बुलेट ट्रेन में चढ़ते वक्त पटरियों पर गिरा बच्चा: चंद सेकंड में पुलिसकर्मी ने बचाई जान; CCTV वीडियो वायरल
चीन के एक रेलवे स्टेशन पर महिला के साथ बुलेट ट्रेन में चढ़ रहा बच्चा अचानक प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच की जगह में जा गिरा. वहां मौजूद एक पुलिसकर्मी ने जैसे ही बच्चे को गिरते देखा, वह तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़ा और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया. घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद लोग पुलिसकर्मी की फुर्ती की तारीफ कर रहे हैं.
रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने के लिए अक्सर यात्रियों के बीच जल्दबाजी देखने को मिलती है. लेकिन इस दौरान बच्चों पर से नजर हटना कितना भारी पड़ सकता है, इसका अंदाजा चीन के एक रेलवे स्टेशन पर हुई इस घटना से लगाया जा सकता है.
दक्षिण-पश्चिम चीन के सिचुआन प्रांत में एक बच्चा हाई-स्पीड ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था. तभी उसका संतुलन बिगड़ा और वह सीधे प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच बने गैप में गिर गया. यह सब इतनी तेजी से हुआ कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.
चेंगदू ईस्ट स्टेशन पर हुआ हादसा
CGTN की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना चीन के चेंगदू ईस्ट रेलवे स्टेशन की है. जानकारी के मुताबिक, बच्चा G8645 ट्रेन में चढ़ रहा था. उसके साथ एक महिला भी मौजूद थी. CCTV फुटेज में नीली टी-शर्ट पहने बच्चा महिला के पीछे-पीछे ट्रेन के दरवाजे तक पहुंचता दिखाई देता है. महिला पहले अपना सामान ट्रेन के अंदर रखती है और फिर खुद डिब्बे में चढ़ जाती है. इसके बाद बच्चा भी प्लेटफॉर्म से पैर उठाकर ट्रेन में जाने की कोशिश करता है. लेकिन इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ जाता है और वह प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच की खाली जगह में नीचे गिर जाता है.
बच्चे को गिरते देख दौड़ा पुलिसकर्मी
बच्चे के गिरते ही वहां मौजूद एक पुलिस अधिकारी की नजर उस पर पड़ती है. वह बिना समय गंवाए तुरंत मौके की ओर दौड़ता है. हालात ऐसे थे कि जरा सी देरी भी बच्चे के लिए खतरनाक साबित हो सकती थी. पुलिसकर्मी तेजी से बच्चे तक पहुंचता है और उसे पकड़कर प्लेटफॉर्म के ऊपर खींच लेता है. राहत की बात यह रही कि ट्रेन चलने से पहले ही बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इस तरह कुछ ही पलों में एक बड़ा हादसा टल गया.
बच्चे को आई मामूली खरोंचें
CGTN की रिपोर्ट के अनुासर, बच्चे को इस घटना में मामूली खरोंचें आईं. उसे कोई गंभीर चोट नहीं लगी और वह सुरक्षित रहा. शुरुआती जांच के बाद बच्चा अपने परिवार के साथ आगे की यात्रा पर निकल गया. घटना के बाद राहत की सांस लेने वाली बात यही रही कि समय रहते पुलिसकर्मी ने बच्चे को देख लिया. अगर मदद मिलने में थोड़ी भी देर होती, तो स्थिति कहीं ज्यादा गंभीर हो सकती थी.
CCTV वीडियो देखकर लोग कर रहे तारीफ
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग पुलिस अधिकारी की तेजी की तारीफ कर रहे हैं. फुटेज में साफ दिखाई देता है कि बच्चा गिरते ही अधिकारी तुरंत उसकी मदद के लिए आगे बढ़ता है. वीडियो ने एक बार फिर यह दिखाया कि रेलवे स्टेशन जैसी व्यस्त जगहों पर कुछ सेकंड कितने अहम हो सकते हैं. जहां एक तरफ बच्चे की छोटी सी चूक से खतरा पैदा हुआ, वहीं दूसरी तरफ पुलिसकर्मी की सतर्कता ने उसे सेफ बचा लिया.
रेलवे पुलिस ने यात्रियों को दी सलाह
घटना के बाद रेलवे पुलिस ने बच्चों के साथ सफर करने वाले यात्रियों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी. पुलिस का कहना है कि ट्रेन में चढ़ते और उतरते समय बच्चों पर लगातार नजर रखना जरूरी है. अक्सर माता-पिता या परिवार के दूसरे सदस्य सामान रखने, टिकट देखने या डिब्बे में जगह बनाने में व्यस्त हो जाते हैं. ऐसे में बच्चों का हाथ छूट सकता है या वे अकेले ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर सकते हैं. प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच की जगह को देखते हुए ऐसी छोटी सी लापरवाही भी खतरनाक हो सकती है.
बच्चों के साथ ट्रेन में सफर करते समय रखें ध्यान
ट्रेन में चढ़ते या उतरते समय बच्चों को अपने साथ रखें और संभव हो तो उनका हाथ पकड़े रहें. पहले बच्चे को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ाएं और फिर सामान संभालें. प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच बने गैप पर भी खास ध्यान दें. चीन के इस रेलवे स्टेशन की घटना में पुलिसकर्मी की फुर्ती से बच्चे की जान बच गई. लेकिन हर बार मदद इतनी जल्दी मिल जाए, यह जरूरी नहीं. इसलिए ट्रेन में सफर करते समय कुछ सेकंड की जल्दबाजी से बचना और बच्चों पर नजर रखना बेहद जरूरी है.