SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'यह एक्सपीरियंस जिंदगीभर याद रहेगा': हिमालय के गांव में किसानों की मदद कर भावुक हुईं ट्रैवल ब्लॉगर; खूबसूरती देख रह गईं हैरान

करीब एक साल तक एशिया के अलग-अलग हिस्सों में घूमने के बाद ट्रैवल ब्लॉगर इस्ला मे अपने देश ऑस्ट्रेलिया लौट गई हैं. भारत में बिताए करीब 12 दिनों की यादें उनके साथ हैं. इस दौरान उन्होंने दिल्ली का स्ट्रीट फूड चखा, हिमाचल के खूबसूरत गांव शांगढ़ में वक्त बिताया और स्थानीय लोगों के साथ खेतों में काम भी किया. किसानों की मदद करने का उनका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 14, 2026, 09:20 IST | Updated: Nov 14, 2026, 09:34 IST
Image Credit: @islaonislands | ऑस्ट्रेलियाई ट्रैवल ब्लॉगर को भा गई हिमालयी गांव की खूबसूरती!
Join

किसी जगह की खूबसूरती सिर्फ वहां के नजारे देखकर नहीं समझी जा सकती. कई बार वहां के लोगों के साथ बिताए कुछ पल पूरी यात्रा को खास बना देते हैं. ऑस्ट्रेलियाई ट्रैवल ब्लॉगर इस्ला मे के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. भारत घूमने आईं इस्ला अब अपने देश लौट चुकी हैं, लेकिन यहां बिताए दिनों को वह लंबे समय तक याद रखना चाहती हैं.

उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपने परिवार को सरप्राइज देने का वीडियो शेयर किया. इससे उनके घर लौटने की जानकारी सामने आई. भारत से जाने से पहले उन्होंने अपनी यात्रा के कई वीडियो भी पोस्ट किए. इनमें उन्होंने यहां के खाने, रहने और स्थानीय लोगों के साथ बिताए समय को याद किया.

दिल्ली से शुरू हुआ था भारत का सफर

इस्ला मे की इंस्टाग्राम प्रोफाइल के अनुसार, वह 1 नवंबर को भारत पहुंची थीं. उनकी यात्रा की शुरुआत दिल्ली से हुई. यहां उन्होंने शहर की सड़कों पर घूमने के साथ स्थानीय स्ट्रीट फूड का स्वाद लिया. इसके बाद वह बस से हिमाचल प्रदेश की तरफ निकल गईं. उनका अगला ठिकाना शांगढ़ था. हिमालय की गोद में बसा यह गांव अपने खूबसूरत नजारों और शांत माहौल के लिए जाना जाता है. इस्ला ने अपनी पूरी यात्रा के अनुभव इंस्टाग्राम पर करीब 11 वीडियो के जरिए शेयर किए. इनमें उनकी बस यात्रा और गांव में किसानों के साथ बिताया गया वक्त लोगों को खास तौर पर पसंद आया.

गाय देखने निकली थीं, खेतों में करने लगीं मदद

इस्ला का एक वीडियो 5 नवंबर को शेयर किया गया था, जबकि दूसरा 10 नवंबर को सामने आया. इन वीडियो में उन्होंने शांगढ़ की यात्रा के दौरान हुई एक दिलचस्प मुलाकात के बारे में बताया. दरअसल, वह जिस जीप से हिमालय के गांव घूम रही थीं, उसके ड्राइवर ने उन्हें अपने घर आने का न्योता दिया. ड्राइवर का इरादा उन्हें अपने घर गाय दिखाने का था. इस्ला और उनके साथ मौजूद लोग उसके गांव पहुंच गए. लेकिन वहां पहुंचकर उन्हें ऐसा अनुभव मिला, जिसकी उन्होंने शायद पहले से कल्पना भी नहीं की थी. गांव की कुछ महिलाएं खेतों से फसल काटकर लौट रही थीं. इस्ला और उनके साथियों ने उन्हें देखा तो खुद भी मदद के लिए आगे आ गए. कुछ देर पहले तक जो लोग गांव घूमने आए थे, वे अब स्थानीय महिलाओं के साथ खेत के काम में हाथ बंटा रहे थे.

 

 

गांव की जिंदगी देखकर रह गईं हैरान

इस्ला ने अपने वीडियो में गांव की छोटी-छोटी बातों का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि वहां टॉयलेट घर से अलग बने हुए थे. पास के मैदान में बच्चे वॉलीबॉल खेल रहे थे. उनके लिए यह सब देखना किसी आम टूरिस्ट अनुभव से अलग था. अक्सर लोग किसी नई जगह पर जाते हैं तो वहां की मशहूर जगहें देखते हैं, तस्वीरें खींचते हैं और फिर आगे बढ़ जाते हैं. लेकिन इस्ला को गांव के लोगों के बीच रहकर उनकी रोजमर्रा की जिंदगी देखने का मौका मिला. उनके मुताबिक, ऐसा अनुभव शायद ही हर पर्यटक को मिल पाता है.

होमस्टे में खाया खाना, बजाया लोकल इंस्ट्रूमेंट

गांव में वक्त बिताने के बाद इस्ला अपने होमस्टे लौट गईं. वहां उन्होंने घर का बना खाना खाया. इसके बाद उन्होंने नॉर्थ इंडियन इंस्ट्रूमेंट बजाने की कोशिश भी की. इस्ला ने अपने पूरे भारत दौरे को 10 में से 10 नंबर दिए. उन्होंने कहा कि घर के बने खाने से लेकर लोकल होमस्टे में रहने तक, यहां का हर अनुभव खास रहा. बिजली कटने और जैगरमीस्टर जैसे अलग-अलग अनुभवों के साथ स्थानीय म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट सीखने की कोशिश भी उन्हें याद रहेगी.

सोशल मीडिया पर लोगों को पसंद आई कहानी

इस्ला के वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने जमकर प्रतिक्रियाएं दीं. लोगों को खास तौर पर यह बात पसंद आई कि उन्होंने सिर्फ हिमालय के नजारे नहीं दिखाए, बल्कि वहां के लोगों के साथ समय बिताया और उनके काम में भी हाथ बंटाया. एक यूजर ने लिखा, 'भारतीयों की तरह जिएं, भारतीयों की तरह प्यार करें.' दूसरे ने कहा कि असली खूबसूरती हिमालय के इलाके में ही मिलती है. वहीं, एक और यूजर ने लिखा कि हिमालय कभी किसी टूरिस्ट को निराश नहीं करता. एक अन्य शख्स ने इसे पहाड़ों में इंसानी जुड़ाव की खूबसूरत झलक बताया.

कुछ मुलाकातें पूरी यात्रा यादगार बना देती हैं

इस्ला मे की भारत यात्रा भले ही करीब 12 दिनों की रही, लेकिन इस दौरान उन्हें ऐसे अनुभव मिले जो किसी टूरिस्ट प्लेस की सैर से कहीं आगे थे. दिल्ली की सड़कें, हिमाचल का सफर, शांगढ़ का गांव और किसानों के साथ बिताया गया वक्त उनकी यादों का हिस्सा बन गया. उनकी कहानी यह भी दिखाती है कि किसी जगह को करीब से जानने के लिए वहां के लोगों के बीच कुछ वक्त बिताना कितना खास हो सकता है. शायद इसी वजह से इस्ला ने भारत की अपनी यात्रा को पूरे नंबर दिए और इसे जिंदगी भर याद रखने वाला अनुभव बताया.

यह भी पढ़ें:- 'भारत को गंदा बताने से पहले अपना बजट बढ़ाओ': रूसी महिला ने विदेशी व्लॉगर्स को दिखाया आईना; बोली- देश को बदनाम करना गलत

यह भी पढ़ें:- यूरोप में पैसा बहुत पर अंदर से बेचैन हैं लोग: उत्तराखंड के गांव में सुकून तलाश रही जर्मन व्लॉगर; मेहमाननवाजी पर हुई फिदा

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES