SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ना बैंक्वेट हॉल, ना खुला मैदान… ट्रक के अंदर ही सजा दिया चलता-फिरता शादी का मंडप, VIDEO हो रहा वायरल

गुरुग्राम की सड़कों पर एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया कि आखिर यहां क्या-क्या हो सकता है. एक चलते ट्रक के अंदर पूरा शादी का मंडप सजा दिखाई दिया. फूलों की सजावट, गुलाबी पर्दे, दूल्हा-दुल्हन और उनके सामने बैठे पंडित जी. यह सब देखकर वीडियो बनाने वाला शख्स भी हैरान रह गया. अब सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Oct 13, 2026, 07:54 AM IST | Updated: Oct 13, 2026, 08:06 AM IST
Image Credit: X- @IndianTechGuide | चलते ट्रक में दिखा शादी का मंडप!
Join

शादी में मंडप सजाना हो, तो लोग घर, बैंक्वेट हॉल या किसी बड़े होटल का इंतजाम करते हैं. लेकिन गुरुग्राम में वायरल हुए एक वीडियो में नजारा कुछ अलग ही दिखाई दिया. यहां सड़क पर चल रहे एक ट्रक के अंदर पूरा शादी का सेटअप नजर आता है. ट्रक का एक हिस्सा खुला हुआ है, जिससे अंदर बैठे लोगों और मंडप की सजावट साफ दिखाई देती है.

ट्रक के अंदर दूल्हा-दुल्हन के बैठने के लिए जगह बनाई गई है. आसपास परिवार के लोग बैठे हैं और सामने पंडित जी भी नजर आते हैं. मतलब, पहली नजर में यह किसी शादी समारोह के मंच जैसा लगता है. फर्क सिर्फ इतना है कि पूरा इंतजाम एक ट्रक के अंदर है और ट्रक सड़क पर चल रहा है.

फूल, गुलाबी पर्दे और सुनहरी सजावट

इस ट्रक को इस तरह सजाया गया है कि बाहर से देखने पर भी यह किसी खास मौके की गाड़ी लगे. इसके बाहरी हिस्से पर क्रीम और सुनहरे रंग के डिजाइन दिखाई देते हैं. अंदर गुलाबी पर्दे और फूलों की सजावट की गई है. मंडप में बैठने का इंतजाम भी पारंपरिक शादी के मंच जैसा रखा गया है. वीडियो में नजर आ रहा यह सेटअप इसलिए भी लोगों का ध्यान खींच रहा है, क्योंकि आमतौर पर शादी के मंडप को एक जगह पर सजाया जाता है. यहां पूरा इंतजाम गाड़ी के अंदर है. ट्रक के खुले हिस्से से सड़क पर चल रहे लोग भी इस अनोखे नजारे को देख सकते हैं.

 

 

वीडियो बनाने वाला भी रह गया हैरान

यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया गया है. वीडियो बनाने वाला शख्स इस नजारे को देखकर कहता है कि इसी वजह से वह कहता है कि गुरुग्राम हर किसी के बस की बात नहीं है. वह ट्रक के अंदर शादी का पूरा इंतजाम देखकर हैरानी जताता है. उसकी बातों से साफ पता चलता है कि सड़क पर ऐसा नजारा देखकर वह खुद भी चौंक गया. वीडियो में पंडित जी, दूल्हा-दुल्हन और परिवार के लोगों को एक ही जगह बैठे देखा जा सकता है. ट्रक के बाहर रेमंड का नाम भी नजर आता है. ऐसे में लग रहा है कि यह पूरा सेटअप किसी ब्रांड के ऐड के लिए बनाया गया है. हालांकि, वायरल पोस्ट में यह साफ नहीं बताया गया कि इस पूरे आयोजन का असल मकसद क्या था और ट्रक के अंदर शादी का यह इंतजाम किस खास मौके के लिए किया गया.

रेमंड के नाम से जुड़ा दिखा ट्रक

वीडियो में ट्रक पर रेमंड का नाम दिखाई देने के बाद लोगों की दिलचस्पी और बढ़ गई. सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले शख्स ने लोगों से अंदाजा लगाने को कहा कि कंपनी ने इस तरह के प्रचार पर कितना पैसा खर्च किया होगा. इसके बाद कमेंट में लोगों ने अपने-अपने हिसाब से अनुमान लगाने शुरू कर दिए. कुछ लोगों को यह आइडिया दिलचस्प लगा, तो कुछ ने खर्च और इस पूरे सेटअप की जरूरत पर सवाल उठाए. हालांकि, कंपनी ने इस काम पर कितने रुपये खर्च किए, इसकी जानकारी पोस्ट में नहीं दी गई है.

किसी ने कैमरे वाले की सैलरी बढ़ाने को कहा

वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी काफी दिलचस्प हैं. एक यूजर ने वीडियो रिकॉर्ड करने वाले शख्स की तारीफ करते हुए लिखा कि इस काम के लिए कैमरा चलाने वाले को ज्यादा पैसे मिलने चाहिए. मतलब लोगों को सिर्फ ट्रक के अंदर का मंडप ही नहीं, उसे रिकॉर्ड करने का तरीका भी पसंद आया. एक दूसरे यूजर ने कमेंट किया कि यह इंतजाम देखने में सस्ता लग रहा है. वहीं, एक अन्य व्यक्ति ने इसे अच्छा आइडिया बताते हुए लिखा कि इससे अलग से जगह या मंच तैयार करने का खर्च बच सकता है. कुछ लोगों ने मजाक में यह भी कहा कि हो सकता है, इस काम के बदले पैसे की जगह सिर्फ तारीफ और लंच का कूपन मिला हो.

प्रचार का तरीका या सच में हो रही थी शादी?

इस वीडियो को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ट्रक के अंदर असल में शादी की रस्में हो रही थीं या यह किसी प्रचार का हिस्सा था. वीडियो में शादी जैसा पूरा माहौल जरूर नजर आता है, लेकिन पोस्ट में इसकी पूरी जानकारी नहीं दी गई है. ट्रक पर ब्रांड का नाम होने की वजह से लोग इसे प्रचार से जोड़कर देख रहे हैं. मगर केवल वीडियो के आधार पर यह पक्का नहीं कहा जा सकता कि इसके पीछे कंपनी की क्या योजना थी या इस सेटअप को तैयार करने में कितना खर्च आया.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES