SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

टॉयलेट से निकला अजगर: 9 साल के बच्चे की AI तस्वीर ने उड़ाई दमकल और पुलिस की नींद, 48 घंटे तक मची रही अफरा-तफरी; फिर खुला राज

इटली के एक छोटे से कस्बे में टॉयलेट से अजगर निकलने की खबर ने लोगों को डरा दिया. मामला इतना गंभीर लगा कि दमकलकर्मी और वन विभाग की टीम करीब 48 घंटे तक सांप की तलाश में जुटी रही. लेकिन जब जांच आगे बढ़ी तो जो सच्चाई सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया. दरअसल, वहां कोई अजगर था ही नहीं. यह पूरी कहानी 9 साल के एक बच्चे की AI से बनाई गई तस्वीर से शुरू हुई थी.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 23, 2026, 14:16 IST | Updated: Nov 23, 2026, 14:23 IST
Image Credit: प्रतिकात्मक AI इमेज | 9 साल के बच्चे की AI तस्वीर ने उड़ाई पुलिस और दमकल टीम की नींद!
Join

कभी-कभी बच्चों की छोटी सी शरारत भी बड़ा हंगामा खड़ा कर देती है. इटली में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां 9 साल के बच्चे ने AI ऐप की मदद से ऐसी तस्वीर बना दी कि बड़े-बड़े लोग भी उसे सच मान बैठे. तस्वीर में बाथरूम के टॉयलेट से एक विशाल अजगर बाहर निकलता दिखाई दे रहा था.

तस्वीर इतनी असली लग रही थी कि उसे देखने वाले लोगों को लगा कि सचमुच घर के बाथरूम में कोई खतरनाक सांप घुस आया है. इसके बाद बिना देर किए दमकल विभाग को इसकी सूचना दे दी गई. देखते ही देखते एक बच्चे का बनाया हुआ फोटो पूरे इलाके के लिए चिंता की वजह बन गया.

48 घंटे तक होती रही अजगर की तलाश

इटली की लोकल न्यूज वेबसाइट Il Messaggero के अनुसार, यह मामला 12 नवंबर का बताया जा रहा है. इटली के कास्टेलफिदार्दो कस्बे में बच्चे ने अपने घर के लोगों को यह तस्वीर दिखाई थी. उसे देखने के बाद बड़ों ने ओसिमो के दमकल विभाग को फोन कर दिया. सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने घर के बाथरूम से लेकर आसपास की जगहों तक तलाशी ली, लेकिन कहीं भी अजगर का कोई निशान नहीं मिला. काफी देर तक तलाश करने के बाद भी जब सांप नहीं मिला तो टीम को शक हुआ कि कहीं वह खिड़की से बाहर तो नहीं निकल गया. मामले को गंभीर मानते हुए अगले दिन फिर से जांच शुरू की गई. इस बार वन विभाग की CITES यूनिट के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे. यह टीम खास तौर पर विदेशी और दुर्लभ जीवों से जुड़े मामलों को देखती है.

बच्चे के मोबाइल ने खोल दिया पूरा राज

वन विभाग की टीम जब मौके पर जांच कर रही थी, तब उसने बच्चे के फोन में मौजूद तस्वीर को भी देखा. यहीं से पूरे मामले की दिशा बदल गई. अधिकारियों ने फोटो को ध्यान से देखा तो पता चला कि यह किसी कैमरे से खींची गई असली तस्वीर नहीं थी. इसमें AI की मदद से अजगर को टॉयलेट से बाहर निकलते हुए दिखाया गया था. इसके बाद जब बच्चे से पूछताछ की गई तो उसने पूरी बात बता दी. उसने माना कि तस्वीर उसी ने बनाई थी और उसमें दिख रहा अजगर पूरी तरह नकली था. मतलब जिस सांप को ढूंढने के लिए दमकलकर्मी और वन विभाग की टीम परेशान हो रही थी, उसका असल दुनिया में कोई वजूद ही नहीं था.

दोस्त के घर खेलते हुए बनाया था फोटो

इतालवी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बच्चा अपने एक दोस्त के अपार्टमेंट में गया था. दोनों बच्चे वहां खेल रहे थे और तस्वीरें भी ले रहे थे. इसी दौरान वह बाथरूम में गया और उसने एक फोटो को AI ऐप की मदद से एडिट कर दिया. उसने तस्वीर में टॉयलेट से बाहर निकलते हुए एक अजगर को जोड़ दिया. AI टूल ने फोटो को इस तरह बदल दिया कि पहली नजर में वह बिल्कुल असली दिखाई देने लगी. बच्चे ने बाद में यही तस्वीर बड़ों को दिखा दी. उसे शायद अंदाजा भी नहीं था कि उसकी बनाई हुई एक तस्वीर को लोग इतनी गंभीरता से ले लेंगे और पूरा मामला दमकल विभाग तक पहुंच जाएगा.

अपनी शरारत पर बच्चे ने मांगी माफी

जब बच्चे को पता चला कि उसकी वजह से अधिकारी करीब दो दिनों तक अजगर की तलाश करते रहे, तो उसने अपनी गलती स्वीकार कर ली. उसने इस शरारत के लिए माफी भी मांगी. रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे की उम्र कम होने की वजह से अधिकारियों ने उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करने का फैसला किया. हालांकि, इस घटना ने वहां के लोगों को जरूर हैरान कर दिया. जिस तस्वीर को देखकर सभी डर गए थे, वह महज एक डिजिटल एडिट निकली.

AI की तस्वीरों पर आंख बंद करके भरोसा करना पड़ सकता है भारी

इस घटना ने एक बार फिर AI से बनने वाली तस्वीरों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. आज AI टूल इतने एडवांस हो गए हैं कि उनकी मदद से ऐसी तस्वीरें तैयार की जा सकती हैं, जिन्हें देखकर असली और नकली में फर्क करना मुश्किल हो जाता है. पहले जहां फोटो देखकर लोग किसी घटना पर भरोसा कर लेते थे, वहीं अब सिर्फ तस्वीर के आधार पर किसी खबर को सच मानना सही नहीं है. खासकर जब तस्वीर में कोई खतरनाक जानवर, हादसा या ऐसी घटना दिखाई दे रही हो, जिससे लोगों में डर फैल सकता है.

एक शरारत ने दे दी बड़ी सीख

इटली के इस मामले में भले ही किसी को नुकसान नहीं पहुंचा, लेकिन दमकलकर्मियों और वन विभाग के कर्मचारियों का काफी समय एक ऐसी चीज की तलाश में खर्च हो गया, जो असल में मौजूद ही नहीं थी. यह घटना बताती है कि AI से बनी तस्वीरें सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं. अगर बिना जांचे-परखे उन्हें सच मान लिया जाए या आगे शेयर कर दिया जाए तो बेवजह डर और अफरा-तफरी फैल सकती है. इसलिए अगली बार सोशल मीडिया पर कोई हैरान करने वाली तस्वीर दिखे तो उसे सच मानने से पहले उसकी जांच जरूर करनी चाहिए.

यह भी पढ़ें:- उम्र सिर्फ एक नंबर है: 91 साल में बनवाया पहला पासपोर्ट, 96 की उम्र तक नाप डाले दुनिया के सातों महाद्वीप; दादी-पोते की कहानी वायरल

यह भी पढ़ें:- 'यह कोई मजाक नहीं, अपराध है...' डोर किक चैलेंज पर पुलिस की सख्त वार्निंग; घरों के दरवाजों पर लात मारकर भाग रहे बच्चे

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES