जाना है विदेश घूमने, तो अब सिम कार्ड की झंझट खत्म; सीधे व्हाट्सएप से खरीद सकेंगे इंटरनेशनल eSIM
व्हाट्सएप सीईओ कुणाल शाह ने बताया है कि जल्द ही यूजर्स ऐप से ही इंटरनेशनल eSIM खरीद और इंस्टॉल कर सकेंगे. इसके लिए कंपनी रिलायंस जियो और वेरिजोन जैसी कंपनियों के साथ काम कर रही है, जिससे ट्रैवलर्स को एयरपोर्ट पर सिम खोजने की परेशानी नहीं होगी और मंजिल पर पहुंचते ही प्लान सक्रिय हो सकेगा.
अक्सर हम विदेश जाने से पहले कई सारी परेशानियों का सामना करते हैं. इन्हीं परेशानियों में से एक इंटरनेट की है. हम हमेशा इस टेंशन में रहते हैं कि जब हम दूसरे देश जाएंगे तो वहां इंटरनेट चलाने के लिए नया सिम लेना पड़ेगा, वो कैसे मिलेगा, उसका प्रोसेस क्या रहता है. लेकिन अब इन परेशानियों से हो सकता है छुटकारा मिल जाए, क्योंकि व्हाट्सएप ने इसे लेकर एक बड़ा प्लान बनाया है.
इस समस्या को लेकर व्हाट्सएप के सीईओ कुणाल शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक जानकारी दी है, इस पोस्ट में वो एक इंटरनेशनल eSIM लाने की बात कर रहे हैं. जिसे यूजर्स सीधे ऐप के जरिए खरीद और इंस्टॉल कर सकते हैं.
व्हाट्सएप चाहती है कि उसके यूजर्स दुनिया के किसी भी कोने में ट्रैवल कर रहे हों, उन्हें ऐप चलाने में कोई दिक्कत न आए. इसके लिए कंपनी ने eSIM से जुड़ी शुरुआती तैयारियां शुरू कर दी हैं.
जियो और वेरिजोन जैसी कंपनियों के साथ पार्टनरशिप
इस प्लान को पुरा करने के लिए व्हाट्सएप ने कई बड़े eSIM बनाने वाले और टेलीकॉम ऑपरेटर्स के साथ हाथ मिलाया है. जिसमें रिलायंस जियो, स्मार्ट एक्सियाटा, स्मार्ट कम्युनिकेशंस और वेरिजोन जैसे बड़े नाम शामिल हैं.
ये पोस्ट कुणाल शाह ने ट्रैवल के शौकीनों की ओर इशारा करते हुए खास अंदाज में पेश किया है. कंपनी का मानना है कि अलग-अलग देशों के टेलीकॉम नेटवर्क से जुड़ने पर यात्रियों को तुरंत और भरोसेमंद कनेक्टिविटी मिल सकेगी.
एयरपोर्ट पर सिम खोजने की परेशानी से मिलेगी राहत
अगर आप विदेश घूमने जाते हैं तो सबसे पहला काम एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रिय सिम कार्ड लेना जरूरी होता है. अभी इसके लिए एयरपोर्ट के स्थानीय कियोस्क पर लाइन लगानी पड़ती है या किसी अलग ऐप का सहारा लेना पड़ता है.
व्हाट्सएप का कहना है कि ये करना कई बार काफी झंझट भरी साबित होती है. अब कंपनी इसे इतना आसान बनाना चाहती है कि ये किसी को मैसेज भेजने जैसा आसान महसूस हो.
ये फीचर जल्द ही कुछ चुनिंदा देशों में शुरू किया जाएगा और उपलब्ध होते ही यूजर्स को ऐप के भीतर दिखने लगेगा. लेकिन इसका लाभ उठाने के लिए फोन में ईसिम सपोर्ट होना जरूरी होगा.
मंजिल डालते ही दिखेंगे डेटा प्लान के ऑप्शन
व्हाट्सएप और कुणाल शाह ने अभी इस फीचर्स का पूरा खुलासा नहीं किया है, लेकिन रिपोर्ट्स से कई जरूरी संकेत मिले हैं. व्हाट्सएप के वर्जन 2.26.47.10 के कोड में ट्रैवल ईसिम सपोर्ट से जुड़ी जानकारियां देखी गई हैं.
इसके मुताबिक यूजर को केवल अपनी यात्रा की जगह का नाम डालना होगा, जिसके बाद ऐप वहां के लिए उपयुक्त ई सिम प्लान खोज कर दिखाएगा. इसमें तय डेटा वाले और अनलिमिटेड प्लान के ऑप्शन मिल सकते हैं. शुरुआत में कुछ क्षेत्रीय प्लान कमिंग सून के तौर पर भी दिखाए जा सकते हैं.
मंजिल पर पहुंचने के बाद ही शुरू होगा प्लान
रिपोर्ट में सामने आए इंटरफेस के अनुसार ऐप में ईसिम इंस्टॉल करने, प्लान लोड करने और सिम तैयार होने पर सूचना देने जैसे ऑप्शन होंगे. इसकी एक खास बात ये भी हो सकती है कि खरीदा गया प्लान तभी सक्रिय होगा, जब फोन चुनी गई मंजिल के नेटवर्क से जुड़ेगा.
इससे ये होगा कि आपकी डाटा जल्दी खत्म नहीं होगा. ये सुविधा खास तौर पर उन ट्रैवलर्स के लिए मददगार होगी जो पहले से अपना प्लान खरीदकर रखना चाहते हैं.
डेटा खर्च की निगरानी भी होगी आसान
ऐप के भीतर ई सिम को संभालने के लिए अलग से टूल भी दिए जा सकते हैं. इनकी मदद से यूजर अपने खरीदे हुए और समाप्त हो चुके ई सिम का पूरा रिकॉर्ड देख सकेंगे. इसके अलावा बचा हुआ डेटा जांचने, डेटा कम होने पर चेतावनी पाने और प्लान खत्म होने से पहले अलर्ट मिलने की सुविधा भी मिल सकती है.