SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

75 की उम्र में खामोश हुई 'क्रांतिवीर' की आवाज: नाना पाटेकर के निधन पर छलका फैंस का दर्द; सोशल मीडिया पर वायरल हुए फिल्मों के डायलॉग्स

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर ने फैंस को गहरा झटका दिया है. 75 साल की उम्र में अपने गोवा के घर पर कार्डियक अरेस्ट के बाद उनका निधन हो गया. अब सोशल मीडिया पर उनकी दमदार फिल्मों के किरदारों और डायलॉग्स के वीडियो शेयर कर उन्हें याद किया जा रहा है. लोग 'वेलकम' के उदय शेट्टी वाले अंदाज और 'क्रांतिवीर' में उनके किरदार के साथ अपने चहेते कलाकार को याद कर रहे हैं.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Oct 08, 2026, 10:53 AM IST | Updated: Oct 08, 2026, 11:13 AM IST
Image Credit: X| @AfricanShiva | नाना पाटेकर के वायरल डायलॉग!
Join

नाना पाटेकर के निधन की खबर गुरुवार सुबह सामने आई तो फिल्म इंडस्ट्री के साथ उनके चाहने वालों के बीच शोक की लहर दौड़ गई. रिपोर्टों के मुताबिक, वह गोवा के डोना पाउला स्थित अपने घर पर बेहोश पाए गए थे. इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की.

मणिपाल अस्पताल के डॉक्टर शेखर सालकर के मुताबिक, मेडिकल टीम ने करीब 45 मिनट तक लगातार सीपीआर देकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें होश में नहीं लाया जा सका. करीब 5:20 बजे उन्हें मृत घोषित किया गया. मामले में मेडिको-लीगल केस दर्ज किया गया है और पोस्टमॉर्टम भी कराया जाना है.

गंभीर किरदारों से बनाई अलग पहचान

नाना पाटेकर उन कलाकारों में रहे, जिनकी स्क्रीन पर मौजूदगी के लिए किसी बड़े सेट या लंबे डायलॉग की जरूरत नहीं पड़ती थी. उनका चेहरा, आवाज और बोलने का अंदाज ही काफी था. उन्होंने अपने लंबे करियर में कई बेहद गंभीर, भावुक और गुस्से से भरे किरदारों को इतनी मजबूती से निभाया कि उनके डायलॉग लोगों की जुबान पर चढ़ गए. 'परिंदा', 'क्रांतिवीर' और 'अब तक छप्पन' जैसी फिल्मों में उनके काम को आज भी याद किया जाता है. नाना ने हिंदी के साथ मराठी सिनेमा में भी अपनी अलग पहचान बनाई. करीब पांच दशक लंबे करियर में उन्होंने अभिनेता के अलावा निर्देशक और लेखक के तौर पर भी काम किया.

 

 

फिर याद आया नाना का दूसरा अंदाज

लेकिन नाना पाटेकर को याद करते हुए सोशल मीडिया पर सिर्फ उनके गंभीर किरदारों की चर्चा नहीं हो रही. फैंस उनके उस अंदाज को भी याद कर रहे हैं, जिसने उन्हें नई पीढ़ी के बीच अलग तरह से लोकप्रिय बना दिया था. यह किरदार था 'वेलकम' के उदय शेट्टी का. फिल्म में वह एक ऐसे डॉन के किरदार में नजर आए थे, जो दिखने में खतरनाक था, लेकिन उसकी हरकतें और बातचीत कई बार इतनी मजेदार हो जाती थीं कि दर्शक हंसी रोक नहीं पाते थे.

 

 

'कंट्रोल उदय, कंट्रोल' फिर हुआ वायरल

'वेलकम' के उदय शेट्टी के कई सीन और डायलॉग आज भी सोशल मीडिया पर मीम्स के तौर पर इस्तेमाल होते हैं. गुस्सा, झुंझलाहट, गलतफहमी या किसी छोटी सी परेशानी को मजेदार अंदाज में दिखाना हो, लोगों को उदय शेट्टी का कोई न कोई सीन याद आ जाता है. नाना के निधन के बाद भी ऐसे वीडियो और मीम्स सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किए जा रहे हैं. 'कंट्रोल उदय, कंट्रोल' जैसे डायलॉग वाले क्लिप्स के साथ लोग उन्हें याद कर रहे हैं और अपनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं. सोशल मीडिया यूजर्स के लिए यह किसी कलाकार का मजाक उड़ाना नहीं, बल्कि उस किरदार को याद करने का अपना तरीका है, जिसने उन्हें सालों तक हंसाया.

 

 

एक ही कलाकार के दो बिल्कुल अलग चेहरे

नाना पाटेकर की खासियत शायद यही थी कि वह एक ही दौर में दर्शकों को डराने, सोचने और हंसाने वाले किरदार दे सकते थे. एक तरफ 'क्रांतिवीर' जैसे किरदारों में उनकी आवाज गुस्से और जोश से भर जाती थी, वहीं 'वेलकम' में वही कलाकार अपनी टाइमिंग से लोगों को हंसाते नजर आए. यही वजह है कि उनके निधन के बाद सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि के तरीके भी अलग-अलग दिखाई दे रहे हैं. कोई उनकी पुरानी फिल्मों की क्लिप शेयर कर रहा है, कोई उनका दमदार डायलॉग याद कर रहा है और कोई उदय शेट्टी के मजेदार सीन के जरिए उन्हें याद कर रहा है.

 

 

फैंस बोले- नाना को ऐसे ही याद रखेंगे

सोशल मीडिया पर नाना के निधन के बाद कई तरह की पोस्ट सामने आ रही हैं. कुछ लोग उनकी गंभीर भूमिकाओं के वीडियो शेयर कर रहे हैं, जबकि कुछ ने 'वेलकम' के सीन दोबारा पोस्ट किए हैं. इन पोस्ट में एक बात कॉमन है कि लोग नाना पाटेकर को सिर्फ एक अभिनेता के तौर पर नहीं, बल्कि अपनी यादों के हिस्से के रूप में देख रहे हैं. किसी के लिए वह 'क्रांतिवीर' के दमदार किरदार हैं तो किसी के लिए 'वेलकम' के उदय शेट्टी, जिनका गुस्सा भी लोगों को हंसा देता था.

 

 

चार दिन पहले ही नजर आए थे नाना

नाना पाटेकर के निधन को इसलिए भी लोग अचानक मान रहे हैं क्योंकि वह निधन से कुछ दिन पहले ही सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आए थे. मीडिया रिपोर्टों की मानें, तो गोवा में एक कार्यक्रम के दौरान वह लोगों के सामने आए थे. उनका यह लास्ट सार्वजनिक कार्यक्रम बताया जा रहा है. ऐसे में कुछ ही दिनों बाद उनके निधन की खबर ने फैंस को और ज्यादा भावुक कर दिया. सोशल मीडिया पर उनके उस आखिरी सार्वजनिक वीडियो को भी लोग शेयर कर रहे हैं.

 

 

फिल्मों से आगे भी था नाना का रिश्ता

नाना पाटेकर की पहचान सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं रही. उन्होंने अपने करियर में सामाजिक कामों से भी जुड़ाव रखा. वह अपनी बेबाक राय और सीधे अंदाज के लिए भी जाने जाते थे. अभिनय में उनका तरीका हमेशा अलग रहा और वह किरदार को सिर्फ निभाने के बजाय उसे अपनी आवाज और व्यक्तित्व से अलग पहचान दे देते थे. उनकी फिल्मों और किरदारों की लंबी सूची में गंभीर भूमिकाओं से लेकर कॉमेडी तक कई रंग दिखाई देते हैं. यही वजह है कि अलग-अलग उम्र के दर्शकों के पास उन्हें याद करने के अपने-अपने कारण हैं.

 

 

मीम्स के बीच छिपी है एक बड़ी याद

किसी कलाकार के निधन के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स दिखना पहली नजर में अजीब लग सकता है. लेकिन नाना पाटेकर के मामले में 'वेलकम' का उदय शेट्टी वाला अंदाज उनके किरदार की लोकप्रियता को दिखाता है. लोग जिस किरदार के साथ सालों से अपनी रोजमर्रा की बातें जोड़ते आए हैं, उसी के जरिए अब कलाकार को याद कर रहे हैं. नाना की फिल्मों ने लोगों को गंभीर मुद्दों पर सोचने के साथ हंसने के मौके भी दिए. शायद इसलिए उनकी विदाई में भी सोशल मीडिया पर आंसुओं के साथ मुस्कान वाली यादें नजर आ रही हैं.

 

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES