SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

शार्क के बीच रोमांस: गर्लफ्रेंड को अंडरवॉटर टैंक में किया प्रपोज, VIDEO देख रह जाएंगे दंग

इंग्लैंड में एक शख्स ने अपनी शार्क लवर गर्लफ्रेंड को प्रपोज करने के लिए ऐसा तरीका चुना, जिसे वह जिंदगीभर नहीं भूल पाएगी. दोनों शार्क के साथ डाइविंग करने के लिए पानी के अंदर उतरे थे, तभी बॉयफ्रेंड ने अचानक शादी का सवाल पूछ दिया. हाथ में 'Will you marry me?' का बोर्ड देखकर गर्लफ्रेंड कुछ पल के लिए हैरान रह गई और फिर पानी के अंदर ही 'हां' कह दिया.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Sep 24, 2026, 08:45 AM IST | Updated: Sep 24, 2026, 09:08 AM IST
Image Credit: पानी के अंदर शादी का प्रपोजल
Join

आमतौर पर प्रपोजल की तस्वीरों में समुद्र किनारा, फूल, कैंडल या कोई खूबसूरत जगह दिखाई देती है. लेकिन इंग्लैंड के एक कपल ने अपने प्यार का इजहार इससे बिल्कुल अलग अंदाज में किया. यहां प्यार का प्रपोजल जमीन पर नहीं, बल्कि पानी के अंदर पूछा गया.

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, बकिंघमशायर के वेंडोवर में रहने वाले जेम्स वॉल्श ने अपनी गर्लफ्रेंड पेगे कुक को शादी के लिए प्रपोज करने का फैसला किया. खास बात यह थी कि पेगे को शार्क बेहद पसंद हैं. इसलिए जेम्स ने सोचा कि अगर जिंदगी का इतना बड़ा सवाल पूछना है तो वह उसकी पसंदीदा जगह से बेहतर और क्या हो सकता है.

'शार्क उसकी फेवरेट हैं'

बीबीसी रेडियो लिंकनशायर से बात करते हुए जेम्स ने बताया कि वह चाहते थे कि उनका प्रपोजल कुछ ऐसा हो, जिसे पेगे जिंदगीभर याद रखे. इसलिए उन्होंने कोई आम जगह चुनने के बजाय इंग्लैंड के लिंकनशायर स्थित स्केगनेस एक्वेरियम का रुख किया. यहां शार्क के साथ डाइविंग का खास एक्सपीरियंस कराया जाता है. जेम्स ने इसी दौरान पेगे को प्रपोज करने की प्लानिंग की. उन्होंने बताया कि शार्क पेगे का पसंदीदा जीव हैं और वह चाहते थे कि जब वह शादी का सवाल पूछें तो उनके आसपास वही जानवर हों, जिसे उनकी गर्लफ्रेंड सबसे ज्यादा पसंद करती है.

पहले से कर ली थी पूरी तैयारी

जेम्स ने इस सरप्राइज को आखिरी समय तक अपनी गर्लफ्रेंड से छिपाकर रखने के लिए एक्वेरियम की टीम से पहले ही संपर्क कर लिया था. उन्होंने अपनी पूरी प्लानिंग स्टाफ को बताई और पूछा कि क्या पानी के अंदर प्रपोजल किया जा सकता है. एक्वेरियम ने भी जेम्स का साथ दिया. उनके लिए एक खास बोर्ड तैयार कराया गया, जिस पर लिखा था, 'Will you marry me?' अब बस सही वक्त का इंतजार था.

पानी के अंदर खुला प्यार का राज

तय दिन आने पर जेम्स और पेगे वेटसूट और स्कूबा गियर पहनकर शार्क डाइविंग के लिए पानी में उतरे. शुरुआत में पेगे को जरा भी अंदाजा नहीं था कि इस डाइव के दौरान उनके साथ कुछ ऐसा होने वाला है, जिसे वह जिंदगीभर याद रखेंगी. एक्वेरियम स्टाफ ने दोनों को बाकी ग्रुप से थोड़ा अलग कर दिया. इसी दौरान एक स्टाफ मेंबर चुपचाप प्रपोजल वाला बोर्ड लेकर वहां पहुंचा. फिर वीडियो में आप देख सकते है कि जेम्स ने पेगे के सामने घुटनों के बल बैठकर कैसे बोर्ड दिखा रहे हैं.

बोर्ड देखा तो कुछ पल के लिए रह गईं हैरान

पानी के अंदर सामने 'Will you marry me?' लिखा बोर्ड देखकर पेगे कुछ सेकंड के लिए बिल्कुल हैरान रह गईं. उन्होंने अपने स्कूबा मास्क पर हाथ रख लिया. शायद उन्हें समझ ही नहीं आया कि इस वक्त क्या रिएक्शन दें. कुछ पल बाद जब उन्होंने खुद को संभाला तो हाथ से 'OK' का सिग्नल देकर जेम्स को अपना जवाब दे दिया. इसका मतलब पानी के अंदर ही पेगे ने जेम्स के सवाल का 'Yes' कह दिया. इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया और इस खास पल को यादगार बना दिया.

'मुझे तो यकीन ही नहीं हुआ'

पेगे ने बताया कि वह इस सरप्राइज से पूरी तरह शॉक हो गई थीं. उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा से स्कूबा डाइविंग और शार्क के साथ तैरने का शौक था, लेकिन उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि उसी दौरान जेम्स शादी के लिए प्रपोज कर देंगे. पेगे के मुताबिक, उस पल वह कुछ देर के लिए यह तक भूल गई थीं कि वह एक शार्क टैंक के अंदर हैं. उनके लिए यह सिर्फ डाइविंग नहीं थी, बल्कि जिंदगी का एक ऐसा पल बन गया, जिसे वह हमेशा याद रखेंगी. उन्होंने इसे अपनी जिंदगी का सबसे अच्छा दिन बताया.

एक्वेरियम ने भी शेयर की तस्वीर

इस खास प्रपोजल के बाद स्केगनेस एक्वेरियम ने सोशल मीडिया पर कपल की तस्वीर शेयर की. पोस्ट के जरिए एक्वेरियम ने जेम्स और पेगे को उनकी सगाई पर बधाई दी. एक्वेरियम की टीम के मुताबिक, शार्क के बीच प्रपोजल करना अपने आप में काफी अलग अनुभव था. डाइविंग वैसे ही एड्रेनालिन से भरा एक्सपीरियंस है और उसके बीच शादी का सवाल सामने आ जाए तो पल और भी खास हो जाता है.

प्यार के साथ यादगार बना एडवेंचर

जेम्स के लिए यह सिर्फ प्रपोज करने का तरीका नहीं था. वह पेगे की पसंद को अपने इस बड़े दिन का हिस्सा बनाना चाहते थे. इसी वजह से उन्होंने ऐसी जगह चुनी, जहां दोनों के बीच प्यार के साथ पेगे का शार्क के लिए लगाव भी मौजूद था. सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में दोनों स्कूबा गियर में नजर आए. पानी के अंदर हाथ में शादी का सवाल और आसपास तैरती शार्क ने इस पूरे प्रपोजल को किसी फिल्मी सीन जैसा बना दिया.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES