SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'रोटी तौलने गई थीं, खुद ही ट्रोल हो गईं': पाकिस्तान में महिला अधिकारी ने 90 ग्राम को बताया 90 रुपये; वायरल VIDEO पर बने मजेदार मीम्स

पाकिस्तान के लाहौर में रोटी की कीमत और वजन जांचने पहुंची एक महिला अधिकारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. दरअसल, दुकान पर रोटी को तराजू पर रखने के बाद अधिकारी ने उसका वजन 90 ग्राम बताने के बजाय 90 रुपये कह दिया. बस फिर क्या था, यह छोटी सी जुबान फिसलने वाली बात इंटरनेट पर मीम्स का मुद्दा बन गई.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 29, 2026, 10:22 IST | Updated: Nov 29, 2026, 10:38 IST
Image Credit: @PERAPunjab | पाकिस्तान में महिला अधिकारी ने रोटी का वजन बताने के बजाय बता दी उसकी कीमत!
Join

पाकिस्तान में महंगाई और खाने-पीने की चीजों की कीमतें सोशल मीडिया पर अक्सर चर्चा का विषय बन जाती हैं. खासकर आटा-रोटी जैसी रोजमर्रा की चीज के दाम आम लोगों की जेब पर सीधा असर डालते हैं. इसी वजह से वहां सरकार की तरफ से दुकानों और तंदूरों पर रोटी की कीमत और वजन की जांच की जाती है.

ऐसी ही एक जांच के लिए पंजाब एनफोर्समेंट एंड रेगुलेटरी अथॉरिटी (PERA) की टीम लाहौर के निश्तर तहसील इलाके में एक तंदूर पर पहुंची थी. टीम का मकसद यह देखना था कि दुकानदार तय सरकारी रेट के हिसाब से रोटी बेच रहा है या नहीं. साथ ही यह भी जांचना था कि ग्राहकों को तय वजन की रोटी मिल रही है या नहीं.

दुकानदार से पूछे रोटी के दाम

अथॉरिटी के सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए गए वीडियो में एक महिला अधिकारी दुकान के अंदर जाती दिखाई देती हैं. वहां वह दुकानदार से उसका नाम, दुकान और तंदूर के बारे में पूछती हैं. दुकानदार की पहचान मुहम्मद रियाज के रूप में बताई गई है. अधिकारी उससे पूछती हैं कि वह एक रोटी कितने रुपये में बेचता है. दुकानदार जवाब देता है कि रोटी की कीमत 18 से 20 रुपये है. इस पर अधिकारी उसे बताती हैं कि सरकार की तरफ से तय रेट 14 रुपये है. हालांकि, दुकानों को कुछ छूट दी गई है और वे 17 रुपये तक में रोटी बेच सकते हैं. लेकिन इसके लिए एक शर्त भी है. हर रोटी का वजन कम से कम 100 ग्राम होना चाहिए. अधिकारी दुकानदार को यह भी समझाती हैं कि दुकान पर सरकारी रेट लिस्ट लगाना जरूरी है, जिससे ग्राहकों को कीमत की सही जानकारी मिल सके.

 

 

 

दुकानदार ने बताई अपनी परेशानी

जांच के दौरान दुकानदार भी अपनी बात रखता है. उसका कहना है कि आटे और ईंधन की कीमतें बढ़ने से तय सरकारी रेट पर रोटी बेचना आसान नहीं है. लकड़ी समेत दूसरी चीजों का खर्च भी लगातार बढ़ रहा है. वह यह भी बताता है कि उसे सरकार की ओर से मिलने वाला आटा आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाता. इस पर महिला अधिकारी उसे आटा मिलों और सरकार से मान्यता प्राप्त दुकानों से संपर्क करने की सलाह देती हैं. अधिकारी का कहना था कि दुकानदार को नियमों का पालन करना होगा. रेट लिस्ट लगाना और रोटी का वजन तय मानक के मुताबिक रखना उसकी जिम्मेदारी है.

तराजू पर रोटी रखते ही हुई गलती

वीडियो में सबसे दिलचस्प पल तब आता है, जब महिला अधिकारी एक रोटी उठाकर उसे वजन करने के लिए तराजू पर रखती हैं. वह रोटी का वजन देखती हैं और इसी दौरान उनके मुंह से निकलता है, '90 रुपये.' जबकि वह रोटी का वजन बताना चाह रही थीं. उनका मतलब था कि रोटी का वजन 90 ग्राम है, जो तय 100 ग्राम से कम है. लेकिन रुपये और ग्राम के इस अंतर ने पूरे मामले को सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना दिया. दुकानदार भी इस जांच पर सवाल उठाता दिखाई देता है. उसका कहना है कि ठंडी होने के बाद रोटी का वजन कम हो सकता है. वह जांच के तरीके को लेकर भी अपनी चिंता जाहिर करता है.

 

 

जुबान फिसली और इंटरनेट पर बन गए मीम्स

जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचा, लोगों ने अधिकारी के '90 रुपये' वाले बयान को पकड़ लिया. इसके बाद कमेंट्स में मजाक का सिलसिला शुरू हो गया. कई यूजर्स ने लिखा कि अधिकारी रोटी का वजन बता रही थीं या उसकी कीमत? एक यूजर ने मजाक में लिखा, '90 रुपये वजन.' वहीं दूसरे ने लिखा, 'ग्राम की जगह रुपये बोल दिए.' इन कमेंट्स के साथ लोगों ने हंसने वाले इमोजी भी शेयर किए. हालांकि, सभी लोग इस वीडियो को सिर्फ मजाक के तौर पर नहीं देख रहे थे. कुछ यूजर्स ने जांच के तरीके पर भी सवाल उठाए. एक यूजर ने लिखा कि गरीब दुकानदारों को परेशान करने के बजाय अधिकारी को खुद भी देखना चाहिए कि घर पर खरीदी जाने वाली रोटी का वजन कितना होता है.

दुकानदार को भेजा गया जुर्माने का मैसेज

वीडियो में आगे महिला अधिकारी दुकानदार को बताती हैं कि उसके दिए गए मोबाइल नंबर पर कार्रवाई से जुड़ा मैसेज भेजा जाएगा. उन्हें यह भी कहते सुना जा सकता है कि जुर्माने की रकम जैजकैश या ईजीपैसा के जरिए जमा करानी होगी. अधिकारी के अनुसार, रोटी की कीमत को लेकर दुकानदार पर 20 पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया गया था. हालांकि, उस समय वजन कम होने के मामले में कोई अलग जुर्माना नहीं लगाया गया था.

क्या है पाकिस्तान की PERA अथॉरिटी?

जिस संस्था की अधिकारी इस जांच के लिए पहुंची थीं, उसका पूरा नाम पंजाब एनफोर्समेंट एंड रेगुलेटरी अथॉरिटी है. इसे पंजाब सरकार ने पंजाब एनफोर्समेंट एंड रेगुलेशन एक्ट, 2024 के तहत बनाया गया है. इसका काम राज्य में सरकारी नियमों का पालन कराना और जरूरी सामान की कीमतों व मानकों पर नजर रखना है. खाने-पीने की चीजों की कीमत और उनकी तय मात्रा की जांच भी इसी काम का हिस्सा है.

एक गलती ने पूरी जांच को बना दिया चर्चा का विषय

लाहौर में हुई यह जांच रोटी की कीमत और वजन से जुड़ी थी, लेकिन सोशल मीडिया पर लोगों की नजर अधिकारी के एक छोटे से बयान पर टिक गई. 90 ग्राम की जगह 90 रुपये कहने वाली बात ने वीडियो को मीम्स का हिस्सा बना दिया. हालांकि, इस पूरे मामले में एक दूसरा पहलू भी है. दुकानदार बढ़ती लागत की बात कर रहा है, जबकि अधिकारी सरकारी नियमों का पालन कराने पर जोर दे रही हैं. ऐसे में सवाल सिर्फ एक रोटी के वजन का नहीं, बल्कि आम लोगों को सही कीमत पर खाना मिलने और छोटे दुकानदारों की मुश्किलों के बीच संतुलन बनाने का भी है.

यह भी पढ़ें:- पाकिस्तान में कितनी महंगी है खेती? हिंदू किसान ने खेत से खोल दी पोल; खाद और गेहूं के बीज की कीमत सुनकर चौंक जाएंगे

यह भी पढ़ें:- 60CC की बाइक, उल्टे होकर निशाना लगाते जवान: पाकिस्तानी रेंजर्स का ट्रेनिंग वीडियो देख लोटपोट हुए लोग; बोले- ये फौज है या डाकुओं का गैंग?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES