SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कभी 20 रुपये को तरसती थी, आज जापान में ₹1 लाख सैलरी: अरुणाचल की बेटी ने सुनाई रुला देने वाली कहानी; VIDEO वायरल

कभी ऐसे दिन भी थे, जब अरुणाचल प्रदेश की अमन अपांग के पास खर्च करने के लिए 20 रुपये तक नहीं होते थे. घर की आर्थिक हालत ऐसी थी कि माता-पिता से पैसे मांगने में भी उन्हें शर्म आती थी. लेकिन गरीबी के उन दिनों में मां की कही एक बात उनके दिल में बैठ गई. आज वही लड़की जापान के क्योटो में नौकरी कर रही है और हर महीने करीब एक लाख रुपये कमा रही है.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 13, 2026, 09:04 AM IST | Updated: Nov 13, 2026, 09:27 AM IST
Image Credit: @aman_apang | जापान में नौकरी कर रही अरुणाचल की लड़की ने बताई अपनी कहानी!
Join

हर किसी की जिंदगी में कुछ ऐसी बातें होती हैं, जो लंबे समय तक याद रहती हैं. कभी कोई छोटी-सी घटना इंसान को अंदर तक झकझोर देती है और वही आगे बढ़ने की वजह बन जाती है. अरुणाचल प्रदेश की अमन अपांग के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ.

अमन ने सोशल मीडिया पर अपनी जिंदगी के पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि बचपन में उनके परिवार की आर्थिक हालत अच्छी नहीं थी. घर में पैसों की तंगी रहती थी. कई बार छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी सोचना पड़ता था. एक दिन घर में खाने के लिए सब्जी नहीं बनी थी. मां ने उन्हें बिना सब्जी के खाना दिया तो अमन ने खाने से मना कर दिया. इस पर मां नाराज हो गईं और गुस्से में कह दिया कि क्या तुम किसी विधायक या मंत्री की बेटी हो, जो तुम्हें हर चीज अपने मन की मिल जाएगी?

जब जेब में 20 रुपये भी नहीं होते थे

अमन ने बताया कि मां की यह बात उन्हें उस समय भले ही बुरी लगी हो, लेकिन इसका असर उनके मन पर गहरा हुआ. उन्हें अपनी और परिवार की हालत का एहसास था. एक वक्त ऐसा भी था, जब उनके पास अपने खर्च के लिए 20 रुपये तक नहीं होते थे. माता-पिता से पैसे मांगने में भी उन्हें झिझक होती थी, क्योंकि वह जानते थे कि घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है. बचपन में वह घर के कामों में हाथ बंटाती थीं. झाड़ू-पोछा और बर्तन साफ करने जैसे काम करती थीं, लेकिन खाना बनाना नहीं जानती थीं.

मां से किया था एक वादा

अमन ने बताया कि मां की उस बात के बाद उन्होंने मन ही मन कुछ ठान लिया था. वह इतना पैसा कमाना चाहती थीं कि उनके माता-पिता को कभी किसी चीज के लिए परेशान न होना पड़े. उन्होंने कहा कि उस समय उनके मन में यह ख्याल आया था कि एक दिन वह इतना कमाएंगी कि मां-पापा की डाइनिंग टेबल पर खाने की कोई कमी नहीं रहेगी. उन्हें कभी भूखा नहीं सोना पड़ेगा. अमन के लिए यह सिर्फ पैसा कमाने का सपना नहीं था. वह उस जिंदगी से बाहर निकलना चाहती थीं, जिसमें छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी परिवार को संघर्ष करना पड़ता था.

 

 

तीन साल से जापान में रह रही हैं अमन

अमन को जापान में रहते हुए तीन साल से ज्यादा समय हो चुका है. शुरुआत में वह ओसाका में रहीं और वहां एक साल से अधिक समय बिताया. इसके बाद वह क्योटो के पास एक गांव में रहने लगीं. फिलहाल वह एक पुराने जापानी ट्रेडिशनल होटल यानी रयोकान में काम करती हैं. यह जापान में पारंपरिक तरीके से बने ऐसे ठहरने के स्थान होते हैं, जहां मेहमानों को वहां की पुरानी संस्कृति और रहन-सहन का अनुभव मिलता है. नौकरी के साथ अमन सोशल मीडिया के लिए वीडियो और कंटेंट भी बनाती हैं. इसके अलावा वह एसएसडब्ल्यू वीजा से जुड़े एक सेंटर में भी काम करती हैं. यहां वह जापान में नौकरी करने के इच्छुक भारतीयों को जापानी भाषा सीखने और जॉब प्लेसमेंट से जुड़ी मदद करती हैं.

जापान में हर महीने कितनी मिलती है सैलरी?

अमन ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने जापान में अपनी कमाई के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि लोग अक्सर उनसे पूछते हैं कि जापान में उन्हें कितनी सैलरी मिलती है. इस सवाल का जवाब देते हुए अमन ने बताया कि वह हर महीने करीब एक लाख रुपये कमाती हैं. उनकी यह बात सुनकर कई लोग हैरान रह गए. लेकिन अमन के लिए यह कमाई सिर्फ एक सैलरी नहीं, बल्कि उन मुश्किल दिनों से बाहर निकलने का नतीजा है, जिन्हें उन्होंने बचपन में देखा था.

दोस्तों ने छोड़ा साथ, लेकिन अमन नहीं रुकीं

अमन ने अपनी कहानी में यह भी बताया कि उनके सफर में कई ऐसे मौके आए, जब निराश होने की वजह मौजूद थी. उनके आसपास के कुछ दोस्त अपने लक्ष्य से बीच रास्ते में ही पीछे हट गए, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. अमन के अनुसार, उन्हें गरीबी का मतलब अच्छी तरह पता था. वह दोबारा उस जिंदगी में नहीं लौटना चाहती थीं. इसी वजह से उन्होंने अपने लक्ष्य पर ध्यान बनाए रखा और लगातार मेहनत करती रहीं.

'यह मेरी सच्ची कहानी है'

अमन ने वीडियो में साफ कहा कि वह जो कुछ बता रही हैं, वह उनकी अपनी जिंदगी की कहानी है. यह कोई बनावटी किस्सा नहीं है. कभी जिनके पास 20 रुपये तक नहीं होते थे, आज वह जापान में रहकर अपने पैरों पर खड़ी हैं. उनकी कहानी सोशल मीडिया पर लोगों को इसलिए भी पसंद आ रही है, क्योंकि इसमें विदेश पहुंचने और अच्छी सैलरी पाने से कहीं ज्यादा एक परिवार के संघर्ष की झलक है. मां की कही एक बात को दिल से लगाकर अमन ने जो सफर तय किया, वह बताता है कि कई बार जिंदगी बदलने की शुरुआत किसी बड़े मौके से नहीं, बल्कि एक छोटे से फैसले से होती है.

यह भी पढ़ें:- हाथों में हथकड़ी, फिर भी दौड़ गए 101 KM: स्पेन के पुलिस कपल का गजब कारनामा; गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम

यह भी पढ़ें:- अजगर बना स्लाइडर: दुनिया के सबसे खतरनाक सांप को बच्चों ने बनाया फिसलपट्टी, Video देखकर डर गए लोग

(Disclaimer: प्रिय पाठक, हमारी यह खबर पढ़ने के लिए शुक्रिया. यह खबर इंटरनेट पर मौजूद डिटेल्स को एकत्रित करके बनाई गई है. Zee News इसके प्रमाणिकता, दावों और सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES