)
ट्रेन में सफर करते समय यात्रियों से अक्सर उम्मीद की जाती है कि वे ऐसी कोई हरकत न करें, जिससे दूसरे लोगों को परेशानी हो या उनकी सुरक्षा खतरे में पड़े. लेकिन सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने इसी सवाल को चर्चा में ला दिया है.
वीडियो में एक शख्स चलती ट्रेन के अंदर बाकायदा पूजा की तैयारी करके बैठा दिखाई देता है. उसके सामने एक छोटी सी मेज रखी है, जिस पर पूजा का सामान सजा हुआ है. शख्स कभी शंख बजाता है तो कभी पूजा की दूसरी चीजों को संभालता नजर आता है.
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 'गॉड ऑफ वॉर' नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. इसमें शख्स बिना शर्ट के धोती पहने दिखाई देता है. उसके शरीर और माथे पर विभूति (चंदन) भी लगी हुई है. उसके सामने रखी मेज पर एक देवी-देवता की तस्वीर है, जिसे फूलों और गेंदे की माला से सजाया गया है. इसके अलावा पूजा की थाली, कटोरियां और शंख भी रखे हुए हैं. शख्स इसी मेज के सामने बैठकर पूजा करता है और शंख बजाता है. वीडियो में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली चीज जलता हुआ दीया है. उसकी लौ साफ दिखाई देती है. खास बात यह है कि यह सब उस समय हो रहा है, जब ट्रेन अपनी रफ्तार से आगे बढ़ रही है. खिड़की के बाहर गुजरता हुआ नजारा भी देखा जा सकता है.
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पूजा करने के तरीके से ज्यादा ट्रेन के अंदर जलते दीये को लेकर चिंता जताई. दरअसल, चलती ट्रेन में खुली आग रखना किसी भी समय खतरा पैदा कर सकता है. ट्रेन में बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं. ऐसे में दीये की लौ से कोई सामान आग पकड़ ले या अचानक ट्रेन के झटके से दीया गिर जाए तो स्थिति गंभीर हो सकती है. यही वजह है कि कई लोग इस काम को यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से गलत बता रहे हैं.
ఓ పని చేయండి స్వామి. నిన్న జ్వాలాతోరణం అంట. సో మొత్తం వత్తుల దండ తెచ్చి ట్రైన్ కి అతికించి తోరణం అంటూ పెట్టండి 🙏 హారతులు, శంఖారావంలు ఇంట్లో, గుళ్ళలో, లేక ప్రార్థనకు కేటాయించిన స్థలాల్లో మంచిది కానీ, ఇలా ట్రైన్లు, ఫ్లైట్లలో చేస్తే మనతో ఉన్న అందరికి ప్రమాదం https://t.co/3Stl94fYmj
— శిఖివాహన 🦚 #GodofWar 🦚 (@SNsharma95) November 26, 2026
वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे सेवा की भी इस पर नजर पड़ी. रेलवे सेवा ने एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए वीडियो शेयर करने वाले अकाउंट से घटना से जुड़ी जानकारी मांगी. रेलवे की तरफ से कहा गया कि जरूरी जानकारी मिलने पर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जा सकेगी. हालांकि, अभी तक मिली जानकारी में यह साफ नहीं है कि घटना किस ट्रेन और किस रूट की है. रेलवे की ओर से जांच के नतीजे या किसी कार्रवाई की पुष्टि भी सामने नहीं आई है.

सोशल मीडिया पर लोगों की नाराजगी सिर्फ जलते दीये तक सीमित नहीं रही. कई यूजर्स ने यह भी पूछा कि ट्रेन में मौजूद रेलवे स्टाफ ने इस पर ध्यान क्यों नहीं दिया. कुछ लोगों ने टिकट चेक करने वाले टीटीई और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की भूमिका पर सवाल उठाए. उनका कहना था कि ट्रेन के अंदर ऐसी एक्टिविटी चल रही थी तो ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों को इसे रोकना चाहिए था. एक यूजर ने तंज करते हुए लिखा कि क्या यात्रियों को शिकायत दर्ज कराने के लिए ट्रेन में आग लगने का इंतजार करना पड़ेगा? वहीं कुछ लोगों ने ड्यूटी पर मौजूद टीटीई,आरपीएफ कर्मियों और कोच अटेंडेंट के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की.
इस वीडियो ने एक बार फिर पब्लिक प्लेस पर धार्मिक गतिविधियों और सुरक्षा नियमों को लेकर बहस शुरू कर दी है. किसी भी व्यक्ति को अपनी आस्था के अनुसार पूजा-पाठ करने की आजादी है, लेकिन उसका तरीका ऐसा होना चाहिए, जिससे आसपास के लोगों की सुरक्षा पर कोई खतरा न आए. ट्रेन कोई घर या मंदिर नहीं है, जहां जलता हुआ दीया आसानी से रखा जा सके. यहां हर समय ट्रेन की आवाजाही, झटके और यात्रियों की भीड़ रहती है. ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी परेशानी खड़ी कर सकती है. सिर्फ पूजा ही नहीं, पब्लिक प्लेस पर कोई भी धार्मिक काम वहां मौजूद लोगों को ध्यान में रखकर करना चाहिए.
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर रेलवे सेवा ने जानकारी मांगी है. घटना किस ट्रेन में हुई और उस समय ड्यूटी पर कौन-कौन कर्मचारी मौजूद थे, इसकी पूरी जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी. लेकिन इस वीडियो ने एक अहम सवाल जरूर खड़ा कर दिया है. ट्रेन में पूजा करना किसी की पर्सनल आस्था का मामला हो सकता है, लेकिन जलती हुई लौ के साथ ऐसा करना बाकी यात्रियों की सुरक्षा को भी प्रभावित कर सकता है. इसलिए लोगों की मांग है कि रेलवे इस मामले को गंभीरता से देखे और जरूरी कदम उठाए.
(Disclaimer: प्रिय पाठक, हमारी यह खबर पढ़ने के लिए शुक्रिया. यह खबर इंटरनेट पर मौजूद डिटेल्स को एकत्रित करके बनाई गई है. Zee News इसके प्रमाणिकता, दावों और सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.)