SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Anthropic की कहानी: OpenAI छोड़ भाई-बहन ने बनाई कंपनी जो मस्क के लिए बनी नासूर, 7 को-फाउंडर्स में बराबर हिस्सा और IPO ने एक झटके में बनाया अरबपति

Anthropic ने Nasdaq पर लिस्ट होते ही इतिहास रच दिया है. एलन मस्क के SpaceX को पछाड़कर दुनिया का सबसे बड़ा IPO लाने वाली इस AI कंपनी, इसके 7 को-फाउंडर्स, Claude AI और ट्रंप से हुए विवाद की पूरी कहानी...

Written By Mohit Chaturvedi
Published: Nov 20, 2026, 08:41 IST | Updated: Nov 20, 2026, 08:48 IST
Image Credit: Anthropic के 7 को-फाउंडर्स, Claude AI और ट्रंप से हुए विवाद की पूरी कहानी.
Join

Claude नाम का AI टूल बनाने वाली कंपनी Anthropic इंटरनेट पर छाई हुई है. गुरुवार को अमेरिका के शेयर बाजार Nasdaq पर इस कंपनी की ऐसी धमाकेदार एंट्री हुई कि वॉल स्ट्रीट से लेकर सिलिकॉन वैली तक हर कोई हैरान रह गया. कंपनी ने अपना IPO प्राइस 83 डॉलर प्रति शेयर रखा था. लेकिन जैसे ही मार्केट खुला, शेयर 30 फीसदी से ज्यादा उछलकर 111.50 डॉलर पर पहुंच गए. शुरुआती मिनटों में तो कंपनी की वैल्यू 2 ट्रिलियन डॉलर के पार निकल गई थी. दिन खत्म होते-होते शेयर 17.07 फीसदी की बढ़त के साथ 97.17 डॉलर पर बंद हुए और कंपनी का मार्केट कैप 1.76 ट्रिलियन डॉलर पर जा टिका.

सबसे बड़ी बात यह है कि इस IPO ने एलन मस्क की कंपनी SpaceX का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है. जून में SpaceX ने करीब 75 अरब डॉलर जुटाए थे, लेकिन Anthropic अब इतिहास का सबसे बड़ा IPO बन चुका है. लेकिन आखिर 5 साल पहले शुरू हुई यह कंपनी इतनी बड़ी कैसे बन गई. इसके पीछे कौन लोग हैं और इसका OpenAI से क्या कनेक्शन है. आइए समझते हैं...

OpenAI से नाराज होकर भाई-बहन ने रखी थी नींव
Anthropic की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है. इसकी शुरुआत मई 2021 में हुई थी. इसके पीछे मुख्य दिमाग डारियो अमोडेई और उनकी बहन डेनिएला अमोडेई का है. डारियो पहले ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI में वाइस प्रेसिडेंट ऑफ रिसर्च हुआ करते थे. लेकिन कंपनी की दिशा और AI सेफ्टी को लेकर उनके और OpenAI के मैनेजमेंट के बीच मतभेद हो गए.

डारियो और डेनिएला ने अपने कुछ भरोसेमंद साथियों के साथ OpenAI छोड़ दिया और खुद की कंपनी शुरू करने का फैसला किया. उनका मानना था कि AI को सिर्फ तेज नहीं, बल्कि सुरक्षित और भरोसेमंद भी होना चाहिए. आइडिया इतना दमदार था कि शुरुआत में ही Skype के को-फाउंडर जान टालिन की अगुवाई में कंपनी को 12.4 करोड़ डॉलर की फंडिंग मिल गई.

7 को-फाउंडर्स और सबके पास बराबर हिस्सा, टेक दुनिया का सबसे अनोखा मॉडल
आमतौर पर किसी भी स्टार्टअप में एक या दो फाउंडर होते हैं जिनके पास सबसे ज्यादा शेयर होते हैं. लेकिन Anthropic ने यहां भी एक अलग ही वाइब सेट की. इस कंपनी को एक या दो नहीं, बल्कि पूरे 7 लोगों ने मिलकर शुरू किया था. और उससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि इन सातों के पास कंपनी में बिल्कुल बराबर की हिस्सेदारी है.

अमेरिकी मार्केट रेगुलेटर SEC के दस्तावेजों के मुताबिक, हर को-फाउंडर के पास कंपनी के करीब 24 करोड़ शेयर हैं, जो कुल हिस्सेदारी का लगभग 1.4 फीसदी बैठता है. Nasdaq पर लिस्टिंग के साथ ही ये सातों दोस्त एक झटके में मल्टी-बिलियनेयर बन गए हैं.

ये हैं Anthropic के वो 7 महारथी
डारियो अमोडेई: यह कंपनी के CEO हैं और पूरे विजन को लीड करते हैं.

डेनिएला अमोडेई: डारियो की बहन हैं और कंपनी की प्रेसिडेंट होने के साथ-साथ बोर्ड की अध्यक्ष भी हैं.

टॉम ब्राउन: यह चीफ कंप्यूट ऑफिसर हैं. AI को चलाने के लिए जरूरी भारी-भरकम कंप्यूटिंग पावर संभालना इनका काम है.

जारेड कपलान: कंपनी के चीफ साइंस ऑफिसर के तौर पर रिसर्च को दिशा देते हैं.

सैम मैककंड्लिश: यह चीफ आर्किटेक्ट हैं जो पूरे सिस्टम का ढांचा तैयार करते हैं.

क्रिस ओलाह: AI का दिमाग अंदर से कैसे काम करता है, इसे समझने वाली टीम को क्रिस लीड करते हैं.

जैक क्लार्क: यह एंथ्रोपिक इंस्टिट्यूट के प्रमुख हैं और पॉलिसी से जुड़े मामले देखते हैं.

2023 में आया Claude और बदल गया पूरा गेम
फंडिंग मिलने के बाद टीम चुपचाप अपने काम में जुट गई. अप्रैल 2022 में कंपनी ने 58 करोड़ डॉलर और जुटाए. फिर आया मार्च 2023, जब Anthropic ने दुनिया के सामने अपना पहला AI मॉडल Claude पेश किया. उस वक्त ChatGPT का डंका बज रहा था, लेकिन Claude ने अपनी समझदारी और साफ-सुथरे जवाबों से टेक लवर्स का ध्यान खींच लिया.

इसके बाद तो बड़ी टेक कंपनियों को भी लगने लगा कि Anthropic कुछ बड़ा करने वाली है. मई 2023 में Google और Spark Capital ने इसमें 45 करोड़ डॉलर लगाए. फिर सितंबर 2023 में Amazon ने 4 अरब डॉलर तक निवेश करने का ऐलान किया और अगले ही महीने Google ने 2 अरब डॉलर और देने का वादा कर दिया.

सिर्फ चैटबॉट नहीं, बड़ी कंपनियों का डिजिटल कर्मचारी बना Claude
मार्च 2024 में Anthropic ने Claude 3 सीरीज लॉन्च की. कंपनी का दावा था कि इसका सबसे पावरफुल मॉडल Claude 3 Opus कई मामलों में GPT-4 और Google के Gemini से भी आगे है.

यहीं से कंपनी ने अपनी रणनीति बदली. आम यूजर्स के लिए सिर्फ सवाल-जवाब वाला चैटबॉट बनाने के बजाय Anthropic ने अपना फोकस बड़े बिजनेस और कॉर्पोरेट जगत पर शिफ्ट कर दिया. कंपनी ने कोडिंग करने वालों के लिए Claude Code लॉन्च किया. आज बड़ी-बड़ी आईटी कंपनियां, बैंक और हेल्थकेयर सेक्टर अपने रोजमर्रा के काम निपटाने के लिए Claude का इस्तेमाल कर रहे हैं.

रॉकेट की रफ्तार से बढ़ी कंपनी की वैल्यूएशन
निवेशकों का भरोसा इस कंपनी पर किस कदर बढ़ा, इसका अंदाजा इसकी वैल्यूएशन के आंकड़ों से लगाया जा सकता है.

मार्च 2025: कंपनी ने 3.5 अरब डॉलर जुटाए और वैल्यूएशन 61.5 अरब डॉलर पहुंची.

सितंबर 2025: 13 अरब डॉलर की नई फंडिंग के बाद वैल्यूएशन सीधे तीन गुना होकर 183 अरब डॉलर हो गई.

फरवरी 2026: 30 अरब डॉलर जुटाए और कीमत 380 अरब डॉलर आंकी गई.

मई 2026: 65 अरब डॉलर की भारी-भरकम फंडिंग के साथ वैल्यूएशन 965 अरब डॉलर तक पहुंच गई.

नवंबर 2026: अब IPO के बाद मार्केट वैल्यू 1.76 ट्रिलियन डॉलर के पार निकल चुकी है.

कमाई में जबरदस्त उछाल, पर खर्च भी कम नहीं
Anthropic की कमाई के आंकड़े भी कम चौंकाने वाले नहीं हैं. जून 2026 को खत्म हुई तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 11.6 अरब डॉलर रहा. अगर पिछले साल की इसी तिमाही से तुलना करें, तो उस वक्त रेवेन्यू सिर्फ 78.7 करोड़ डॉलर था. यानी एक साल में कमाई कई गुना बढ़ गई. सितंबर 2026 तक कंपनी के पास 11,900 से ज्यादा ऐसे क्लाइंट्स थे जो साल में कम से कम 1 लाख डॉलर खर्च करते हैं. इनमें से 1,900 से ज्यादा कंपनियां तो ऐसी हैं जो सालाना 10 लाख डॉलर से भी ज्यादा का बिल भरती हैं.

हालांकि, AI चलाना कोई सस्ता खेल नहीं है. महंगे चिप्स, डेटा सेंटर्स और टॉप इंजीनियर्स की सैलरी पर अरबों डॉलर खर्च होते हैं. कंपनी की फाइलिंग में जून 2026 तक 132.9 अरब डॉलर का कुल घाटा दिखाया गया है. लेकिन इसमें से 113.2 अरब डॉलर कनवर्टिबल नोट और डेरिवेटिव अकाउंटिंग के बदलावों की वजह से है, इसलिए इसे सीधा रोजमर्रा के कारोबार का नुकसान नहीं माना जा सकता.

विवादों से भी रहा गहरा नाता, ट्रंप तक से हुई भिड़ंत
सफलता की इस सीढ़ी पर Anthropic को कई बड़े झटके भी लगे. अगस्त 2024 में तीन लेखकों ने कंपनी पर केस कर दिया कि Claude को ट्रेनिंग देने के लिए उनकी किताबों का बिना इजाजत इस्तेमाल किया गया है. जुलाई 2026 में कोर्ट की मंजूरी के बाद कंपनी को 1.5 अरब डॉलर देकर यह मामला सुलझाना पड़ा.

इतना ही नहीं, राजनीतिक मोर्चे पर भी कंपनी मुश्किल में फंसी. फरवरी 2026 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सरकारी एजेंसियों को Anthropic के साथ काम बंद करने का निर्देश दे दिया. इसके जवाब में मार्च 2026 में कंपनी ने पेंटागन से जुड़े फैसले को कोर्ट में चुनौती दे दी.

इन तमाम कानूनी लड़ाइयों, भारी खर्च और सरकारी दबाव के बावजूद Anthropic ने हार नहीं मानी. गुरुवार को Nasdaq पर हुई इस ऐतिहासिक लिस्टिंग ने साबित कर दिया है कि AI की रेस में यह कंपनी अब किसी से पीछे नहीं है.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES