SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

लव, लस्ट और लफड़ा... रात को आए Video Call से लड़के की लाइफ बर्बाद! हैकर्स का नया कांड जानकर नाइट कॉल उठाने से घबराएंगे आप

बेंगलुरु में डेटिंग ऐप पर मिली लड़की से वीडियो कॉल के बाद युवक सेक्सटॉर्शन का शिकार बना और गिफ्ट कार्ड्स के जरिए 2.21 लाख रुपये गंवा बैठा.

Written By Mohit Chaturvedi
Published: Nov 24, 2026, 12:23 IST | Updated: Nov 24, 2026, 12:26 IST
Image Credit: 29 साल के युवक को डेटिंग ऐप पर हुई दोस्ती की कीमत 2.21 लाख रुपये चुकाकर चुकानी पड़ी.
Join

बेंगलुरु से एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 29 साल के युवक को डेटिंग ऐप पर हुई दोस्ती की कीमत 2.21 लाख रुपये चुकाकर चुकानी पड़ी. इस घटना ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि ऑनलाइन दुनिया में जरा सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है. खास बात यह है कि इस बार साइबर ठगों ने सीधे बैंक अकाउंट में पैसे मंगवाने के बजाय शॉपिंग गिफ्ट कार्ड्स का सहारा लिया, ताकि पुलिस और जांच एजेंसियों की नजरों से बचा जा सके.

डेटिंग ऐप पर हुई शुरुआत और वॉट्सएप तक पहुंची बात
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिकायतकर्ता एडम (बदला हुआ नाम) बेंगलुरु के इंदिरानगर इलाके में रहते हैं और एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं. बीते 2 नवंबर को डेटिंग ऐप आइल (Aisle) पर उनकी मुलाकात कनिका नाम की एक युवती से हुई. शुरुआती बातचीत अच्छी लगी तो दोनों के बीच मैसेज का सिलसिला शुरू हो गया.

कुछ समय बाद दोनों ने वॉट्सएप पर बात करना शुरू किया. सब कुछ बिल्कुल सामान्य लग रहा था, लेकिन तभी उस महिला की तरफ से एक वीडियो कॉल आया. एडम ने जैसे ही कॉल रिसीव किया, दूसरी तरफ महिला आपत्तिजनक अवस्था में नजर आई. स्थिति को भांपते हुए एडम ने तुरंत कॉल काट दिया और उस नंबर को ब्लॉक भी कर दिया. उन्हें लगा कि बात यहीं खत्म हो गई है, लेकिन असली खेल तो इसके बाद शुरू हुआ.

अनजान कॉल्स और इंस्टाग्राम कॉन्टैक्ट्स की धमकी
नंबर ब्लॉक करने के कुछ ही देर बाद एडम के फोन पर अनजान नंबरों से कॉल और मैसेज आने शुरू हो गए. कॉल करने वालों ने दावा किया कि उन्होंने उस वीडियो कॉल को स्क्रीन रिकॉर्ड कर लिया है और उसके स्क्रीनशॉट भी ले लिए हैं.

ठगों ने एडम को डराने के लिए कहा कि उनके पास एडम के इंस्टाग्राम अकाउंट की पूरी कॉन्टैक्ट लिस्ट मौजूद है. उन्होंने धमकी दी कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वे इस आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरों को एडम के परिवार वालों, दोस्तों और ऑफिस के साथियों को भेज देंगे. समाज और परिवार में बदनामी के डर से एडम घबरा गए.

कैश नहीं, गिफ्ट कार्ड्स के जरिए हुई वसूली
इसके बाद एक शख्स ने एडम से संपर्क किया और पैसों की डिमांड रखी. पुलिस की पकड़ से बचने के लिए ठगों ने सीधे बैंक ट्रांसफर के बजाय एक नया तरीका अपनाया. उन्होंने एडम से कहा कि वे अमेजन पे (Amazon Pay), नायका (Nykaa) और टाटा क्लिक (Tata CLiQ) के गिफ्ट कार्ड्स खरीदें और उनके रिडेम्पशन कोड शेयर करें.

वीडियो वायरल होने के डर और मानसिक दबाव में आकर एडम ने ठगों की बात मान ली. उन्होंने अलग-अलग प्लेटफॉर्म से कुल 19 गिफ्ट कार्ड्स खरीदे, जिनकी कुल कीमत करीब 1.9 लाख रुपये थी, और उनके कोड ठगों को भेज दिए.

कुल 2.21 लाख रुपये का हुआ नुकसान
एडम को लगा था कि गिफ्ट कार्ड्स देने के बाद उनका पीछा छूट जाएगा, लेकिन मुसीबत यहीं नहीं रुकी. कुछ समय बाद एडम ने देखा कि उनके बैंक अकाउंट और कार्ड्स से कुछ और अनऑथराइज्ड ट्रांजैक्शन भी हुए हैं.

शुरुआती जांच में उनका कुल नुकसान करीब 2,21,154 रुपये आंका गया है, हालांकि सभी ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड्स का मिलान करने के बाद ही सही आंकड़े की पुष्टि होगी. जब एडम को अहसास हुआ कि वे किसी बड़े और संगठित साइबर गिरोह के जाल में फंस चुके हैं, तो उन्होंने हिम्मत जुटाकर पुलिस के पास जाने का फैसला किया.

पुलिस के हाथ लगे अहम सबूत, जांच जारी
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित ने शिकायत के साथ वॉट्सएप चैट्स, संदिग्ध मोबाइल नंबर, वीडियो कॉल के स्क्रीनशॉट, गिफ्ट कार्ड की डिटेल्स और बैंक ट्रांजैक्शन के रिकॉर्ड सबूत के तौर पर जमा किए हैं. इसके अलावा एडम ने एक यूपीआई आईडी (sumanaghosh221122@oksbi) भी पुलिस को दी है, जिसके इन लेनदेन से जुड़े होने का शक है.

ईस्ट साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में इस मामले को लेकर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब उन डिजिटल निशानों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

ऐसे स्कैम से खुद को कैसे बचाएं
साइबर अपराधी हमेशा इंसान के डर और शर्म का फायदा उठाते हैं. अगर आप भी सोशल मीडिया या डेटिंग ऐप्स इस्तेमाल करते हैं, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखकर खुद को सुरक्षित रख सकते हैं.

  1. अनजान लोगों से वीडियो कॉल पर सावधानी बरतें: जिन लोगों से आप हाल ही में किसी डेटिंग ऐप या सोशल मीडिया पर मिले हैं, उनके साथ प्राइवेट या इंटीमेट वीडियो कॉल करने से बचें.
  2. अपनी प्राइवेसी का ध्यान रखें: किसी भी अनजान शख्स के साथ अपनी निजी तस्वीरें या वीडियो साझा न करें. हमेशा याद रखें कि आपकी जानकारी या सहमति के बिना भी सामने वाला व्यक्ति वीडियो कॉल रिकॉर्ड कर सकता है.
  3. ब्लैकमेलर्स को कभी पैसे न दें: वीडियो वायरल होने के डर से घबराकर पैसे ट्रांसफर करने की गलती न करें. एक बार पैसे देने पर ठगों की डिमांड बढ़ती ही जाती है.
  4. फाइनेंशियल डिटेल्स या गिफ्ट कार्ड कोड शेयर न करें: किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंकिंग पासवर्ड या किसी भी शॉपिंग साइट के गिफ्ट कार्ड का रिडेम्पशन कोड बिल्कुल न बताएं.
  5. तुरंत ब्लॉक और रिपोर्ट करें: अगर कोई अकाउंट संदिग्ध लगे या आपको ब्लैकमेल करने की कोशिश करे, तो उसे तुरंत ब्लॉक करें और संबंधित ऐप पर रिपोर्ट करें.
  6. देर किए बिना पुलिस को सूचना दें: अगर आपके साथ किसी तरह की साइबर ठगी हो जाती है, तो तुरंत अपने बैंक को सूचित करें. इसके साथ ही नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पोर्टल पर जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं.
Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES