एक ही होटल में शादी और एक्स के बेटे की पार्टी: दोनों जगह लगी एक ही शख्स की तस्वीर, पोस्टर देख मेहमानों के उड़े होश; फिर जो हुआ...
चीन में एक शख्स की शादी और उसकी एक्स गर्लफ्रेंड के बेटे के जन्म के सौ दिन पूरे होने की पार्टी एक ही दिन, एक ही होटल में आयोजित की गई. हैरानी की बात यह थी कि दोनों कार्यक्रमों में शख्स की तस्वीरें लगी थीं. जब शादी और बच्चे की पार्टी में पहुंचे मेहमानों को इस बात का पता चला, तो होटल में हंगामा मच गया. मामला इतना बढ़ गया कि होटल स्टाफ को पुलिस बुलानी पड़ी.
आमतौर पर शादी में दूल्हे के पुराने रिश्तों का जिक्र भी हो जाए, तो माहौल बिगड़ सकता है. लेकिन चीन में एक शख्स ने तो ऐसा इंतजाम कर दिया कि उसके पुराने और नए रिश्ते एक ही होटल में आमने-सामने आ गए. इसके बाद जो हुआ, उसकी चर्चा वहां के सोशल मीडिया पर होने लगी.
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला दक्षिण-पश्चिमी चीन के गुइझोउ प्रांत के लियुपानशुई का बताया जा रहा है. यहां वू लिनफेंग नाम के शख्स ने एक होटल की पहली मंजिल पर कोंग सिहान के साथ शादी का कार्यक्रम रखा था. वहीं, होटल की दूसरी मंजिल पर उसके बेटे के जन्म के सौ दिन पूरे होने की पार्टी चल रही थी. हैरानी की बात यह थी कि इस पार्टी का आयोजन भी वू ने ही किया था. बच्चा उसकी एक्स गर्लफ्रेंड लिन से हुआ था. मतलब, एक ही समय पर होटल में वू की शादी भी हो रही थी और उसके बेटे के जन्म का जश्न भी मनाया जा रहा था.
दोनों मंजिलों पर लगी थीं अलग-अलग तस्वीरें
मामला तब और बढ़ गया, जब मेहमानों की नजर होटल में लगे पोस्टरों पर पड़ी. पहली मंजिल पर शादी के लिए लगाए गए पोस्टर में वू और कोंग शादी के कपड़ों में नजर आ रहे थे. उस पर लिखा था कि हम मिले, एक-दूसरे को जाना और हमें प्यार हो गया. वहीं, दूसरी मंजिल पर बच्चे की पार्टी के लिए लगे पोस्टर में वू अपनी एक्स गर्लफ्रेंड लिन और बेटे के साथ दिखाई दे रहा था. इस पोस्टर पर लिखा था, 'मम्मी और पापा के एक साथ सफर शुरू किए हुए 1,314 दिन हो गए हैं.' चीनी भाषा में 1314 का इस्तेमाल कई बार जीवन भर या हमेशा साथ रहने के अर्थ में किया जाता है. ऐसे में पोस्टर पर लिखी बात और उसमें वू की मौजूदगी ने पूरे मामले को और उलझा दिया.
मेहमानों को पता चला तो होटल में मच गया हंगामा
शुरुआत में दोनों कार्यक्रमों में आए मेहमान अपने-अपने समारोह में व्यस्त थे. लेकिन जब लोगों ने दोनों मंजिलों पर लगे पोस्टर देखे और तस्वीरों में एक ही शख्स को पाया, तो सवाल उठने लगे. धीरे-धीरे बात बढ़ी और दोनों परिवारों के मेहमानों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते माहौल इतना बिगड़ गया कि मामला झगड़े तक पहुंच गया. होटल में मौजूद स्टाफ ने हालात संभालने की कोशिश की, लेकिन जब बात काबू से बाहर होने लगी, तो पुलिस को बुलाना पड़ा. पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति को शांत कराया गया. इस घटना का वीडियो भी चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामने आया, जिसके बाद लोग वू के रिश्तों को संभालने के तरीके पर सवाल उठाने लगे.
सोशल मीडिया पर लोगों ने कहा- ऐसी कहानी कौन लिखेगा?
इस घटना की चर्चा चीन के सोशल मीडिया पर तेजी से होने लगी. कई लोगों ने इसे किसी टीवी सीरियल या मिनी ड्रामा की कहानी जैसा बताया. कुछ यूजर्स का कहना था कि ऐसी उलझी हुई कहानी तो फिल्म के लिए लिखी जाती है, लेकिन यहां मामला असल जिंदगी का है. लोगों ने यह भी कहा कि वू के फैसले की वजह से दोनों महिलाओं को बेहद असहज स्थिति का सामना करना पड़ा होगा. एक तरफ शादी का समारोह था, जहां नई जिंदगी शुरू हो रही थी. दूसरी तरफ उसके बेटे के जन्म का जश्न था, जिसमें उसकी एक्स गर्लफ्रेंड और परिवार के लोग शामिल थे. हालांकि, सोशल मीडिया पर सामने आई प्रतिक्रियाओं से यह तय नहीं किया जा सकता कि उस समय दोनों महिलाओं की क्या प्रतिक्रिया थी.
क्या वू पर लगेगा दो शादियों का आरोप?
मामले के सामने आने के बाद वू पर बिगैमी यानी एक से ज्यादा शादी करने के आरोप भी लगाए जाने लगे. चीन में किसी व्यक्ति की पहली शादी कानूनी रूप से कायम रहते हुए दूसरी शादी करना अपराध हो सकता है. इस मामले में भी लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर वू ने ऐसा कार्यक्रम क्यों रखा. हालांकि, साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस की जांच में पता चला कि वू की कानूनी रूप से शादी केवल कोंग सिहान से हुई थी. लिन के साथ वह बिना शादी के रिश्ते में रहा था और दोनों का एक बेटा है. इसलिए दोनों कार्यक्रम एक ही दिन होने और दोनों पोस्टरों पर वू की तस्वीर होने भर से यह साबित नहीं होता कि उसने दो शादियां की थीं.
पैसे को लेकर भी चल रहा था विवाद
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वू और लिन के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था. हालांकि, इस विवाद की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है. यह पहलू इसलिए भी अहम है, क्योंकि बच्चे के जन्म के सौ दिन पूरे होने का समारोह आमतौर पर परिवार के लिए खुशी का मौका होता है. लेकिन यहां उसी दिन वू की शादी भी हो रही थी. ऐसे में दोनों कार्यक्रमों के पीछे की परिस्थितियों को लेकर लोगों की उत्सुकता बढ़ गई.
एक दिन, एक होटल और रिश्तों का उलझा मामला
फिलहाल, इस घटना ने चीन में सोशल मीडिया यूजर्स को हैरान कर रखा है. एक ही होटल में शादी और एक्स गर्लफ्रेंड के बच्चे की पार्टी आयोजित करने के फैसले ने ऐसा विवाद खड़ा किया कि पुलिस को बीच में आना पड़ा. इस मामले में सबसे अहम बात यह है कि वू की कानूनी शादी केवल कोंग से होने की जानकारी सामने आई है, जबकि लिन के साथ उसका रिश्ता शादी के बिना था. इसके बावजूद दोनों कार्यक्रमों का एक ही जगह और एक ही समय पर होना मेहमानों के लिए बड़े विवाद की वजह बन गया. अब लोग इस पूरे मामले को किसी ड्रामे की कहानी की तरह देख रहे हैं.