App

बेरिंग सागर में पलटी नाव: 15 साल के लड़के ने बर्फीले समंदर में लड़ी जिंदगी की जंग, बच निकला पर नहीं रहे भाई और कजिन

अलास्का के बर्फीले बेरिंग सागर में नाव पलटने के बाद 15 साल के एक लड़के ने करीब 3 दिन तक जिंदगी की जंग अकेले लड़ी. उसके दो साथी, जिनमें उसका भाई और कजिन शामिल थे, इस हादसे में नहीं बच सके. लेकिन लड़का किसी तरह पलटी हुई नाव के ऊपर चढ़ा और वहीं चिपका रहा. कई घंटों की तलाश के बाद कोस्ट गार्ड की टीम ने उसे जिंदा ढूंढ निकाला और सुरक्षित रेस्क्यू किया.

बेरिंग सागर में पलटी नाव: 15 साल के लड़के ने बर्फीले समंदर में लड़ी जिंदगी की जंग, बच निकला पर नहीं रहे भाई और कजिन
Image Credit: 15 साल के लड़के ने 3 दिन बर्फीले समंदर लड़ी जिंदगी की जंग!

समंदर में नाव पलटने के बाद किसी इंसान के लिए कुछ घंटे भी गुजारना आसान नहीं होता. ऊपर से अगर पानी बर्फ जैसा ठंडा हो और चारों तरफ सिर्फ ऊंची लहरें हों, तो हालात कितने खतरनाक होंगे, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. लेकिन 15 साल के इस नौजवान ने ऐसे ही हालात में करीब तीन दिन गुजार दिए.

फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अलास्का के बेरिंग सागर में मछली पकड़ने निकला एक परिवार अचानक मुसीबत में फंस गया. नाव पलट गई और तीन लोग पानी में फंस गए. हादसे के बाद लड़के ने खुद को पलटी हुई नाव के ऊपर किसी तरह टिकाए रखा. यही नाव अगले करीब तीन दिनों तक उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा सहारा बनी रही.

भाई और कजिन नहीं बच सके

अधिकारियों के मुताबिक, लड़के के साथ उसका भाई और चचेरा भाई भी नाव पर थे. नाव पलटने के बाद तीनों अलग-अलग हालात में फंस गए. लड़के ने किसी तरह खुद को नाव के ऊपर सुरक्षित रखा, लेकिन उसके भाई और कजिन की जान नहीं बच सकी. रेस्क्यू के समय लड़के ने बताया कि उसका भाई अभी भी पलटी नाव के नीचे फंसा हुआ था. उसने यह भी बताया कि पिछली रात उसका चचेरा भाई पानी में बह गया था. इस दौरान खुद कई दिनों से बर्फीले पानी के बीच रहने के बावजूद वह किसी तरह होश में रहा.

सेंट लॉरेंस द्वीप से निकले थे

AP न्यूज एजेंसी को अमेरिकी कोस्ट गार्ड द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह ग्रुप अलास्का के सेंट लॉरेंस द्वीप से निकला था. वे शुक्रवार को मछली पकड़ने के लिए रवाना हुए थे और रविवार सुबह वापस लौटने की योजना थी. लेकिन तय समय तक जब वे वापस नहीं पहुंचे तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई. इसके बाद तीनों के लापता होने की सूचना अधिकारियों को दी गई. कोस्ट गार्ड ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया.

 

 

आसमान से शुरू हुई तलाश

सोमवार सुबह कोस्ट गार्ड के विमान और हेलीकॉप्टर लापता लोगों की तलाश में जुट गए. बेरिंग सागर का मौसम और ठंड इस रेस्क्यू ऑपरेशन को बेहद मुश्किल बना रहे थे. काफी तलाश के बाद एक एयर क्रू की नजर पलटी हुई नाव पर पड़ी. वहां उन्हें एक किशोर दिखाई दिया. वह चमकीली पीली जैकेट पहने नाव के ऊपर घुटनों के बल बैठा हुआ था. कोस्ट गार्ड की टीम ने तुरंत उसकी लोकेशन की जानकारी मछली पकड़ने वाली नाव 'द नॉर्थवेस्ट एक्सप्लोरर' के क्रू को दी.

पीली जैकेट ने बचाई जान

रेस्क्यू के दौरान लड़के की चमकीली पीली जैकेट काफी अहम साबित हुई. बर्फीले और खुले समुद्र में दूर से किसी इंसान को देख पाना आसान नहीं होता. लेकिन पीले रंग की जैकेट ने उसकी लोकेशन पहचानने में मदद की. कोस्ट गार्ड के एयर क्रू ने पहले उसके लिए एक राफ्ट और जरूरी सामान नीचे गिराया. इसके बाद मछली पकड़ने वाली नाव का क्रू उसकी तरफ बढ़ा. वीडियो में देखा जा सकता है कि रेस्क्यू टीम किशोर की तरफ रस्सी फेंकती है. नाव को धीरे-धीरे उसके करीब लाया जाता है. इसके बाद उसे एक रेस्क्यू बास्केट में खींचकर नाव पर चढ़ाया जाता है.

कांप रहा था पूरा शरीर

करीब तीन दिन तक बेहद ठंडे माहौल में रहने के कारण किशोर के शरीर पर इसका असर साफ दिखाई दे रहा था. कोस्ट गार्ड ने AP न्यूज एजेंसी को बताया कि रेस्क्यू के समय उसमें हाइपोथर्मिया के लक्षण दिखाई दे रहे थे. नाव पर पहुंचते ही क्रू ने उसे कंबल और हॉट पैक से गर्म करना शुरू किया. वह ठंड से बुरी तरह कांप रहा था. इतने मुश्किल हालात के बावजूद वह होश में था और रेस्क्यू टीम को अपने परिवार के बारे में जानकारी दे रहा था. उसने बताया कि उसका भाई अभी भी नाव के नीचे फंसा हुआ है. वहीं, उसने यह भी बताया कि उसका कजिन पिछली रात समुद्र में बह गया था.

कैप्टन ने कहा- बहुत हिम्मत वाला बच्चा

जिस मछली पकड़ने वाली नाव के क्रू ने किशोर को बचाया, उसके कैप्टन एडम व्हाइट ने उसकी हिम्मत की तारीफ की. उनके मुताबिक, इतने मुश्किल हालात में तीन दिन तक पलटी नाव पर टिके रहना किसी के लिए आसान नहीं था. बर्फीले समुद्र में लगातार ठंड, भूख, प्यास और डर के बीच किशोर ने जिस तरह खुद को संभाले रखा, उसने रेस्क्यू टीम को भी प्रभावित किया. अगर वह नाव के ऊपर नहीं टिक पाता, तो खुले समुद्र में उसे ढूंढना और भी मुश्किल हो सकता था.

रेस्क्यू वीडियो ने लोगों को किया भावुक

लड़के के रेस्क्यू का वीडियो सामने आने के बाद लोग इस घटना को लेकर भावुक हैं. वीडियो में चमकीली पीली जैकेट पहने किशोर को पलटी नाव के ऊपर देखा जा सकता है. कुछ ही देर बाद रेस्क्यू टीम उसे अपनी नाव तक पहुंचाती है. लोगों के लिए सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि महज 15 साल की उम्र में उसने ऐसी स्थिति का सामना किया, जिसमें एक अनुभवी व्यक्ति के लिए भी हिम्मत बनाए रखना मुश्किल हो सकता है.

तीन दिन की जंग का अंत

इस हादसे में परिवार ने अपने दो सदस्यों को खो दिया, लेकिन 15 साल का लड़का जिंदा मिलना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा. बर्फीले बेरिंग सागर में करीब तीन दिन तक पलटी नाव से चिपके रहकर उसने अपनी जान बचाई. इस पूरी घटना में उसकी चमकीली जैकेट, पलटी नाव पर टिके रहने का फैसला और आखिर तक हिम्मत न छोड़ना बेहद अहम रहा. हादसा जितना दर्दनाक था, उतनी ही असाधारण उसकी सर्वाइवल स्टोरी भी है. 15 साल के इस लड़के ने दिखा दिया कि बेहद मुश्किल हालात में भी उम्मीद का दामन छोड़ा न जाए तो जिंदगी बचाने का रास्ता निकल सकता है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More