SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

WhatsApp खुद फोन उठाकर पूछेगा- क्यों कॉल किया है? फ्रॉड और स्पैम कॉल्स से खुद निपटेगा App, बदल देगा कॉलिंग का अंदाज

WhatsApp जल्द ही एक नया कॉल फिल्टर फीचर लाने जा रहा है जिससे अनजान नंबरों से आने वाली कॉल्स को खुद ऐप अटेंड करेगा और कॉलर से उसकी वजह पूछेगा. जानिए कैसे यह नया अपडेट आपके लिए बहुत काम का साबित होने वाला है.

Written By Mohit Chaturvedi
Published: Oct 21, 2026, 08:40 AM IST | Updated: Oct 21, 2026, 08:42 AM IST
Image Credit: WhatsApp
Join

वॉट्सएप पर अनजान नंबर से फोन की घंटी बजती है, तो दिमाग में हजार तरह के सवाल आने लगते हैं. कहीं कोई स्पैम कॉल तो नहीं, या फिर कोई जरूरी डिलीवरी वाला? कई बार हम फोन उठाना ही छोड़ देते हैं ताकि फालतू के लोगों से सिरदर्दी न हो. लेकिन जरा सोचिए कि अगर आपका WhatsApp खुद ही उस अनजान कॉलर से पूछ ले कि भाई तुमने फोन क्यों किया है, और उसका जवाब आपको लिखकर दे दे तो कैसा रहेगा? मेटा इस पर तेजी से काम कर रहा है और यह नया फीचर सच में गेम चेंजर साबित होने वाला है.

अनजान कॉल्स का सिरदर्द अब होगा खत्म
आज के समय में स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले हर इंसान की एक कॉमन प्रॉब्लम अननोन कॉल्स यानी अनजान नंबरों से आने वाली परेशान करने वाली कॉल्स हैं. दिनभर में जाने कितने ही स्पैम कॉल्स, क्रेडिट कार्ड बेचने वालों के फोन या फिर फालतू की कॉल्स हमारे फोन की बैटरी और दिमाग दोनों का दही कर देती हैं. कई बार हम मजबूरी में फोन उठा लेते हैं और बाद में पछतावा होता है. इसी झंझट को हमेशा के लिए खत्म करने के लिए WhatsApp एक ऐसा जबरदस्त फीचर लेकर आ रहा है जिसके बारे में सुनकर आपके चेहरे पर हंसी आ जाएगी. खबर यह है कि वॉट्सएप जल्द ही एक नया कॉल फिल्टर सिस्टम लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है.

क्या है यह नया WhatsApp कॉल फिल्टर फीचर?
इस नए फीचर के आने के बाद आपको हर अनजान कॉल से डरने की जरूरत नहीं पड़ेगी. WABetaInfo की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ये फीचर फिलहाल एंड्रॉइड यूजर्स के लिए डिवेलप किया जा रहा है. इसकी मदद से यूजर को उन नंबरों पर पूरा कंट्रोल मिल जाएगा जो उनकी फोन बुक में सेव नहीं हैं. अभी तक हमारे पास ऑप्शन होता है कि हम अनजान नंबरों की कॉल्स को सीधे साइलेंट कर देते हैं. लेकिन इसका एक नुकसान यह होता है कि कई बार हमारे किसी जरूरी डॉक्टर, कोरियर वाले या ऑफिस के किसी नए बंदे का कॉल भी मिस हो जाता है जिसका नंबर हमने सेव नहीं किया होता है.

काम कैसे करेगा यह नया सिस्टम?
WhatsApp तीन अलग-अलग ऑप्शन पर काम कर रहा है. जब यह फीचर आ जाएगा तो यूजर्स को अपनी पसंद के हिसाब से कॉलिंग सेटिंग्स चुनने का मौका मिलेगा.

पहला ऑप्शन- Never: इसमें कॉल फिल्टर बंद रहेगा और जैसे पहले सभी कॉल्स आती थीं वैसे ही आती रहेंगी.

दूसरा ऑप्शन: इसके जरिए आप पुराने फीचर की तरह अनजान नंबरों की कॉल्स को चुपचाप साइलेंट कर सकते हैं ताकि फोन की घंटी न बजे.

तीसरा ऑप्शन: इसमें जब भी कोई अनजान नंबर से आपको फोन करेगा, तो WhatsApp खुद ब खुद उस कॉल को अटेंड कर लेगा. इसके बाद ऐप उस कॉलर से पूछेगा कि भाई आपने यह कॉल क्यों किया है और आपका मकसद क्या है. कॉलर जो भी जवाब देगा, उसका ट्रांसक्रिप्ट बनकर आपके फोन पर आ जाएगा. आप आराम से स्क्रीन पर पढ़ सकते हैं कि सामने वाला इंसान क्या बोल रहा है और क्यों फोन किया है. इसके बाद आप खुद तय कर सकते हैं कि आपको उसका फोन उठाना है या नहीं.

प्राइवेसी और डेटा सुरक्षा का पूरा ध्यान
अब आपके मन में यह सवाल जरूर आ रहा होगा कि क्या हमारी कॉल्स की बातें किसी कंपनी के सर्वर पर सेव होंगी या हमारी प्राइवेसी का क्या होगा? तो इस मामले में राहत की खबर यह है कि WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, WhatsApp इस पूरी प्रक्रिया को आपके फोन के अंदर ही यानी ऑन-डिफवाइस प्रोसेस करेगा. इसके लिए लैंग्वेज पैक्स का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसका मतलब यह है कि कॉलर का डेटा या उसकी आवाज को ट्रांसक्रिप्ट करने के लिए कंपनी के सर्वर पर नहीं भेजा जाएगा. इसके अलावा यूजर्स अपनी पसंद की भाषा भी चुन सकेंगे ताकि कॉलर की बात को समझने में कोई दिक्कत न आए.

अभी कब तक आएगा यह फीचर?
फिलहाल यह बात ध्यान रखने वाली है कि यह नया फीचर अभी शुरुआती दौर में डिवेलपमेंट फेज में है. अभी यह आम यूजर्स या बीटा टेस्टर्स के लिए भी जारी नहीं किया गया है. कंपनी की तरफ से एंड्रॉइड या आईफोन यूजर्स के लिए ऑफिशियल लॉन्च डेट को लेकर अभी तक कोई पक्की तारीख सामने नहीं आई है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES