वकीलों का काम आसान करने आ गया AI! OpenAI ने लॉन्च किया Astra for Law, तैयार करेगा दलीलें, खोजेगा पुराने फैसले
OpenAI ने वकीलों के काम को आसान बनाने के लिए Astra for Law नाम से एक खास AI मॉडल लॉन्च किया है. यह नया टूल केस की रिसर्च करने, मजबूत दलीलें तैयार करने और पुराने फैसलों को खोजने जैसे जटिल कानूनी कामों में वकीलों की मदद करेगा.
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI बनाने वाली कंपनी OpenAI ने अब कानूनी सेक्टर में भी अपनी धाक जमाने की तैयारी कर ली है. कोडिंग और कंटेंट राइटिंग के बाद अब कंपनी ने वकीलों और कानून के एक्सपर्ट्स के लिए Astra for Law नाम से एक नया और एडवांस्ड AI मॉडल लॉन्च कर दिया है. यह टूल खास तौर पर कानूनी कामों को सरल बनाने के लिए तैयार किया गया है. इस टूल की सहायता से वकील केस की रिसर्च करने, लीगल मामलों को समझने, पुराने फैसलों को खोजने और दस्तावेज ड्राफ्ट करने जैसे मुश्किल काम बहुत ही आसानी से कर सकेंगे.
क्या-क्या काम कर सकता है यह नया AI?
ओपनएआई के अनुसार, Astra for Law सिर्फ आम सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कानूनी प्रक्रिया के हर स्टेप्स में मदद कर सकता है-
लीगल रिसर्च
यह टूल वकीलों को केस से जुड़े जरूरी रिसर्च करने और उनका रिव्यू करने में मदद करता है.
मजबूत दलीलें तैयार करना
इस टूल की सहायता से वकील कोर्ट में पेश करने के लिए मजबूत लीगल तर्क और डील की शर्तें तैयार कर सकते हैं.
कमियां और कमजोरियां पहचानना
यह किसी कानूनी दलील में छिपी कमजोरियों या अनिश्चितताओं को खोजकर सामने ला सकता है.
कस्टमाइजेशन की सुविधा
कानून कंपनियां यानी लॉ फर्म इसमें अपनी पुरानी फाइलें, नेगोशिएशन की प्लानिंग और आंतरिक निर्देश फीड करके इसे अपने हिसाब से कस्टमाइज कर सकती हैं.
23 करोड़ से ज्यादा यूआरएल का लीगल डेटाबेस
ओपनएआई के इस नए मॉडल की सबसे खास बता इसका लीगल सर्च इंडेक्स है, जिसमें 23 करोड़ से ज्यादा URL शामिल है. यह अमेरिकी केस कानून, नियम, अदालत के दिशानिर्देश और प्रशासनिक फैसलों को आसानी से खंगाल सकता है. इसके लिए OpenAI ने फ्री लॉ प्रोजेक्ट के साथ साझेदारी की है, जिससे 99.9 प्रतिशत से ज्यादा प्रकाशित अमेरिकी अदालती फैसलों का डेटाबेस इस रिसर्च का हिस्सा बन गया है.
OpenAI का दावा है कि उसने 200 अमेरिकी लीगल रिसर्च सवालों पर इस टूल को ट्रेनिंग दिया है. अपने एडवांस रीजनिंग मोड में, इस मॉडल ने 54 प्रतिशत मामलों में सही उत्तर दिए, वहीं नार्मल GPT-6 Astra वेब सर्च के साथ सिर्फ 38.7 प्रतिशत अंक ही हासिल कर पाया था. हालांकि, ये आंकड़े कंपनी के अपने टेस्ट पर आधारित हैं और इनका स्वतंत्र रूप से टेस्ट होना बाकी है.
वकीलों के लिए डेटा प्राइवेसी और सुरक्षा
वकील अपने मामलों में बहुत ही गोपनीय और संवेदनशील क्लाइंट डेटा का इस्तेमाल करते हैं, इसलिए OpenAI ने इसमें खास सेफ्टी और प्राइवेसी फीचर भी दिए हैं. API इस्तेमाल करने वाली पात्र लॉ फर्मों के लिए जीरो डेटा रिटेंशन की भी सुविधा दी जाएगी. वहीं ChatGPT एंटरप्राइज की चैट को डिफॉल्ट रूप से इंसानों द्वारा रिव्यू नहीं किया जाएगा.
(ये भी पढे़ंः स्मार्टफोन मार्केट में आया गजब का बदलाव! फिर लौटे 2GB-3GB RAM वाले फोन, कीमत 10 हजार से कम)
कब और कैसे मिलेगा यह टूल?
फिलहाल OpenAI ने इसे अमेरिका की चुनिंदा लॉ फर्मों के लिए ट्रस्टेड एक्सेस प्रोग्राम के तहत ChatGPT और Codex पर उपलब्ध कराया है. ChatGPT में यह GPT-6 Astra Law के नाम से दिखेगा, वहीं इसका एपीआई वर्जन जल्द ही मार्केट में लॉन्च किया जाएगा. कंपनी का कहना है कि वकीलों और कानूनी तकनीक से जुड़ी कंपनियों के फीडबैक के आधार पर इस मॉडल में लगातार सुधार किए जाएंगे.
(ये भी पढे़ंः क्या आपने भी सुना था कि लकड़बग्घे शेरों का खाना चुराते हैं? ठहरिए, यह नई साइंटिफिक रिसर्च आपका दिमाग घुमा देगी)