मोबाइल रीचार्ज पर अब कम हो सकता है खर्च! TRAI ने बनाया नया नियम, ग्राहकों को होगा सीधा फायदा
मोबाइल रिचार्ज कराने वाले ग्राहकों के लिए TRAI ने नए नियम लागू करने की तैयारी की है. इसके तहत कंपनियों को बिना डेटा वाले कॉल और SMS प्लान देने होंगे. इससे डेटा का इस्तेमाल कम करने वाले यूजर्स को अपनी जरूरत के हिसाब से रिचार्ज चुनने का ऑप्शन मिलेगा.
अगर आप मोबाइल फोन का इस्तेमाल ज्यादातर कॉल और SMS के लिए करते हैं और इंटरनेट डेटा की जरूरत बहुत कम होती है, तो आने वाले समय में आपको मोबाइल रिचार्ज में कुछ राहत मिल सकती है. सरकार ने टेलीकॉम यूजर्स को रीचार्ज के ज्यादा ऑप्शन देने के लिए नए नियम तैयार कर दिए हैं. नए सरकारी नियमों के तहत Jio, Airtel और Vi जैसी कंपनियों को ऐसे रिचार्ज प्लान भी देने होंगे, जिनमें सिर्फ कॉलिंग और SMS की सुविधा मिलेगी और मोबाइल डेटा शामिल नहीं होगा.
टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी TRAI ने Telecom Consumer Protection (Thirteenth Amendment) Regulations, 2026 को अंतिम रूप दे दिया है. नए नियमों का मकसद उन लोगों को राहत देना है, जिन्हें मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं होती, लेकिन मौजूदा रिचार्ज में डेटा के लिए भी पैसे देने पड़ते हैं. आइए आसान भाषा में जानते हैं इस नए बदलाव की 5 जरूरी बातें-
बिना डेटा वाले प्लान लाना अब कंपनियों के लिए जरूरी
नए नियमों के मुताबिक, सभी टेलीकॉम कंपनियों को अब ऐसे स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV) लाने ही होंगे जिनमें सिर्फ वॉयस कॉल और एसएमएस की सुविधा मिले. खास बात यह है कि ये प्लान 30 दिन या उससे कम की वैलिडिटी के साथ आएंगे, ताकि जिन लोगों को इंटरनेट की जरूरत नहीं है, उन्हें सिर्फ कॉलिंग के लिए डेटा का पैसा न चुकाना पड़े.
Jio, Airtel और Vi को देने होंगे सिर्फ कॉल और SMS वाले प्लान
नए नियम लागू होने के बाद टेलीकॉम कंपनियों को ऐसे स्पेशल टैरिफ वाउचर यानी STV लाने ही होंगे जिनमें, सिर्फ वॉयस कॉल और SMS की सुविधा होगी. इनमें मोबाइल डेटा को शामिल करना जरूरी नहीं होगा. इन प्लान की वैलिडिटी 30 दिन या उससे कम हो सकती है और यह टाइम पीरियड कंपनी के मौजूदा कॉम्बो प्लान के हिसाब से होगी. जैसे- अगर किसी कंपनी का कॉलिंग, SMS और डेटा वाला प्लान 28 दिन के लिए है, तो उसे इसी तरह की वैलिडिटी वाला सिर्फ कॉल और SMS का ऑप्शन भी देना होगा. इससे उन यूजर्स को फायदा हो सकता है जो फोन पर इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं करते या इसके लिए अलग से डेटा प्लान लेते हैं.
सिर्फ कॉल और SMS वाले प्लान की कीमत कम रखनी होगी
TRAI ने टेलीकॉम कंपनियों से कहा है कि वॉयस और SMS वाले प्लान की कीमत डेटा वाले प्लान की तुलना में उचित रूप से कम होनी चाहिए. यानी जिन लोगों को डेटा की जरूरत नहीं है, उन्हें बिना काम के डेटा के लिए पैसे नहीं देने पड़ेंगे. हालांकि, TRAI ने यह तय नहीं किया है कि इन प्लान पर कितनी छूट मिलेगी. इसका मतलब है कि असल कीमत और बचत Jio, Airtel और Vi जैसी कंपनियां अपने हिसाब से तय करेंगी.
हर महीने एक ही तारीख को रिन्यू होने वाला प्लान भी मिलेगा
TRAI के नए नियमों में एक और बड़ा बदलाव किया गया है. टेलीकॉम कंपनियों को कम से कम एक ऐसा वॉयस और SMS प्लान देना होगा, जो हर महीने एक ही तारीख को रिन्यू हो सके. मान लीजिए आपने 10 तारीख को प्लान शुरू किया है, तो अगली बार भी इसकी रिन्यू डेट 10 तारीख होगी. अगर किसी महीने में वह तारीख मौजूद नहीं है, तो प्लान उस महीने की आखिरी तारीख को रिन्यू होगा. इससे यूजर्स को हर बार 28 दिन की वैलिडिटी वाले प्लान के कारण बदलती रिन्यू डेट की परेशानी से राहत मिल सकती है.
लंबे समय की वैलिडिटी वाला विकल्प भी जरूरी होगा
TRAI ने कंपनियों को कम से कम एक ऐसा वॉयस और SMS रिचार्ज भी देने को कहा है, जिसकी वैलिडिटी लंबी हो. यह विकल्प उन लंबे समय वाले प्लान की तरह होगा, जिनमें डेटा भी शामिल होता है. TRAI के अनुसार, इस बदलाव से कम आय वाले यूजर्स को अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से रिचार्ज कराने के ज्यादा ऑप्शन मिलेंगे. खासकर ऐसे लोगों को फायदा हो सकता है जो मोबाइल डेटा का इस्तेमाल बहुत कम करते हैं.
(ये भी पढ़ेंः अरबपतियों का नया खिलौना! 20 लाख रुपये वाला iPhone Duo मार्केट में आया, सिर्फ 17 खुशकिस्मत लोग ही खरीद पाएंगे)
क्या अक्टूबर से सस्ता हो जाएगा आपका रिचार्ज?
TRAI ने नए नियमों को 22 सितंबर 2026 को अंतिम रूप दिया है. ये नियम सरकारी गजट में पब्लिश होने के 30 दिन बाद लागू होंगे. ऐसे में इनके अक्टूबर 2026 में लागू होने की संभावना है. नियम लागू होने के बाद Jio, Airtel और Vi समेत टेलीकॉम कंपनियों को बिना डेटा वाले वॉयस और SMS रिचार्ज ऑप्शन देने होंगे. इनकी कीमत डेटा वाले प्लान की तुलना में उचित रूप से कम रखनी होगी.
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हर यूजर का मौजूदा रिचार्ज अपने आप सस्ता हो जाएगा. असल बचत इस बात पर निर्भर करेगी कि कंपनियां नए वॉयस और SMS प्लान की कीमत कितनी तय करती हैं. अगर आपको मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं है, तो नए ऑप्शन आने के बाद आप अपनी जरूरत के हिसाब से कम कीमत वाला प्लान चुन सकेंगे.
(ये भी पढ़ेंः Sunflower Like AC: सूरज को चकमा देने आया दुनिया का पहला 'सूरजमुखी AC', कड़कड़ाती धूप में देगा 135% ज्यादा कूलिंग)