'देखते ही आ गई उल्टी': चीनी रेस्तरां ने पेस्ट्री पर सजाया तला हुआ कीड़ा; डिश देखकर लोगों ने पकड़ा माथा
चीन के एक रेस्टोरेंट ने ऐसी मिठाई बनाई है, जिसे देखकर कई लोगों का मन खाने से पहले ही खराब हो गया. यहां मशहूर एग टार्ट के ऊपर बड़े-बड़े कॉकरोच जैसे दिखने वाले कीड़े रखकर परोसे जा रहे हैं. तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए तो लोगों ने हैरानी जताई. हालांकि, ये असल में कॉकरोच नहीं, बल्कि पानी में पाए जाने वाले खास तरह के बीटल हैं, जिन्हें चीन के कुछ इलाकों में खाया जाता है.
आमतौर पर मिठाई की प्लेट सामने आते ही लोगों के चेहरे पर खुशी आ जाती है. कोई चॉकलेट केक पसंद करता है तो किसी को क्रीम रोल या पेस्ट्री अच्छी लगती है. लेकिन चीन के एक रेस्टोरेंट ने मिठाई के साथ ऐसा प्रयोग किया कि उसे देखकर कई लोगों ने खाने के बजाय मुंह फेरने की बात कही. कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे देखने के बाद कहा कि उन्हें 'उल्टी' जैसा महसूस हुआ.
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, चीन के एक रेस्तरां में मिलने वाली एग टार्ट के ऊपर बड़े साइज के कीड़े रखे जा रहे हैं. इनका रंग और बनावट ऐसा है कि पहली नजर में ये किसी बड़े कॉकरोच जैसे दिखाई देते हैं. यही वजह है कि इस डिश की तस्वीरें चीन में सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई हैं.
तीन टार्ट की कीमत करीब 330 रुपये
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) की रिपोर्ट के अनुसार, यह रेस्टोरेंट चीन के गुआंगडोंग प्रांत के शुंडे इलाके में है. यहां इस खास डिश का नाम 'वॉटर रोच एग टार्ट्स' रखा गया है. रेस्टोरेंट में ऐसे तीन टार्ट का एक सेट 28 युआन में मिलता है. भारतीय रुपये में इसकी कीमत करीब 330 रुपये होती है. हर टार्ट के ऊपर एक चमकदार कीड़ा रखा जाता है, जो कस्टर्ड की मीठी परत पर साफ दिखाई देता है. एग टार्ट वैसे भी अपनी मुलायम फिलिंग और कुरकुरी बाहरी परत के लिए पसंद किया जाता है. लेकिन इसके ऊपर कीड़े की टॉपिंग देखकर लोगों की पसंद और नापसंद दो अलग-अलग हिस्सों में बंट गई है.
कॉकरोच नहीं, पानी में मिलने वाला बीटल है
तस्वीरों में देखने पर यह कीड़ा कॉकरोच जैसा नजर आता है, लेकिन रिपोर्ट में इसे वॉटर बीटल बताया गया है. चीन के गुआंगडोंग प्रांत के कुछ हिस्सों में इन्हें खाने की परंपरा रही है. वहां की लोकल फूड कल्चर में कई ऐसे पकवान शामिल हैं, जो दूसरी जगहों के लोगों को अजीब लग सकते हैं. इन बीटल को अक्सर तलकर कुरकुरे स्नैक के रूप में खाया जाता है. ट्रेडिशनल चीनी चिकित्सा में भी इनके इस्तेमाल का जिक्र मिलता है. हालांकि, किसी ट्रेडिशनल खाने का हिस्सा होना और उसके स्वास्थ्य लाभ डॉक्टरों से साबित होना अलग-अलग बातें हैं. इसलिए इनके औषधीय गुणों से जुड़े दावों को बिना ठोस प्रमाण के सही नहीं माना जा सकता.
मीठे और नमकीन स्वाद का मेल
रेस्टोरेंट की इस डिश में मीठे कस्टर्ड और कुरकुरी पेस्ट्री के साथ तले हुए बीटल को शामिल किया गया है. रिपोर्ट में इसके स्वाद को मीठे और नमकीन का मेल बताया गया है. कुछ लोगों के लिए यह नया प्रयोग हो सकता है, लेकिन हर कोई इसे आजमाने के लिए तैयार नहीं है. खाने में इस्तेमाल होने वाली किसी चीज का स्वाद कैसा होगा, यह जानने से पहले ही उसकी शक्ल कई लोगों को पीछे हटने पर मजबूर कर रही है. यही इस डिश की सबसे बड़ी चर्चा भी है. एक तरफ इसे लोकल खाने की परंपरा से जोड़कर देखा जा रहा है, तो दूसरी तरफ लोग सवाल उठा रहे हैं कि मिठाई के ऊपर ऐसे कीड़े रखने की जरूरत ही क्या थी.
सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?
तस्वीरें और वीडियो चीनी सोशल मीडिया पर सामने आए तो यूजर्स ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं. कई लोगों ने इसे खाने से साफ इनकार कर दिया. एक यूजर ने कहा कि वह इसे देख भी नहीं सकता, खाना तो बहुत दूर की बात है. एक अन्य यूजर ने लिखा कि पानी में मिलने वाले ये कीड़े भी कॉकरोच जैसे ही लगते हैं और वह इन्हें कभी खाने के तौर पर स्वीकार नहीं कर पाएगा. वहीं, एक दूसरे यूजर ने बताया कि उसने खुद इन्हें कभी नहीं खाया, लेकिन उसे जानकारी है कि ट्रेडिशनल चीनी फूड थेरेपी में इनका इस्तेमाल किया जाता है. उसने यह भी दावा किया कि यह बहुत कम जगहों पर मिलते हैं. इन्हें पालने के लिए साफ पानी की जरूरत होती है.
खाने की पसंद पर फिर छिड़ी बहस
इस डिश को लेकर हो रही चर्चा एक बार फिर दिखाती है कि अलग-अलग देशों में खाने की पसंद कितनी अलग हो सकती है. जिस चीज को एक जगह लोग सामान्य काने चीज मानते हैं, वही दूसरी जगह के लोगों को वहीं चींज हैरान कर सकती है. चीन के कुछ इलाकों में वॉटर बीटल खाने की परंपरा पुरानी है, लेकिन उन्हें एग टार्ट जैसी मिठाई के ऊपर रखकर परोसना कई लोगों के लिए नया अनुभव है. फिलहाल इस अनोखी डिश की तस्वीरें लोगों का ध्यान खींच रही हैं. कोई इसे लोकल फूड कल्चर का हिस्सा मान रहा है, तो कोई इसे देखकर ही दूर रहने की बात कह रहा है.