SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मुंबई लोकल में बैठी, एक्सप्रेस ट्रेन में भी किया सफर: भारतीयों की मेहमाननवाजी देख हैरान हुई रूसी महिला; बोली- अनजान लोगों ने भी रखा ख्याल

भारत घूमने आई रूसी महिला एलिना अदामोवा ने मुंबई लोकल से लेकर देश की सबसे लंबी दूरी तय करने वाली विवेक एक्सप्रेस तक का सफर किया. मुंबई लोकल में 20 रुपये का टिकट देखकर वह हैरान रह गईं, वहीं विवेक एक्सप्रेस में अनजान यात्रियों का अपनापन देखकर उनका दिल खुश हो गया. उन्होंने बताया कि ट्रेन में आसपास बैठे लोग इस बात का ध्यान रख रहे थे कि उनके पास कोई अनजान व्यक्ति न बैठे.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 25, 2026, 08:10 IST | Updated: Nov 25, 2026, 08:15 IST
Image Credit: @thelinaadamova | एक्सप्रेस ट्रेन में भारतीयों का अपनापन देख भावुक हुईं रूस की एलिना अदामोवा!
Join

भारत में ट्रेन का सफर सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने का जरिया नहीं है. खासकर लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करते हुए कई बार ऐसे लोग मिल जाते हैं, जिनसे पहले कभी मुलाकात नहीं हुई होती, लेकिन कुछ ही देर में वे अपने जैसे लगने लगते हैं. शायद यही वजह है कि भारत आने वाले विदेशी मेहमान यहां के लोगों के व्यवहार और अपनेपन का जिक्र किए बिना नहीं रह पाते.

रूस की एलिना अदामोवा के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. उन्होंने भारत में घूमने के दौरान मुंबई की लोकल ट्रेन में सफर किया और फिर विवेक एक्सप्रेस का अनुभव भी शेयर किया. उनके वीडियो में भारतीय रेलवे की भीड़भाड़ के साथ-साथ लोगों का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला.

20 रुपये का टिकट देख चौंक गईं

एलिना ने मुंबई लोकल में सफर से जुड़ा एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया. इसमें वह एक लड़की से टिकट का किराया पूछती नजर आती हैं. जब उन्हें पता चलता है कि टिकट सिर्फ 20 रुपये का है तो वह हैरानी से कहती हैं कि 20 रुपये तो कुछ भी नहीं हैं. यह तो बहुत अच्छा है. एलिना ने बताया कि वह अब तक 13 बार मुंबई लोकल में सफर कर चुकी हैं. उन्होंने इस ट्रेन को लेकर बनी डरावनी धारणाओं के बावजूद इसमें सफर करने का फैसला किया. एक वीडियो में वह स्टेशन के फुटओवर ब्रिज पर खड़ी होकर कहती हैं कि उन्होंने सुना था कि मुंबई लोकल में लोग हादसों का शिकार होते हैं, लेकिन अब वह खुद इसमें बैठने जा रही हैं.

 

 

सेकंड क्लास में किया सफर

रूसी महिला ने मुंबई लोकल के सेकंड क्लास कोच में यात्रा की. उनके लिए यह सिर्फ ट्रेन में बैठने का अनुभव नहीं था, बल्कि शहर की रोजमर्रा की जिंदगी को करीब से देखने का मौका भी था. एक दूसरे वीडियो में एलिना अपनी दोस्त के साथ रेलवे ट्रैक के पास दिखाई देती हैं. वहां कुछ महिलाएं पटरियों के किनारे कपड़े सुखाती नजर आती हैं. यह देखकर वह हैरान रह जाती हैं. कुछ आगे उन्हें रेलवे लाइन के पास खाना बनाते मजदूर भी दिखाई देते हैं. वह उनसे बातचीत करती हैं और आसपास के माहौल को अपने कैमरे में कैद करती हैं.

विवेक एक्सप्रेस में मिला अलग अनुभव

मुंबई लोकल के बाद एलिना ने विवेक एक्सप्रेस में सफर किया. यह ट्रेन असम के डिब्रूगढ़ से तमिलनाडु के कन्याकुमारी तक चलती है. करीब 4,100 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करने वाली यह भारत की सबसे लंबी दूरी की ट्रेन सेवा है. सफर पूरा करने में इसे 75 घंटे से अधिक का समय लगता है और रास्ते में यह आठ राज्यों से होकर गुजरती है. एलिना ने इस यात्रा का वीडियो भी इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया. लेकिन इस बार उनके वीडियो में ट्रेन की लंबाई या सफर की दूरी से ज्यादा चर्चा उन लोगों की थी, जो उनके आसपास बैठे थे.

 

 

अनजान यात्रियों ने रखा खास ख्याल

एलिना ने वीडियो में बताया कि उनके पास बैठे कुछ यात्री आसपास के लोगों के टिकट चेक कर रहे थे. वे यह सुनिश्चित करना चाहते थे कि उनकी सीट के पास बैठने वाले लोगों का टिकट कन्फर्म हो. एलिना के अनुसार, वे नहीं चाहते थे कि उनके बगल में कोई अनजान या अजीब व्यक्ति आकर बैठे. यात्रियों का यह व्यवहार देखकर एलिना काफी प्रभावित हुईं. उनके लिए यह बात खास थी कि जिन लोगों को वह जानती तक नहीं थीं, वे भी उनकी सुविधा और सुरक्षा का ध्यान रख रहे थे. उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि एक अनजान इंसान के लिए इतनी इज्जत और इतनी परवाह मिलना उनके लिए बहुत खास है. यही असली मेहमाननवाजी है.

सोशल मीडिया पर लोगों को पसंद आया अंदाज

एलिना के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी इस अनुभव पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कई लोगों को उनका मुंबई लोकल में सफर करना पसंद आया तो कुछ ने विवेक एक्सप्रेस में यात्रियों के व्यवहार की तारीफ की. एलिना अदामोवा 'ब्रिक्स कल्चर मीडिया फोरम' में इंटरनेशनल रिलेशंस की डायरेक्टर हैं. वह BRICS एकेडमी ऑफ कल्चर्स एंड लैंग्वेज की फाउंडर भी हैं. उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर भारत यात्रा से जुड़ी कई तस्वीरें और वीडियो मौजूद हैं.

 

 

सफर से ज्यादा याद रह गया लोगों का अपनापन

एलिना का अनुभव बताता है कि किसी देश की पहचान सिर्फ उसकी मशहूर जगहों, इमारतों या खानपान से नहीं बनती. वहां के आम लोगों का व्यवहार भी किसी विदेशी मेहमान के मन में लंबे समय तक जगह बना सकता है. मुंबई लोकल की भीड़ और विवेक एक्सप्रेस का लंबा सफर उनके लिए यादगार रहा, लेकिन सबसे ज्यादा असर उन अनजान यात्रियों के व्यवहार ने छोड़ा, जिन्होंने बिना किसी पहचान के उनका ख्याल रखा. शायद यही वजह है कि एलिना को भारत का यह सफर सिर्फ घूमने-फिरने की यात्रा नहीं, बल्कि लोगों से मिले अपनेपन की याद बनकर रह गया.

यह भी पढ़ें:- भारत छोड़ते समय रो पड़ा अमेरिकी कपल: 5 हफ्ते की यात्रा के बाद VIDEO में बयां किया अपना दर्द; कही दिल छू लेने वाली बात

यह भी पढ़ें:- 'डांस फ्लोर बना अखाड़ा': ब्वॉयफ्रेंड को दूसरी लड़की के साथ थिरकते देख भड़की गर्लफ्रेंड; स्टेज पर ही शुरू हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES