App

भारत में 1 दिन घूमने पर कितना खर्च करते हैं विदेशी टूरिस्ट? सिडनी की महिला ने बताया पाई-पाई का हिसाब; Video Viral

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी से भारत घूमने आई डिजिटल कंटेंट क्रिएटर तारा चंद्रा ने चेन्नई में बिताए एक दिन का पूरा हिसाब-किताब अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है. दो टूरिस्ट्स ने एक दिन में होटल के बाहर घूमने, टैक्सी, ऑटो, म्यूजियम, लंच, डिनर और स्ट्रीट फूड समेत कुल 6,865 रुपये खर्च किए. तारा के मुताबिक, भारत में घूमते समय उनका सबसे बड़ा खर्च टैक्सी और खाने पर हुआ.

भारत में 1 दिन घूमने पर कितना खर्च करते हैं विदेशी टूरिस्ट? सिडनी की महिला ने बताया पाई-पाई का हिसाब; Video Viral
Image Credit: @tarachandra_

किसी दूसरे देश से भारत घूमने का प्लान बनाने वाले लोगों के लिए सबसे बड़ा सवाल अक्सर यही होता है कि यहां एक दिन का बजट कितना रखना चाहिए. होटल, खाना, लोकल ट्रांसपोर्ट और घूमने की जगहों की टिकट मिलाकर कितना खर्च आएगा, इसका अंदाजा हर किसी का अलग हो सकता है. इसी सवाल का जवाब ऑस्ट्रेलिया के सिडनी की रहने वाली तारा चंद्रा ने अपने ट्रैवल वीडियो में दिया.

वह करीब एक हफ्ते तक भारत घूमने के बाद वापस ऑस्ट्रेलिया लौट गईं. इस दौरान उन्होंने चेन्नई में अपने एक दिन का खर्च बारीकी से नोट किया और बाद में पूरा हिसाब सोशल मीडिया पर शेयर किया. उनका यह वीडियो इसलिए भी चर्चा में आया, क्योंकि इसमें भारत में एक विदेशी टूरिस्ट के नजरिए से रोजमर्रा के खर्चों की तस्वीर दिखाई देती है. खास बात यह रही कि कई चीजों की कीमत देखकर भारतीयों को भी लगा कि यहां घूमने का खर्च उनकी अपनी रोजमर्रा की जिंदगी से बहुत अलग नहीं है.

होटल का ब्रेकफास्ट था फ्री

तारा ने चेन्नई में अपने दिन की शुरुआत होटल के ब्रेकफास्ट से की. अच्छी बात यह थी कि नाश्ते के लिए उन्हें अलग से पैसे नहीं देने पड़े, क्योंकि यह होटल के रूम रेंट में ही शामिल था. ब्रेकफास्ट के बाद उनका असली आउटिंग शुरू हुआ. उन्होंने करीब 25 मिनट की दूरी तय करने के लिए उबर टैक्सी बुक की. इस राइड के लिए उन्हें करीब 400 रुपये देने पड़े. इसके बाद उन्होंने एक ऑटो लिया. यहां दिलचस्प बात यह थी कि सिर्फ दो मिनट की दूरी के लिए भी उन्हें 50 रुपये देने पड़े. मतलब छोटी दूरी की राइड भी उनके दिन के खर्च में जुड़ती चली गई.

 

 

लंच में खाया सीफूड

घूमते-घूमते तारा एक ओपन रेस्टोरेंट में पहुंचीं, जहां उन्होंने सीफूड का लंच किया. दो लोगों के इस खाने का बिल करीब 1,500 रुपये आया. इसके बाद उनके दिन का सबसे बड़ा ट्रांसपोर्ट खर्च सामने आया. उन्होंने करीब 8 घंटे के लिए एक टैक्सी ली, जिसके लिए उन्हें 2,400 रुपये चुकाने पड़े. यही वह खर्च था, जिसने उनके पूरे दिन के बजट में सबसे बड़ा हिस्सा ले लिया. हालांकि, तारा के मुताबिक, उनके पास चेन्नई घूमने के लिए सिर्फ दो दिन थे, इसलिए वह कम समय में ज्यादा जगहें देखना चाहती थीं.

म्यूजियम से समोसे तक, छोटी-छोटी खरीदारी

टैक्सी से घूमने के दौरान तारा एक म्यूजियम भी गईं. वहां दो लोगों की एंट्री फीस सिर्फ 100 रुपये थी. इसके बाद उन्होंने एक मंदिर के बाहर की दुकान से चॉकलेट और चिप्स खरीदे, जिस पर करीब 50 रुपये खर्च हुए. कुछ आगे जाने के बाद उनका मन समोसा खाने का हुआ. उन्होंने समोसे के साथ कोल्ड ड्रिंक ली और इसका कुल बिल 155 रुपये आया. इसके बाद दिन आगे बढ़ता गया और खाने-पीने की छोटी-छोटी चीजें उनके खर्च में जुड़ती रहीं. उन्होंने 50 रुपये की कुल्फी खाई, तीन ड्रिंक पर 90 रुपये खर्च किए और 70 रुपये का नारियल पानी भी पिया.

शरीफा और डिनर ने भी जोड़ा खर्च

तारा ने इसके बाद 50 रुपये का शरीफा खाया. शाम होते-होते वह डिनर के लिए एक होटल पहुंचीं. रात के खाने का बिल करीब 1,700 रुपये आया. दिन खत्म होने से पहले उन्होंने मीठा पान भी खाया और इसके बाद अपने होटल वापस चली गईं. मतलब सुबह के ब्रेकफास्ट से शुरू हुआ दिन खाने-पीने, लोकल ट्रांसपोर्ट और घूमने के कई छोटे-बड़े खर्चों के साथ खत्म हुआ. जब तारा ने दिनभर का पूरा हिसाब जोड़ा तो दो ऑस्ट्रेलियन टूरिस्ट्स का कुल खर्च 6,865 रुपये आया.

सिर्फ दो दिन थे, इसलिए ड्राइवर लेना पड़ा

तारा ने बताया कि चेन्नई में उनके पास घूमने के लिए सिर्फ दो दिन थे. वह कम समय में ज्यादा से ज्यादा जगहें देखना चाहती थीं. इसी वजह से उन्होंने बाद में एक ड्राइवर को लंबे समय के लिए हायर करना ज्यादा सही समझा. उनके मुताबिक, अलग-अलग जगहों पर हर बार ऑटो या उबर ढूंढने में समय जा रहा था. कई बार उन्हें राइड मिलने में 10 से 20 मिनट तक इंतजार करना पड़ता था. वीकेंड होने की वजह से यह परेशानी और बढ़ रही थी. ऐसे में एक ही कार और ड्राइवर के साथ कई जगह घूमना उन्हें ज्यादा सुविधाजनक लगा. भले ही इसका खर्च कुछ ज्यादा था, लेकिन उनके पास समय कम था और वह उस समय को बर्बाद नहीं करना चाहती थीं.

सोशल मीडिया पर यूजर्स ने किया कमेंट्स

तारा का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भारतीय यूजर्स ने भी खूब कमेंट किए. कुछ लोगों ने मजाक में कहा कि जब भारतीय विदेश घूमने जाते हैं तो इससे कई गुना ज्यादा पैसे खर्च हो जाते हैं. एक यूजर ने कहा कि उसका भारत में ही एक दिन का खर्च इतना हो जाता है. वहीं कुछ लोगों ने इस बात पर खुशी जताई कि विदेशी टूरिस्ट भारत आकर यहां की अलग-अलग जगहों और खाने को एक्सप्लोर कर रहे हैं. कई लोगों ने तारा के इस अनुभव को शेयर करने के लिए उनका शुक्रिया भी किया. लोगों को खास तौर पर यह बात पसंद आई कि उन्होंने सिर्फ घूमने की तस्वीरें नहीं दिखाईं, बल्कि पूरे दिन का खर्च भी सामने रखा.

विदेशी टूरिस्ट की नजर से भारत का एक दिन

तारा का यह खर्च हर विदेशी टूरिस्ट के लिए तय बजट नहीं माना जा सकता. किसी का होटल महंगा हो सकता है, कोई लोकल बस या ट्रेन का इस्तेमाल कर सकता है, तो कोई लग्जरी कैब और महंगे रेस्टोरेंट चुन सकता है. इसके बावजूद उनका एक दिन का हिसाब यह जरूर दिखाता है कि भारत घूमने का खर्च सिर्फ बड़े होटल या महंगे रेस्टोरेंट तक सीमित नहीं है. छोटी-छोटी राइड, स्ट्रीट फूड, ड्रिंक, नारियल पानी और मिठाई जैसी चीजें भी दिनभर के बजट में जुड़ती रहती हैं. तारा के मामले में सबसे बड़ा खर्च टैक्सी और खाने पर आया. वहीं म्यूजियम की फीस और लोकल स्नैक्स जैसी चीजें उनके कुल बजट के मुकाबले काफी कम रहीं.

Disclaimer: प्रिय पाठक, हमारी यह खबर पढ़ने के लिए शुक्रिया. यह खबर इंटरनेट पर मौजूद डिटेल्स को एकत्रित करके बनाई गई है. Zee News इसके प्रमाणिकता, दावों और सत्यता की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी फैसले से पहले संबंधित आधिकारिक विभाग से संपर्क जरूर करें.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More