जुड़वां भाई की मौत का उठाया फायदा: 19 साल तक पुलिस को देता रहा चकमा, उसी की पहचान से जीता रहा शख्स; गर्लफ्रेंड ने खोला राज
चीन से एक ऐसे शख्स की कहानी सामने आई है, जिसने कथित तौर पर गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ही जुड़वां भाई की पहचान अपना ली. अपहरण और लूट के एक मामले में पुलिस को उसकी तलाश थी, लेकिन सालों तक उसका कोई सुराग नहीं मिला. फिर भाई की एक्स गर्लफ्रेंड ने ऐसा राज खोला कि पुलिस भी हैरान रह गई. जिस शख्स को मृत मान लिया गया था, वह दूसरी पहचान के साथ अपनी जिंदगी बिता रहा था.
चीन में अपराध से जुड़ा एक पुराना मामला करीब दो दशक बाद फिर चर्चा में है. इसकी वजह कोई नई वारदात नहीं, बल्कि एक ऐसी पहचान है, जिसके सहारे एक आरोपी लंबे समय तक कानून की नजरों से बचा रहा. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, चेन सरनेम वाला यह शख्स साल 2002 से पुलिस की तलाश में था. उस पर चीन के झेजियांग प्रांत के युहुआन शहर में अपहरण और लूट की एक वारदात में शामिल होने का आरोप था.
रिपोर्ट में बताया गया कि इस मामले में कुल सात संदिग्ध शामिल थे. आरोप था कि उन्होंने एक व्यक्ति का अपहरण किया और उससे नकदी समेत कीमती सामान लूट लिया. पुलिस ने वारदात के कुछ समय बाद छह आरोपियों को पकड़ लिया, लेकिन चेन फरार होने में कामयाब रहा. इसके बाद पुलिस ने उसकी खूब तलाश की, लेकिन वह हाथ नहीं आया. वक्त गुजरता गया और मामला लंबे समय तक अनसुलझा रहा. किसी को अंदाजा नहीं था कि इस कहानी में आगे अपने ही परिवार से जुड़ा एक ऐसा मोड़ आने वाला है, जो जांच की दिशा बदल देगा.
सड़क हादसे में मौत की खबर ने उलझाया मामला
साल 2007 में पुलिस को खबर मिली कि चेन की एक सड़क हादसे में मौत हो गई है. यह जानकारी चीन के अनहुई प्रांत से मिली थी. इसके साथ ही सरकारी रिकॉर्ड में उसकी घरेलू पंजीकरण संबंधी जानकारी भी रद्द कर दी गई. पुलिस के लिए यह मानने की वजह बन गई कि जिस शख्स की तलाश सालों से चल रही थी, वह अब इस दुनिया में नहीं है. मामला धीरे-धीरे ठंडे बस्ते में चला गया. लेकिन बाद में जो बात सामने आई, उसने पूरी कहानी पलट दी. दरअसल, हादसे में मरने वाला व्यक्ति चेन नहीं, बल्कि उसका बड़ा जुड़वां भाई था. दोनों की शक्ल काफी मिलती-जुलती थी और कथित तौर पर इसी समानता का फायदा उठाकर चेन ने अपनी पहचान बदल ली.
भाई की पहचान लेकर जीने लगा सामान्य जिंदगी
जांच करने वाली टीम ने साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट को बताया कि चेन ने अपने मृत भाई की पहचान अपना ली और उसी नाम से जिंदगी बिताने लगा. इससे उसे लंबे समय तक अपनी असली पहचान छिपाने में मदद मिली. रिपोर्ट में बताया गया है कि इस तरीके से वह करीब 19 साल तक पुलिस की गिरफ्त से बचा रहा. इस दौरान उसने कथित तौर पर नई पहचान के साथ अपना घर-परिवार भी बसा लिया. यहां सबसे बड़ा सवाल यही था कि सरकारी रिकॉर्ड में इतनी बड़ी गड़बड़ी कैसे हुई और किसी को इस बात का शक क्यों नहीं हुआ कि मृत घोषित किया गया व्यक्ति असल में जिंदा है. इसका जवाब पुलिस को काफी समय बाद मिला, जब एक पुराने मामले की दोबारा जांच शुरू हुई.
पुरानी फोटो ने पुलिस के मन में पैदा किया शक
अप्रैल 2026 में पुलिस को जानकारी मिली कि एक व्यक्ति अपने मृत जुड़वां भाई की पहचान का इस्तेमाल कर रहा है. इस सूचना के बाद अधिकारियों ने पुराने लूट के मामले को फिर से खोलने का फैसला किया. जांच अधिकारी लॉन्ग यु-वेन ने मामले से जुड़े कागज, परिवार की जानकारी और सरकारी रिकॉर्ड की पड़ताल शुरू की. इसी दौरान पुलिस को एक अहम बात पता चली. रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2007 में चेन की मौत दर्ज किए जाने के महज नौ दिन बाद उसके बड़े भाई के नाम से पहचान बदलने के लिए आवेदन किया गया था. इस बात ने जांचकर्ताओं का शक बढ़ा दिया. पुलिस ने दोनों भाइयों की पुरानी पहचान वाली तस्वीरों की तुलना की. चेहरा काफी मिलता था, लेकिन दोनों की फोटो में कुछ अंतर दिखाई दिए. अधिकारियों को लगा कि जिस व्यक्ति की मौत दर्ज की गई थी, उसकी पहचान को लेकर गड़बड़ी हो सकती है.
परिवार और गांव वालों से भी पूछताछ
पुलिस ने मामले की सच्चाई जानने के लिए चेन के परिवार के लोगों और गांव में आसपास रहने वाले कुछ लोगों से भी पूछताछ की. हालांकि, इसमें परिवार की तरफ से जांच टीम को कोई ऐसी जानकारी नहीं मिली, जिससे मामला तुरंत साफ हो सके. परिवार के लोग यही कहते रहे कि छोटा भाई मर चुका है. ऐसे में पुलिस के सामने मुश्किल थी कि आखिर उस व्यक्ति तक कैसे पहुंचा जाए, जो दोनों भाइयों की जिंदगी से जुड़ी असली जानकारी रखता हो. इसके बाद अचानक जांच टीम ने चेन के बड़े भाई की एक्स गर्लफ्रेंड का पता लगाया. उसका सरनेम डेंग बताया गया है. माना जा रहा था कि वह इस मामले की सबसे अहम कड़ी साबित हो सकती है.
भाई की गर्लफ्रेंड ने खोल दिया राज
डेंग का रिश्ता चेन के बड़े जुड़वां भाई से था. दोनों शादी करने का प्लान भी बना रहे थे, लेकिन सड़क हादसे में भाई की मौत हो गई. जब पुलिस ने डेंग से बात की, तो उसने बताया कि हादसे में मरने वाला व्यक्ति चेन का बड़ा भाई था, न कि वह शख्स जिसकी तलाश पुलिस कर रही थी. उसके बयान से जांच को नई दिशा मिली. पुलिस ने साल 2007 के सड़क हादसे से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले. इस दौरान जांच टीम को ऐसे सबूत मिले, जो दोनों भाइयों की पहचान बदलने की बात को मजबूत करते थे. पुलिस के मुताबिक, मौत दर्ज कराने की प्रक्रिया के दौरान चेन ने कथित तौर पर अपने ही ड्राइविंग लाइसेंस का इस्तेमाल किया था, जिससे ऐसा लगे कि हादसे में उसकी मौत हुई है. इसी के सहारे वह अपने मृत भाई की पहचान के पीछे छिप गया.
24 साल बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
लंबी जांच के बाद पुलिस ने चेन को चीन के ग्वांगडोंग प्रांत के झुहाई शहर में ट्रेस किया. उसके बाद 4 जून 2026 को पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया. जिस शख्स को पुलिस करीब 24 साल से तलाश रही थी, वह कथित तौर पर इस दौरान दूसरी पहचान के साथ अपनी जिंदगी बिता रहा था. गिरफ्तारी के बाद जांच करने वाली टीम ने उसके डीएनए सैंपल भी लिए और उन्हें साल 2002 के मामले से जुड़े सबूतों के साथ मिलाया. अब मामला आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए एकदम साफ था. अधिकारियों के अनुसार, अगर चेन दोषी साबित होता है, तो उसे चीन के कानून के तहत तीन से दस साल तक की जेल हो सकती है.