SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मेकअप नहीं आता तो नौकरी भी नहीं मिलेगी: चीन के रेस्टोरेंट में महिला कर्मचारियों के लिए सख्त नियम; सोशल मीडिया पर भड़के लोग

नौकरी पर जाने से पहले तैयार होना आम बात है, लेकिन चीन की मशहूर रेस्टोरेंट चेन निउ न्यू सुकियाकी में महिला कर्मचारियों के लिए मेकअप करना जरूरी कर दिया गया है. यहां कुछ ब्रांच में किचन और सफाई का काम करने वाली महिलाओं को भी लिपस्टिक, आईलाइनर और नकली पलकें लगाकर आने को कहा जाता है. कंपनी के इस नियम की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 28, 2026, 09:09 IST | Updated: Nov 28, 2026, 09:18 IST
Image Credit: प्रतिकात्मक AI इमेज | चीन की रेस्टोरेंट चेन निउ न्यू सुकियाकी ने महिला कर्मचारियों के लिए बनाया मेकअप अनिवार्य करने का नियम।
Join

किसी नौकरी में सबसे जरूरी क्या होना चाहिए? काम करने का तरीका, अनुभव, मेहनत या फिर आपका चेहरा कैसा दिखता है? चीन की एक रेस्टोरेंट चेन से जुड़ा मामला सामने आने के बाद लोग कुछ ऐसा ही सवाल पूछ रहे हैं. यहां महिला कर्मचारियों को काम पर आने से पहले पूरा मेकअप करने के लिए कहा जाता है. हैरानी की बात यह है कि यह नियम सिर्फ उन महिलाओं के लिए नहीं है, जो ग्राहकों के सामने खाना परोसती हैं.

रेस्टोरेंट चेन 'निउ न्यू सुकियाकी' की कुछ ब्रांच में किचन और सफाई का काम करने वाली महिलाओं को भी इससे छूट नहीं है. इस चेन की शुरुआत शंघाई से हुई थी और यहां जापानी स्टाइल का हॉटपॉट बुफे परोसा जाता है. कुछ महीने पहले यह रेस्टोरेंट अकेले खाना खाने आने वाले लोगों के लिए खास केबिन बनाने की वजह से चर्चा में आया था. लेकिन इस बार इसकी चर्चा खाने या ग्राहकों को दी जाने वाली सुविधा के लिए नहीं, बल्कि महिला कर्मचारियों के मेकअप नियम को लेकर हो रही है.

लिपस्टिक से लेकर नकली पलकों तक का नियम

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) की रिपोर्ट के अनुसार, रेस्टोरेंट की अलग-अलग ब्रांच में मेकअप को लेकर नियमों में थोड़ा अंतर है. कुछ जगहों पर केवल ग्राहकों को खाना परोसने वाली महिलाओं के लिए मेकअप जरूरी बताया गया है, जबकि कुछ ब्रांच ऐसी भी हैं, जिनमें यह नियम सभी महिला कर्मचारियों पर लागू है. इसका मतलब है कि किचन में खाना बनाने वाली या सफाई का काम संभालने वाली महिला को भी तैयार होकर आना पड़ सकता है. मेकअप का मतलब सिर्फ हल्की लिपस्टिक लगाना नहीं है.

रिपोर्ट में बताया गया है कि कुछ मैनेजर महिलाओं से लिपस्टिक, आईशैडो, आईलाइनर और फॉल्स आईलैशेज यानी नकली पलकें लगाने की भी उम्मीद करते हैं. बालों को ठीक से सेट करके आना भी इस तैयारी का हिस्सा बताया गया है. वहीं पुरुष कर्मचारियों के लिए ऐसा कोई मेकअप नियम सामने नहीं आया है. उनसे साफ-सुथरे कपड़े पहनकर आने को कहा जाता है. महिला और पुरुष कर्मचारियों के बीच यही फर्क अब लोगों की नाराजगी की बड़ी वजह बन गया है.

मेकअप के लिए हर महीने 100 युआन

कंपनी की तरफ से फुल टाइम महिला कर्मचारियों को मेकअप के सामान के लिए हर महीने 100 युआन दिए जाने की बात भी सामने आई है. भारतीय रुपये में यह रकम करीब 1,200 से 1,300 रुपये के आसपास बैठती है. हालांकि, कर्मचारियों का कहना है कि मेकअप भत्ता मिलने का मतलब यह नहीं कि किसी पर इसे करना अनिवार्य कर दिया जाए. मेकअप करने में समय लगता है. सुबह तैयार होने के अलावा काम खत्म होने के बाद उसे हटाने में भी मेहनत करनी पड़ती है. एक पूर्व कर्मचारी ने साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट से बात करते हुए बताया कि इस नियम के कारण उन्हें कई बार सुबह 5 बजे तक उठना पड़ता था. मतलब काम शुरू होने से काफी पहले ही उनकी दिनचर्या शुरू हो जाती थी. नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ इस अतिरिक्त तैयारी को संभालना उनके लिए आसान नहीं था.

मेकअप नहीं आता था, इसलिए नौकरी नहीं मिली

इस मामले में लिनलिन नाम की एक महिला का अनुभव भी चर्चा में है. वह इस रेस्टोरेंट में पार्ट टाइम नौकरी करना चाहती थीं, लेकिन उन्हें काम पर नहीं रखा गया. बताया गया कि इसकी वजह यह थी कि उन्हें बालों में हेयर स्प्रे लगाना और ठीक से मेकअप करना नहीं आता था. इसका मतलब नौकरी के लिए उनकी काम करने की क्षमता के साथ यह भी देखा गया कि वह किस तरह तैयार होती हैं. इस घटना ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है. अगर कोई महिला किचन में खाना बनाने या सफाई का काम अच्छी तरह कर सकती है, तो उसके लिए आईलाइनर या नकली पलकें लगाना क्यों जरूरी होना चाहिए? क्या किसी कर्मचारी की योग्यता का फैसला उसके मेकअप से किया जाना चाहिए?

ग्राहकों को भी पसंद नहीं आया नियम

इस विवाद में चीन के सोशल मीडिया पर सिर्फ कर्मचारियों ने ही नहीं, बल्कि ग्राहकों ने भी अपनी राय रखी है. कई लोगों का कहना है कि वे रेस्टोरेंट में अच्छा खाना खाने और बेहतर सर्विस के लिए जाते हैं. उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि कर्मचारी ने कितना मेकअप किया है. एक यूजर ने लिखा कि जब लोग हॉटपॉट खाने जाते हैं, तो उनका ध्यान खाने और मीट की ताजगी पर होता है, न कि खाना परोसने वाले कर्मचारी के मेकअप पर. एक दूसरे यूजर ने सवाल उठाया कि अगर महिला और पुरुष कर्मचारियों के काम के घंटे बराबर हैं, तो महिलाओं को तैयार होने और मेकअप हटाने में एक्स्ट्रा समय क्यों लगाना चाहिए? कुछ लोगों ने यह भी कहा कि किसी कर्मचारी की पहचान उसके चेहरे पर लगे मेकअप से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार और काम करने के तरीके से होनी चाहिए.

पहले भी विवादों में रही है रेस्टोरेंट चेन

चीन में महिला कर्मचारियों के लिए मेकअप अनिवार्य करने का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले फरवरी में बुफे रेस्टोरेंट चेन बिग पिज्जा भी इसी तरह के नियम को लेकर आलोचना का सामना कर चुकी है. रिपोर्टों के अनुसार, वहां महिला कर्मचारियों को चमकदार लिपस्टिक लगाकर आने के लिए कहा जाता था. नियमों का पालन नहीं करने पर उनकी सैलरी में कटौती की आशंका भी जताई गई थी. वहीं, चीन की मशहूर हॉटपॉट कंपनी हैडिलाओ भी साल 2021 में महिला कर्मचारियों के लिए सख्त मेकअप नियमों को लेकर चर्चा में आई थी. हालांकि, बाद में कंपनी ने मेकअप की अनिवार्यता हटा दी थी.

सवाल सिर्फ मेकअप का नहीं, बराबरी का भी है

निउ न्यू सुकियाकी से जुड़ा यह मामला अब सिर्फ एक कंपनी के ड्रेस कोड तक सीमित नहीं रह गया है. इसने काम की जगह पर महिलाओं की पसंद, बराबरी और उनके अधिकारों को लेकर भी बहस शुरू कर दी है. किसी रेस्टोरेंट में कर्मचारियों का साफ-सुथरा दिखना और अच्छी तरह तैयार होकर आना समझ में आता है. लेकिन क्या इसके लिए महिलाओं को फॉल्स आईलैशेज, आईलाइनर और लिपस्टिक लगाना जरूरी किया जाना चाहिए? सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों के बीच यही बहस सबसे अहम है. आखिर किसी कर्मचारी का काम उसकी पहचान होना चाहिए या उसका मेकअप?

यह भी पढ़ें:- 'आपका बैंक अकाउंट मनी लॉन्ड्रिंग में फंसा है...' एक फोन कॉल और महिला के खाते से निकल गए 3 करोड़ रुपये, रोते हुए पहुंची थाने

यह भी पढ़ें:- ना मां-बाप, न कोई रिश्तेदार: अनाथ दूल्हे ने सोशल मीडिया पर अजनबियों को दिया शादी का न्योता; लोगों ने लगा दी गिफ्ट्स की झड़ी

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES