसेप्शन से कम नहीं था. उन्होंने दुल्हन की तरह सफेद रंग की ड्रेस पहनी थी. पार्टी की जगह को भी खास तरीके से सजाया गया था. वहां टेबल लगाई गई थीं और मौके के लिए एक खास केक भी तैयार किया गया था. दोस्तों और परिवार के लोग उनके साथ इस खास पल का हिस्सा बने. चो ने सबके सामने केक काटा और अपने करीबियों के साथ खुशी के पल बिताए. आमतौर पर शादी के समय होने वाली ऐसी रस्मों को इस बार उन्होंने अपनी जिंदगी के एक पुराने रिश्ते से बाहर निकलने के मौके पर दोहराया.

 

 

भावुक होकर बोलीं- अब खुद को नहीं खोऊंगी

पार्टी के दौरान चो का एक भाषण सबसे ज्यादा चर्चा में रहा. अपने दोस्तों और परिवार के सामने बोलते हुए वह भावुक हो गईं. उनकी बातों में बीते रिश्ते का दर्द भी था और आगे की जिंदगी को लेकर एक नया भरोसा भी. उन्होंने कहा कि अब वह सिर्फ प्यार पाने के लिए खुद को छोटा नहीं करेंगी. जिंदगी में चाहे कुछ भी हो जाए, वह दोबारा खुद को कभी नहीं छोड़ेंगी. उनका यह संदेश वहां मौजूद लोगों के लिए भी काफी भावुक पल बन गया. चो की बातों का मतलब साफ था. किसी रिश्ते को बचाने के लिए अपनी पहचान और खुशी को पूरी तरह भुला देना जरूरी नहीं है. अगर कोई रिश्ता खत्म हो जाता है तो इसका मतलब यह नहीं कि जिंदगी भी वहीं रुक गई.

तलाक की पार्टी पर सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंटा

चो की इस पार्टी की चर्चा सोशल मीडिया पर पहुंची तो लोगों की प्रतिक्रियाएं भी आने लगीं. कुछ लोगों ने उनके फैसले पर सवाल उठाए. उनका कहना था कि शादी का रिश्ता खत्म होना पर्सनल मामला है और इसे सार्वजनिक रूप से सेलिब्रेट करने की जरूरत नहीं है. वहीं, बड़ी संख्या में लोग चो के समर्थन में भी नजर आए. उन्होंने कहा कि शादी की तरह तलाक भी जिंदगी का एक फैसला है. अगर कोई व्यक्ति एक मुश्किल रिश्ते से बाहर निकलकर नई शुरुआत करना चाहता है तो उसे खुशी जाहिर करने का पूरा हक है. एक यूजर ने कमेंट में लिखा कि आजादी मुबारक हो और जिंदगी की नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं. दूसरे यूजर ने इस आइडिया को शानदार बताया. वहीं, एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि तलाक भी शादी की तरह जिंदगी का हिस्सा है. इसे सामान्य रूप से स्वीकार करना तलाक को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि तलाक के बाद भी एक अच्छी जिंदगी जीने की बात करना है.

 

 

आखिर क्यों खास है साउथ कोरिया में यह पार्टी?

चो का यह कदम इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि साउथ कोरिया में तलाक को लेकर आज भी सामाजिक दबाव देखने को मिलता है. वहां शादी टूटने को खासकर महिलाओं के लिए कई बार शर्मिंदगी या असफलता की तरह देखा जाता है. हालांकि, समय के साथ लोगों की सोच बदल रही है, लेकिन तलाक के बाद खुलकर जश्न मनाना अभी भी आम बात नहीं है. BBC से बातचीत में चो ने बताया कि उनकी पार्टी का मकसद तलाकशुदा महिलाओं को लेकर बनी नकारात्मक सोच को चुनौती देना था. वह चाहती थीं कि उनकी पहचान सिर्फ किसी की पत्नी होने तक सीमित न रहे. शादी खत्म होने के बाद भी उनकी अपनी जिंदगी, सपने और पहचान हैं.

नई शुरुआत का संदेश दे गई चो की कहानी

चो की कहानी सिर्फ एक तलाक पार्टी की नहीं है. यह उस सोच के बारे में भी है, जिसमें किसी रिश्ते के खत्म होने के बाद इंसान को अपनी जिंदगी फिर से शुरू करने का हक दिया जाता है. हर रिश्ता हमेशा नहीं चलता और हर शादी का अंत एक जैसा नहीं होता. किसी के लिए तलाक तक पहुंचना बेहद मुश्किल अनुभव हो सकता है, तो किसी के लिए यह लंबे समय से चल रही परेशानी से बाहर निकलने का रास्ता भी बन सकता है. चो ने अपनी पार्टी के जरिए यही बताने की कोशिश की कि जिंदगी की पहचान सिर्फ शादी से नहीं होती. रिश्ते खत्म हो सकते हैं, लेकिन इंसान के सपने और उसकी पहचान खत्म नहीं होते. शायद यही वजह है कि उनकी कहानी सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है.

यह भी पढ़ें:- शहरों की नौकरी छोड़ चुनी गांव की राह: केरल का युवक अरुणाचल के सीमावर्ती गांव में संवार रहा बच्चों का भविष्य; प्रकृति को बनाया क्लासरूम

यह भी पढ़ें:- 10 साल की शादी टूटी, तो सूअर को बना लिया हमसफर: तलाक के बाद महिला ने शुरू की नई जिंदगी; बोली- 'यही मेरा सपना था'

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES