'पत्नी को लग रहा है मेरा अफेयर चल रहा, पर मैं होटल में गेम खेल रहा': GTA 6 की रिलीज के बाद इंटरनेट पर मचा तहलका; मीम्स देखकर नहीं रुकेगी हंसी
दुनिया के सबसे चर्चित वीडियो गेम्स में शामिल GTA 6 की रिलीज को लेकर गेमर्स का उत्साह अब सोशल मीडिया पर भी दिखाई देने लगा है. 13 साल से इस गेम का इंतजार कर रहे फैंस मीम्स, मजेदार पोस्ट और अनोखे अंदाज में अपनी खुशी दिखा रहे हैं. किसी ने बिना डिस्टर्ब हुए गेम खेलने के लिए पूरे हफ्ते होटल का कमरा बुक कर लिया, तो कोई इंटरनेट से गायब होने की तैयारी कर रहा है.
किसी गेम की रिलीज पर लोग इतने उत्साहित हो सकते हैं कि उसके लिए अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का पूरा प्लान बदल दें, यह GTA 6 के फैंस को देखकर समझा जा सकता है. रॉकस्टार गेम्स की इस चर्चित फ्रेंचाइजी के नए पार्ट का इंतजार लंबे समय से हो रहा था. अब रिलीज का दिन आया तो सोशल मीडिया पर खुशी के साथ मजेदार पोस्ट की भी बाढ़ आ गई.
GTA 6 को लेकर एक्स (X), रेडिट और इंस्टाग्राम पर तरह-तरह के मीम्स शेयर किए जा रहे हैं. कोई गेम खेलने के लिए परिवार से दूर रहने का इंतजाम कर रहा है, तो कोई मजाक में इसे इंटरनेट पर अपना आखिरी दिन बता रहा है. इस पूरे माहौल में गेमर्स की क्रिएटिविटी भी देखने लायक है. कुछ पोस्ट इतने मजेदार हैं कि गेम न खेलने वाले लोग भी उन्हें देखकर हंस रहे हैं.
गेम खेलने के लिए पूरे हफ्ते होटल में रहेगा शख्स
सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा एक रेडिट यूजर की पोस्ट की हो रही है. उसने GTA 6 को बिना किसी रुकावट के खेलने के लिए पूरे एक हफ्ते के लिए होटल का कमरा किराये पर ले लिया. उसने अपनी एक फोटो भी शेयर की, जिसमें वह टीवी के पास खड़ा दिखाई दे रहा है और स्क्रीन पर गेम नजर आ रहा है. पोस्ट के साथ उसने लिखा, "मैंने पूरे हफ्ते के लिए होटल का कमरा बुक किया है, जिससे कोई मुझे परेशान न कर सके." उसने मजाकिया अंदाज में यह भी लिखा कि उसकी पत्नी को लग रहा है कि वह पागल हो गया है या फिर उसका किसी के साथ अफेयर चल रहा है. लेकिन मैं होटल में गेम खेल रहा हूं. इस पोस्ट पर गेमर्स ने खूब मजे लिए. कई लोगों को लगा कि GTA 6 के लिए यह दीवानगी अब एक अलग ही स्तर पर पहुंच चुकी है.
I've rented a hotel room for the week so nobdoy can bother me
by u/Impossible_Bus_2319 in GTA6unmoderated
न्यूजीलैंड के लोगों को मिलेगा पहले खेलने का मौका
GTA 6 की रिलीज को लेकर न्यूजीलैंड का टूरिज्म अकाउंट भी सोशल मीडिया पर एक्टिव नजर आया. दरअसल, टाइम जोन की वजह से न्यूजीलैंड में कुछ दूसरे देशों के मुकाबले गेम पहले उपलब्ध हो सकता है. इसी बात को लेकर टूरिज्म न्यूजीलैंड ने इंस्टाग्राम पर मजेदार पोस्ट शेयर की. इसमें लिखा गया कि सबसे पहले सूरज देखने का एक फायदा यह भी है कि GTA 6 भी सबसे पहले खेलने को मिलता है. अकाउंट ने आगे उन लोगों का भी जिक्र किया, जो गेम जल्दी खेलने के लिए न्यूजीलैंड वाला ट्रिक अपनाने की कोशिश कर रहे हैं. पोस्ट में मजाकिया अंदाज में कहा गया कि वे ऐसा क्यों कर रहे हैं, यह समझ में आता है और न्यूजीलैंड में उनका स्वागत है.
'GTA 6 के लिए इंटरनेट पर आज आखिरी दिन'
एक्स पर भी गेम की रिलीज को लेकर खूब पोस्ट किए जा रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि GTA 6 खेलने के लिए लॉग ऑफ होने से पहले इंटरनेट पर आज मेरा आखिरी दिन है. इस पोस्ट के जरिए उसने उन गेमर्स की भावना जाहिर की, जो रिलीज के बाद सोशल मीडिया और बाकी ऑनलाइन एक्टिविटी से दूरी बनाकर सिर्फ गेम पर ध्यान देना चाहते हैं. एक दूसरे यूजर ने लिखा कि आखिरकार हम GTA 6 तक पहुंच ही गए. इसके साथ उसने आतिशबाजी का वीडियो भी शेयर किया. पोस्ट देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि कुछ फैंस के लिए यह किसी त्योहार से कम नहीं है.
खत्म हुआ 'Before GTA 6' वाला मीम
GTA 6 की रिलीज के साथ इंटरनेट पर सालों से चल रहा एक मजाक भी खत्म होता दिखाई दे रहा है. दरअसल, सोशल मीडिया पर लोग लंबे समय से किसी भी बड़ी या अजीब घटना को देखकर लिखते थे कि ये भी GTA 6 से पहले हो गया. अब गेम की रिलीज के साथ इस मीम पर भी लोगों ने मजेदार पोस्ट शेयर की हैं. एक यूजर ने लिखा कि 'Before GTA 6' वाला मीम अब आधिकारिक तौर पर खत्म हो गया है. इसके अलावा कुछ मीम्स में गेम के अंदर पहली बार किसी पैदल चलने वाले किरदार को गाड़ी से टक्कर मारने जैसे पुराने GTA अंदाज का मजाक उड़ाया गया. वहीं, एक मीम में स्क्विडवर्ड को खिड़की से बाहर देखते हुए दिखाया गया. इसके साथ लिखा था कि PC गेमर्स दूसरों को GTA 6 खेलते हुए देख रहे हैं.
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने भी ली चुटकी
इस गेम को लेकर उत्साह सिर्फ आम गेमर्स तक सीमित नहीं है. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने भी इस चर्चा में हिस्सा लिया. अकाउंट ने एक GIF शेयर करते हुए लिखा कि वह GTA 6 के अगले दिन बनने वाले सभी रिकॉर्ड्स को देख रहा है. इस पोस्ट को भी गेम के बड़े लॉन्च और उससे जुड़ी उम्मीदों को देखते हुए बताया जा रहा है. फैंस को उम्मीद है कि नया गेम कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ सकता है.
13 साल बाद आया GTA का नया पार्ट
GTA 6 को आज 19 नवंबर 2026 को प्लेस्टेशन 5 और एक्सबॉक्स सीरीज X|S के लिए रिलीज किया जाना तय है. इसका पिछला पार्ट GTA 5 सितंबर 2013 में आया था. यानी दोनों गेम्स के बीच करीब 13 साल से ज्यादा का अंतर रहा. रॉकस्टार गेम्स की इस फ्रेंचाइजी को ओपन-वर्ल्ड गेमप्ले, दिलचस्प कहानियों और बड़ी वर्चुअल दुनिया के लिए जाना जाता है. यही वजह है कि इसके नए पार्ट को लेकर दुनिया भर के गेमर्स में लंबे समय से उत्सुकता बनी हुई थी.
गेम से ज्यादा चर्चा फैंस की दीवानगी की
GTA 6 की रिलीज ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि किसी गेम की लोकप्रियता सिर्फ उसके ग्राफिक्स या गेमप्ले से नहीं मापी जाती. उससे जुड़ा इंतजार, फैंस की यादें और सोशल मीडिया पर बनने वाली बातें भी उसे खास बना देती हैं. फिलहाल होटल बुक करने से लेकर इंटरनेट से विदाई लेने तक, गेमर्स के अनोखे अंदाज चर्चा में हैं. अब देखना होगा कि रिलीज के बाद GTA 6 गेमिंग की दुनिया में कितने नए रिकॉर्ड बनाता है.
यह भी पढ़ें:- 17 नवंबर को दुनिया में छा जाएगा अंधेरा? 'द सिम्पसंस' की वायरल भविष्यवाणी से मची हलचल, जानिए क्या है सच
यह भी पढ़ें:- न कोई दोस्त, न परिवार... फिर भी विदेशी लड़की का बर्थडे बना यादगार: केक और गिफ्ट लेकर पहुंचे दिल्ली वाले; VIDEO वायरल