सिंगल्स के लिए अनोखा ऑफर: फ्री में घूमिए दुनिया का सबसे खुशहाल देश, ब्लाइंड डेटिंग का भी है मौका
दुनिया का सबसे खुशहाल देश 16 सिंगल्स को फ्री में बुला रहा है. टिकट, खाना, रुकना सब फ्री और साथ में एक लोकल पार्टनर के साथ ब्लाइंड डेट भी. आइए जानते हैं पूरा मामला...
अगर आप सिंगल हैं और घूमते-फिरते किसी से दिल लगाना चाहते हैं, तो आपके लिए एक बढ़िया मौका है. ये मौका वही देश लेकर आया है, जो दुनिया का सबसे खुशहाल देश माना जाता है. ये देश है फिनलैंड, जो सिंगल्स को बिल्कुल फ्री में ब्लाइंड डेटिंग ट्रिप पर ले जा रहा है. यानी आने-जाने से लेकर रहने-खाने तक का पूरा खर्चा वही उठाएगा.
फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस ट्रिप का नाम 'फिनिश डिनर डेट' (Finnish Dinner Date) है, जिसे फिनलैंड के टूरिज्म बोर्ड 'विजिट फिनलैंड' ने शुरू किया है. इसका मकसद सीधा है, फिनलैंड का बढ़िया खाना चखिए और साथ ही अपने लिए कोई एक रोमांटिक पार्टनर ढूंढ लीजिए. टूरिज्म बोर्ड का मानना है कि बाकी यूरोपियन और दुनिया भर के मशहूर खानों के मुकाबले यहां के खाने को अभी भी लोगों ने उतना नोटिस नहीं किया है, जितना उसे पहचान मिलनी चाहिए थी.
क्या है पूरा कार्यक्रम?
यह ट्रिप 9 से 19 फरवरी 2027 तक चलेगी. इसमें लोगों को फिनलैंड की राजधानी हेलसिंकी और लेकलैंड के खूबसूरत शहर ताम्परे घुमाया जाएगा. पूरी दुनिया से सिर्फ 16 सिंगल्स को ही इस फ्री ट्रिप पर जाने का मौका मिलेगा. जो लोग चुने जाएंगे, उनके लिए वहां के लोकल फिनिश सिंगल्स के साथ ग्रुप डिनर डेट्स रखी जाएंगी.
खाने में क्या खास होगा?
इस ट्रिप के दौरान नामी शेफ का बनाया पारंपरिक लोकल फूड मिलेगा. जैसे ताजी जंगली मछलियां, जंगलों से तोड़े गए मशरूम और बेरीज, ताकि लोगों को फिनलैंड के असली स्वाद और संस्कृति का पता चले.
यह आइडिया कहां से आया?
इस ट्रिप का आइडिया फिनलैंड के एक फेमस डेटिंग ट्रेंड 'सिंकुकोरी' से निकला है. इस ट्रेंड के तहत वहां के कुछ सुपरमार्केट्स में गुलाबी रंग की टोकरियां (बास्केट) रखी होती हैं, जो भी खरीदारी करते वक्त यह गुलाबी टोकरी उठाता है, उसका सीधा मतलब होता है कि वह सिंगल है और बात करने में इंटरेस्टेड है. 'बिजनेस फिनलैंड' की मार्केटिंग डायरेक्टर हेली जिमेनेज ने बताया कि यहां का खाना लोगों की खुशहाल जिंदगी की झलक दिखाता है. इसका मकसद लोगों को अपने मशहूर सौना कल्चर और लोकल खाने के बहाने एक-दूसरे से जोड़ना है.
कौन कर सकता है आवेदन?
इस ट्रिप के लिए वही आवेदन कर सकता है, जिसकी उम्र 18 साल या उससे ज्यादा हो और वो सिंगल हो. शर्त बस इतनी है कि आप फिनलैंड के रहने वाले न हों.
आवेदन कैसे करना है?
सबसे पहले अंग्रेजी में एक छोटा सा वीडियो रिकॉर्ड करें, जिसमें बताएं कि आप अपनी डिनर डेट पर सामने वाले को क्या खिलाएंगे और क्यों? इस वीडियो को अपने पब्लिक इंस्टाग्राम, टिकटॉक या यूट्यूब अकाउंट पर पोस्ट कर दें. पोस्ट में #FinnishDinnerDate हैशटैग का यूज करें और Visit Finland को टैग करना न भूलें. अप्लाई करने की आखिरी डेट फिनलैंड के समयानुसार 10 नवंबर की सुबह 11:59 बजे तक है.
किसे मिलेगा मौका?
चुने गए 16 लकी लोगों के नाम 1 दिसंबर को 'विजिट फिनलैंड' के ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल्स पर बता दिए जाएंगे. जो भी सिलेक्ट होंगे, उनकी फ्लाइट टिकट, होटल में रुकना, खाना-पीना और वहां होने वाली सारी एक्टिविटीज का पूरा खर्च टूरिज्म बोर्ड ही उठाएगा.