)
अलवर जिले के सदर थाना क्षेत्र के कजाकपुर गांव में बीती रात बकरे चोरी कर भाग रहे तीन कथित आरोपियों का ग्रामीणों ने पीछा किया. आरोपियों पर पीछा कर रहे ग्रामीणों को रोकने के लिए फायरिंग और चाकू से हमला करने का आरोप है. इस घटनाक्रम में एक ग्रामीण के हाथ में चोट आई. ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा फरार हो गया.
ग्रामीणों के अनुसार, तीनों आरोपी कजाकपुर गांव से तीन बकरे चोरी कर एक गाड़ी में सवार होकर नौगांवा की तरफ जा रहे थे. इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया.
कृषि अनुसंधान केंद्र के पास की फायरिंग
पीछा करते हुए ग्रामीण कृषि अनुसंधान केंद्र के पास पहुंचे. यहां उन्होंने अपनी गाड़ी आगे लगाकर आरोपियों को रोकने की कोशिश की. इसी दौरान आरोपियों की ओर से फायरिंग किए जाने का आरोप है. गोली ग्रामीणों की गाड़ी के टायर में लगी. इससे वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट के पोल से टकरा गया.
चाकू से हमले में ग्रामीण घायल, दो आरोपी पकड़े
गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद आरोपियों ने ग्रामीणों पर चाकू से हमला कर दिया. इस दौरान एक ग्रामीण के हाथ में चोट आई. हालांकि, ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया. बाद में उन्हें सदर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. वहीं, तीसरा आरोपी भागने में सफल रहा.
बरामदा गांव में मिली क्षतिग्रस्त लावारिस गाड़ी
घटना के बाद सुबह बरामदा गांव में एक गाड़ी लावारिस हालत में मिली. वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त था. उसके अंदर अलग-अलग नंबरों की प्लेटें भी रखी हुई थीं. इससे आशंका जताई जा रही है कि नंबर प्लेट बदलकर वारदातों को अंजाम दिया जाता रहा हो. हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है.
पुलिस ने गाड़ी जब्त की, आरोपों की पुष्टि बाकी
नौगांवा थाना अधिकारी ने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इनकार किया. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में एक लावारिस गाड़ी मिली थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है. फायरिंग, चाकूबाजी और बकरा चोरी के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.