SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

भारत में बैन हो जाएंगे iPhone और Apple Watch? जानिए 1500 करोड़ के इस बड़े केस की पूरी इनसाइड स्टोरी, अब क्या होगा यूजर्स का

भारत में Apple पर 1500 करोड़ का मुकदमा दर्ज हुआ है. जानिए iPhone के NameDrop फीचर से जुड़े इस पूरे विवाद और बिक्री पर लगने वाली संभावित रोक का सच.

Written By Mohit Chaturvedi
Published: Nov 23, 2026, 09:13 IST | Updated: Nov 23, 2026, 09:16 IST
Image Credit: भारत में Apple पर 1500 करोड़ का मुकदमा दर्ज हुआ है.
Join

अगर आप iPhone यूजर हैं, तो आपने कभी न कभी अपने दोस्त के फोन के पास अपना फोन लाकर चुटकियों में नंबर या कॉन्टैक्ट डिटेल्स जरूर शेयर किए होंगे. देखने में यह फीचर जितना कूल और जादुई लगता है, अब यही फीचर खुद Apple के लिए सबसे बड़ी मुसीबत बन गया है. भारत में दुनिया की इस सबसे बड़ी टेक कंपनी के खिलाफ 1,500 करोड़ रुपये का भारी-भरकम मुकदमा ठोक दिया गया है. मामला इतना गंभीर है कि बात भारत में iPhone और Apple Watch के आयात और बिक्री पर रोक लगाने तक पहुंच गई है. आखिर क्या है यह पूरा बवाल, किसने दी है Apple को इतनी बड़ी चुनौती और क्या सच में भारत में iPhone की बिक्री रुक सकती है?

आखिर क्या है पूरा मामला और किसने किया केस?

यह पूरा विवाद Apple के पॉपुलर फीचर 'NameDrop' को लेकर शुरू हुआ है. अमेरिका बेस्ड एक टेक स्टार्टअप कंपनी 'GG Technologies' ने बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. कंपनी का सीधा आरोप है कि Apple ने उनके पेटेंट किए हुए आइडिया और तकनीक की नकल की है. TechCrunch की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस स्टार्टअप ने हर्जाने के तौर पर Apple से 1,500 करोड़ रुपये (करीब 161.86 मिलियन डॉलर) की मांग की है. इतना ही नहीं, याचिका में कोर्ट से यह भी गुहार लगाई गई है कि जिन Apple डिवाइसेज में यह फीचर मौजूद है, भारत में उनके इम्पोर्ट और बिक्री पर तुरंत रोक लगाई जाए.

कौन हैं Apple से टकराने वाले गौरव गोयल?

आपको जानकर हैरानी होगी कि Apple जैसी दिग्गज कंपनी को कोर्ट में घसीटने वाले शख्स का भारत से गहरा नाता है. GG Technologies की शुरुआत साल 2018 में गौरव गोयल ने की थी. गौरव IIT दिल्ली के पासआउट हैं और पहले गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs) में इन्वेस्टमेंट बैंकर रह चुके हैं. साल 2019 में उनकी कंपनी ने 'StayTouch' नाम का एक ऐप लॉन्च किया था. इस ऐप की खासियत यह थी कि दो लोग अपने फोन को सिर्फ पास लाकर एक-दूसरे के साथ अपनी कॉन्टैक्ट डिटेल्स शेयर कर सकते थे. इसे पुराने विजिटिंग कार्ड्स के एक स्मार्ट विकल्प के तौर पर लाया गया था. आज यह ऐप iOS और Android दोनों प्लेटफॉर्म पर मौजूद है.

781 पन्नों की याचिका में क्या बड़े आरोप लगाए गए?

जीजी टेक्नोलॉजी ने बॉम्बे हाईकोर्ट में 781 पन्नों का मुकदमा दायर किया है. कंपनी का कहना है कि उन्होंने साल 2021 में भारत में इस तकनीक के पेटेंट के लिए अप्लाई किया था और जुलाई 2024 में उन्हें यह पेटेंट मिल भी गया. इस तकनीक में बिना फोन को मैनुअली पेयर किए, सिर्फ पास लाकर कॉन्टैक्ट शेयर करने का सिस्टम है. स्टार्टअप का साफ कहना है कि Apple का NameDrop फीचर सीधे तौर पर उनके भारतीय पेटेंट का उल्लंघन करता है.

इस मामले की लड़ाई सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है. अप्रैल 2026 में GG Technologies ने अमेरिका में भी Apple के खिलाफ ऐसा ही केस दर्ज कराया था, जिसके बाद वहां के इंटरनेशनल ट्रेड कमीशन ने जांच भी शुरू कर दी है. भारत में यह केस अक्टूबर में तब फाइल किया गया, जब दोनों कंपनियों के बीच महीनों तक चली बातचीत और समझौते की कोशिशें पूरी तरह नाकाम रहीं. अब सबकी नजरें कोर्ट की पहली सुनवाई पर टिकी हैं.

क्या होता है 'NameDrop' फीचर?

जो लोग इसके बारे में नहीं जानते, उन्हें बता दें कि Apple ने जून 2023 में अपने सालाना इवेंट WWDC में NameDrop फीचर पेश किया था. बाद में इसे iOS 17 अपडेट के साथ सभी यूजर्स के लिए रोलआउट किया गया और फिर Apple Watch में भी दे दिया गया. इसमें यूजर्स को अपना फोन अनलॉक करने या कोई सेटअप करने की जरूरत नहीं पड़ती. यह फीचर पहले से ही ऑन रहता है. बस दो iPhones को एक-दूसरे के करीब लाना होता है और स्क्रीन पर एक प्यारे से एनिमेशन के साथ कॉन्टैक्ट कार्ड शेयर हो जाता है. दिलचस्प बात यह है कि अब Google भी Android यूजर्स के लिए ऐसा ही 'Tap to Share' फीचर लाने की तैयारी में है.

क्या है 'Sherlocking', जिसके लिए बदनाम है Apple?

टेक की दुनिया में Apple की एक पुरानी आदत रही है, जिसे 'Sherlocking' कहा जाता है. आसान शब्दों में समझें तो जब कोई छोटा डेवलपर या स्टार्टअप कोई शानदार ऐप बनाता है और वह लोगों के बीच पॉपुलर होने लगता है, तो Apple चुपचाप वैसा ही फीचर अपने ऑपरेटिंग सिस्टम (iOS या MacOS) में इनबिल्ट दे देता है. इससे उस थर्ड-पार्टी ऐप की जरूरत ही खत्म हो जाती है और छोटा बिजनेस रातों-रात बर्बाद हो जाता है. GG Technologies का भी यही मानना है कि Apple ने उनके StayTouch ऐप के आइडिया को कॉपी करके NameDrop बना दिया, जिससे उनके बिजनेस को सीधा नुकसान पहुंचा है.

भारत में Apple के लिए क्यों बड़ा झटका है यह केस?

भारत इस वक्त Apple के लिए दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में से एक है. कंपनी यहां न सिर्फ बड़े पैमाने पर iPhones की बिक्री कर रही है, बल्कि चीन के बाद भारत को अपना सबसे बड़ा मैन्युफैक्चरिंग हब भी बना रही है. दुनिया भर में बिकने वाले iPhones का एक बड़ा हिस्सा अब भारत में ही असेंबल होता है. इसके अलावा, कंपनी यहां अपने नए रिटेल स्टोर्स खोल रही है और हाल ही में Apple Pay की शुरुआत के साथ डिजिटल पेमेंट मार्केट में भी कदम रख चुकी है. ऐसे अहम मोड़ पर अगर कोर्ट से Apple के खिलाफ कोई सख्त आदेश आता है या बिक्री पर किसी तरह की पाबंदी लगती है, तो यह कंपनी के लिए बहुत बड़ा झटका साबित होगा. अब देखना यह होगा कि कोर्ट में Apple अपना बचाव कैसे करता है और क्या एक भारतीय स्टार्टअप दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनी को झुकने पर मजबूर कर पाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES