लॉन्च से पहले बदला गैलेक्सी एस27 अल्ट्रा का डिजाइन, नई तस्वीरों ने चौंकाया, कैमरा सेटअप में दिखे बड़े बदलाव
सैमसंग के अगले फ्लैगशिप स्मार्टफोन गैलेक्सी S27 अल्ट्रा की नई डमी यूनिट तस्वीरें लीक हुई हैं, जिनमें पहले से अलग चौड़ा रियर कैमरा मॉड्यूल दिखाई दे रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी कैमरा सिस्टम में बड़े बदलाव के तहत 3x टेलीफोटो लेंस हटा सकती है, जबकि फोन में 200MP प्राइमरी कैमरा और स्नैपड्रैगन 8 एलीट एक्सट्रीम जेन 6 चिपसेट मिलने की उम्मीद है.
सैमसंग के अगले फ्लैगशिप फोन गैलेक्सी एस27 अल्ट्रा को लेकर एक नया लीक सामने आया है. इस बार फोन के रियर डिजाइन की कुछ ताजा फोटोज इंटरनेट पर दिखी हैं. इन फोटोज में फोन का कैमरा लेआउट पहले सामने आए लीक्स से काफी अलग नजर आ रहा है.
इससे ये सवाल उठ रहा है कि साउथ कोरियन टेक कंपनी अपने अगले प्रीमियम फोन के लिए आखिर किस डिजाइन को पक्का किया जाएगा. चर्चा ये भी है कि कंपनी इस बार कैमरा सिस्टम में बड़ा बदलाव करते हुए 3x टेलीफोटो कैमरा हटा सकती है.
नई फोटो में दिखा चौड़ा कैमरा मॉड्यूल
चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो पर टिपस्टर Whylab ने दो फोटोज शेयर की हैं, जिन्हें गैलेक्सी एस27 अल्ट्रा की डमी यूनिट बताया जा रहा है. इन यूनिट्स का पिछला हिस्सा हाल के अल्ट्रा मॉडल्स से काफी अलग है.
पहले जहां हर लेंस अलग-अलग रिंग में दिखता था, वहीं अब दो बड़े कैमरा रिंग एक चौड़े उभरे हुए हिस्से के अंदर दिख रहे हैं. इनके बगल में कुछ छोटे कटआउट भी दिए गए हैं.
फोटोज में ये फोन ब्लैक और व्हाइट रंग में दिख रहा है और दोनों के पास एस पेन भी रखा हुआ है. एक फोटो में तुलना के लिए पुराना गैलेक्सी अल्ट्रा मॉडल भी रखा गया है.
पुराने लीक्स से अलग है ताजा डिजाइन
यह नया लेआउट उन शुरुआती लीक्स से बिल्कुल मैच नहीं करता है, जो अब तक सामने आए थे. पहले कैमरा लेंस प्रोटेक्टर और कुछ डमी यूनिट्स की फोटोज से संकेत मिला था कि गैलेक्सी एस27 अल्ट्रा और संभावित गैलेक्सी एस27 प्रो में हॉरिजॉन्टल कैमरा आइलैंड मिलेगा.
वहीं स्टैंडर्ड गैलेक्सी एस27 और एस27 प्लस में पहले की तरह वर्टिकल कैमरा सेटअप रहने की बात कही गई थी. लेकिन Whylab की ताजा तस्वीरों में अल्ट्रा मॉडल पर पहले के अनुमान से कहीं ज्यादा चौड़ा कैमरा हाउसिंग दिखाई दे रहा है.
3x टेलीफोटो लेंस हटने की भी चर्चा
सामने आई डमी यूनिट्स के पिछले हिस्से में कुल चार कटआउट नजर आ रहे हैं, लेकिन अभी ये साफ नहीं है कि हर कटआउट किस काम के लिए है. माना जा रहा है कि इनमें से एक एलईडी फ्लैश के लिए हो सकता है.
ये बात इसलिए भी खास है क्योंकि पिछले लीक्स में दावा किया गया था कि सैमसंग एस27 अल्ट्रा से डेडिकेटेड 3x टेलीफोटो कैमरा और लेजर ऑटोफोकस मॉड्यूल हटा सकती है.
200MP कैमरा और दमदार प्रोसेसर की उम्मीद
अब तक की रिपोर्ट्स के मुताबिक गैलेक्सी एस27 अल्ट्रा में 200 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा मिल सकता है. इसके साथ 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड लेंस और 5x ऑप्टिकल जूम वाला 50 मेगापिक्सल का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा दिए जाने की उम्मीद है.
परफॉर्मेंस के लिए इस फोन में क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन 8 एलीट एक्सट्रीम जेन 6 मिल सकता है. पहले चर्चा थी कि सैमसंग इसके लिए Exynos 2700 चिपसेट पर भी सोच रही है.
लेकिन ताजा जानकारी के अनुसार अल्ट्रा मॉडल में इसे शामिल करने का प्लान टाल दिया गया है. लेकिन सीरीज के बाकी मॉडल्स में इन-हाउस प्रोसेसर मिल सकता है.
2027 की शुरुआत में हो सकती है एंट्री
सैमसंग की तरफ से अभी तक गैलेक्सी एस27 सीरीज के फीचर्स या डिजाइन को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. इसके अलावा कुछ सर्टिफिकेशन रिपोर्ट्स से संकेत मिले हैं कि अल्ट्रा मॉडल में पहले की तरह 60W चार्जिंग सपोर्ट ही मिलेगा.
उम्मीद की जा रही है कि कंपनी इस नई सीरीज को साल 2027 की शुरुआत में बाजार में उतारेगी. इस लाइनअप में स्टैंडर्ड गैलेक्सी एस27, गैलेक्सी एस27 प्लस, गैलेक्सी एस27 प्रो और गैलेक्सी एस27 अल्ट्रा जैसे चार मॉडल शामिल हो सकते हैं.