SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

स्पेस मिशन से पहले चीन के रंग में रंगा पाकिस्तान: पहले एस्ट्रोनॉट ने उड़ान से पहले चीनी भाषा में गाया गाना; पाक दूतावास ने शेयर किया VIDEO

पाकिस्तान के पहले एस्ट्रोनॉट मुहम्मद जीशान अली इन दिनों चीन के स्पेस मिशन को लेकर चर्चा में हैं. लेकिन उनकी अंतरिक्ष यात्रा से पहले एक ऐसा वीडियो सामने आया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें जीशान अपने साथियों के साथ चीनी भाषा में दोस्ती का गाना गाते नजर आ रहे हैं. पाकिस्तान के दूतावास ने यह वीडियो शेयर किया है, जिसमें ट्रेनिंग से लेकर सांस्कृतिक मेलजोल दिखाने की कोशिश की गई है.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 26, 2026, 08:07 IST | Updated: Nov 26, 2026, 08:18 IST
Image Credit: x- @PakinChina_ | पाकिस्तान के पहले एस्ट्रोनॉट जीशान अली ने स्पेस मिशन पर जाने से पहले गाया गाना!
Join

अंतरिक्ष की दुनिया में कदम रखने से पहले पाकिस्तान के एस्ट्रोनॉट मुहम्मद जीशान अली का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला. पाकिस्तान के दूतावास ने चीन में फिल्माया गया करीब चार मिनट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है. इसमें जीशान अपने पाकिस्तानी साथियों खुर्रम और हसनैन के साथ नजर आ रहे हैं.

वीडियो में एक खास सीन है, जिसमें जीशान और खुर्रम फूलों से भरे बगीचे में एक बेंच पर बैठे हैं. उनके आसपास स्पेस से जुड़े सामान की आकृतियां भी दिखाई देती हैं. इसी दौरान दोनों चीनी भाषा में एक गाना गाते नजर आते हैं. इस गाने का अंग्रेजी अनुवाद दोस्ती और उन भावनाओं से जुड़ा है, जो अलग-अलग भाषा बोलने वाले लोगों को भी एक-दूसरे से जोड़ती हैं.

ट्रेनिंग से लेकर अंतरिक्ष तक की झलक

यह वायरल वीडियो सिर्फ गाने तक सीमित नहीं है. इसमें चीन के एस्ट्रोनॉट सेंटर में हुई ट्रेनिंग, कल्चर और दोनों देशों के बीच मेलजोल दिखाने की कोशिश की गई है. वीडियो के जरिए दिखाया गया है कि अंतरिक्ष मिशन की तैयारी के दौरान एस्ट्रोनॉट किस तरह ट्रेनिंग लेते हैं और एक-दूसरे के साथ समय बिताते हैं. वीडियो का कुछ हिस्सा चीन के एस्ट्रोनॉट सेंटर में बनाया गया है. वीडियो में त्योहारों और सांस्कृतिक एक्टिविटी की झलक भी देखने को मिलती है. इस तरह इसे जीशान की अंतरिक्ष यात्रा से पहले की यादों और अनुभवों के तौर पर पेश करने की कोशिश की गई है.

चीनी रॉकेट से अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचे जीशान

जीशान अली ने बीते बुधवार को चीन के शेनझोउ अंतरिक्ष यान से अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरी थी. इस मिशन में उनके साथ चीन के दो एस्ट्रोनॉट तांग होंगबो और वू यी भी मौजूद थे. भारतीय समय के अनुसार, सुबह 5 बजकर 48 मिनट पर लॉन्ग मार्च-2F रॉकेट ने गोबी रेगिस्तान में स्थित जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से उड़ान भरी. कुछ समय बाद शेनझोउ अंतरिक्ष यान अपनी तय कक्षा में पहुंच गया. चीनी अधिकारियों ने इस लॉन्च को पूरी तरह सफल बताया. इस मिशन के साथ जीशान चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन जाने वाले पहले विदेशी एस्ट्रोनॉट बन गए हैं. चीन ने पहली बार अपने मानवयुक्त स्पेस प्रोग्राम में किसी दूसरे देश के नागरिक को शामिल किया है.

 

 

200 उम्मीदवारों में से चुने गए जीशान

जीशान का इस मुकाम तक पहुंचना आसान नहीं था. रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के एस्ट्रोनॉट प्रोग्राम के लिए शुरुआत में करीब 200 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था. कई चरणों की चयन प्रक्रिया के बाद केवल दो नाम फाइनल राउंड तक पहुंचे. इनमें जीशान अली और खुर्रम दाऊद शामिल थे. दोनों पाकिस्तानी सेना से जुड़े थे. इसके बाद दोनों ने साल 2025 में चीन में एस्ट्रोनॉट ट्रेनिंग शुरू की. इस दौरान उन्हें स्पेसक्राफ्ट चलाने और उसके सिस्टम को समझने से लेकर इमरजेंसी की स्थिति से निपटने तक की ट्रेनिंग दी गई.

आखिरी दिन मिला स्पेस जाने का मौका

एस्ट्रोनॉट बनने के लिए सिर्फ टेक्नोलॉजी की जानकारी काफी नहीं होती. इसके लिए शारीरिक और मानसिक रूप से भी मजबूत होना पड़ता है. जीशान और खुर्रम की ट्रेनिंग में इमरजेंसी प्रक्रियाएं, मुश्किल हालात में खुद को सुरक्षित रखना, वैज्ञानिक प्रयोगों के नियम और फिटनेस से जुड़े कई कठिन अभ्यास शामिल थे. इतनी लंबी तैयारी के बाद भी अंतरिक्ष जाने वाले एस्ट्रोनॉट का नाम आखिरी समय तक तय नहीं हुआ था. रिपोर्ट के अनुसार, जीशान को मिशन पर जाने की अंतिम मंजूरी लॉन्च से सिर्फ एक दिन पहले मिली.

पाकिस्तान और चीन की दोस्ती को भी मिला मंच

जीशान की अंतरिक्ष यात्रा को पाकिस्तान और चीन के रिश्तों के लिहाज से भी खास माना जा रहा है. चीन ने पहली बार अपने स्पेस स्टेशन के मानवयुक्त मिशन में किसी विदेशी नागरिक को जगह दी है. ऐसे में यह सिर्फ एक एस्ट्रोनॉट की उपलब्धि नहीं, बल्कि दोनों देशों के अंतरिक्ष सहयोग का भी बड़ा कदम है. इसी को देखते हुए पाकिस्तान के एस्ट्रोनॉट ने चीनी भाषा में दोस्ती का गाना भी गाया, जिससे लोगों को संदेश दिया जा सके कि चीन और पाकिस्तान की दोस्ती कितनी अच्छी है. चीनी भाषा में गाना गाने की वजह से जीशान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

यह भी पढ़ें:- न कोई दोस्त, न परिवार... फिर भी विदेशी लड़की का बर्थडे बना यादगार: केक और गिफ्ट लेकर पहुंचे दिल्ली वाले; VIDEO वायरल

यह भी पढ़ें:- कैंसर को हराकर बजाई जीत की घंटी: 3 साल की बच्ची के स्वागत में तालियों से गूंज उठा अस्पताल; VIDEO देख भर आएंगी आंखें

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES