ट्रेन में मिली ऐसी सीट जो है ही नहीं: कोच में कुल 52 बर्थ और यात्री को थमा दिया 54 नंबर का कन्फर्म टिकट, लोग बोले- टॉयलेट में चेक किया क्या?
ट्रेन नंबर 15132 में एक यात्री को 52 बर्थ वाले कोच में 54 नंबर की कन्फर्म सीट मिल गई. रात 10.45 बजे सीट गायब देख यात्री भड़क गया और सोशल मीडिया पर रेलवे की जमकर क्लास लगी.
ट्रेन का कन्फर्म टिकट मिल जाए तो सफर की आधी टेंशन खत्म हो जाती है, लेकिन तब क्या हो जब ट्रेन में चढ़ने के बाद पता चले कि आपके टिकट पर लिखी सीट पूरे कोच में कहीं है ही नहीं. कुछ ऐसा ही अजीबोगरीब वाकया एक रेल यात्री के साथ हुआ, जिसने रात के सफर में उसकी नींद उड़ा दी. सोशल मीडिया पर इस घटना का पोस्ट सामने आते ही लोगों ने रेलवे सिस्टम पर मजेदार और तीखे तंज कसने शुरू कर दिए हैं.
भारतीय रेल में सफर करने वाले यात्रियों को अक्सर टिकट कन्फर्म न होने की शिकायत रहती है, लेकिन इस बार मामला बिल्कुल उल्टा है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ईशान बाजपेयी नाम के एक यात्री ने ऐसा अनुभव शेयर किया है, जिसे पढ़कर हर कोई हैरान है. ईशान के पास ट्रेन नंबर 15132 का कन्फर्म टिकट था, लेकिन जब वे रात में ट्रेन के अंदर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए.
52 सीटों वाले कोच में मिली 54 नंबर बर्थ
एक्स पर शेयर की गई पोस्ट के मुताबिक, ईशान बाजपेयी को ए1 कोच में 54 नंबर की बर्थ अलॉट की गई थी. लेकिन जब वे कोच के अंदर अपनी सीट ढूंढने लगे, तो पता चला कि उस पूरे डिब्बे में सिर्फ 52 बर्थ ही मौजूद हैं. यह घटना रात करीब 10.45 बजे की है, जब यात्री सोने की तैयारी करते हैं. रात के वक्त कन्फर्म टिकट होने के बावजूद सीट न मिलने से ईशान काफी परेशान हो गए. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि रात पौने 11 बजे बिना कन्फर्म सीट के रह जाना बेहद निराशाजनक है और उन्होंने 139 पर इसकी शिकायत भी दर्ज कराई है. उनके इस पोस्ट को अब तक करीब तीन लाख व्यूज मिल चुके हैं.
रेलवे सेवा ने दिया जवाब, डीआरएम तक पहुंचा मामला
मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद रेल मंत्रालय के आधिकारिक सपोर्ट अकाउंट 'रेलवे सेवा' ने इस पर प्रतिक्रिया दी. रेलवे सेवा की ओर से पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए असुविधा के लिए खेद जताया गया और यात्री से डीएम के जरिए मोबाइल नंबर शेयर करने को कहा गया ताकि तुरंत कार्रवाई की जा सके. इसके साथ ही यात्री को रेल मदद वेबसाइट या 139 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई. रेलवे सेवा ने यह भी अपडेट दिया कि इस पूरे मामले को जरूरी कार्रवाई के लिए वाराणसी के डिविजनल रेलवे मैनेजर यानी डीआरएम को भेज दिया गया है.
लोगों ने ली चुटकी- क्या टॉयलेट में चेक किया
इस अजीबोगरीब गड़बड़ी पर इंटरनेट यूजर्स ने रेलवे के सिस्टम पर जमकर तंज कसे. सोशल मीडिया यूजर्स के कमेंट्स के मुताबिक, एक यूजर ने मजाक उड़ाते हुए पूछा कि क्या आपने टॉयलेट में या छत पर बर्थ नंबर चेक किया, क्योंकि रेलवे ने 100 प्रतिशत से ज्यादा बर्थ देकर ओवर-डिलीवरी कर दी है. वहीं एक अन्य यूजर ने रेलवे के रटे-रटाए जवाब पर निशाना साधते हुए लिखा कि रेलवे सिर्फ गहरा दुख जताता रहता है और वे बुलेट ट्रेन बनाने में व्यस्त हैं. कुछ लोगों ने शिकायत निवारण सिस्टम पर भी सवाल उठाए और कहा कि डीएम में सिर्फ पीएनआर और मोबाइल नंबर लेकर केस बंद कर दिया जाता है.