App

जेंसन हुआंग के इस्तीफे के बाद Nvidia में बगावत, रोबोटिक्स इंजीनियर Darrell Dai ने छोड़ी कंपनी, बताई ये बड़ी वजह

एनविया के पूर्व सीईओ जेंसन हुआंग के अचानक बाहर होने और कंपनी में पारदर्शिता की कमी से नाराज होकर सीनियर रोबोटिक्स इंजीनियर डैरेल दाई ने इस्तीफा दे दिया है.

जेंसन हुआंग के इस्तीफे के बाद Nvidia में बगावत, रोबोटिक्स इंजीनियर Darrell Dai ने छोड़ी कंपनी, बताई ये बड़ी वजह
Image Credit: पूर्व सीईओ जेंसन हुआंग के इस्तीफा देने के बाद darrell dai ने भी इस्तीफा दे दिया है.

दुनिया की सबसे बड़ी चिप कंपनी एनवीडिया में छिड़ा विवाद अब ऑफिस से बाहर आ गया है. कंपनी के पूर्व सीईओ जेंसन हुआंग के अचानक बाहर होने से नाराज होकर एक सीनियर रोबोटिक्स इंजीनियर ने इस्तीफा दे दिया है.

डैरेल दाई नाम के इस इंजीनियर का कहना है कि कंपनी ने इस बड़े बदलाव के पीछे की असली वजह नहीं बताई.

उन्होंने इस बात पर गहरी नाराजगी जताई कि कर्मचारियों को अंधेरे में रखा गया है. साथ ही उनके भविष्य को लेकर कोई सीधी बात नहीं की गई है.

जेंसन हुआंग के काम करने के तरीके के फैन थे दाई

डैरेल दाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट लिखकर अपने दिल की बात रखी. उन्होंने बताया कि जेंसन हुआंग ने दफ्तर में ऐसा माहौल बनाया था जहां हर इंजीनियर बिना डरे नए प्रयोग कर सकता था.

दाई के मुताबिक, हुआंग ने सालों पहले ही भविष्य को भांप लिया था और रोबोटिक्स पर काम शुरू किया था.

यही जुनून दाई को एनवीडिया खींच लाया था. अब जब जेंसन ही नहीं रहे, तो दाई को लग रहा है कि कंपनी से उनका वो पुराना जुड़ाव खत्म हो गया है.

अपनी बात न सुने जाने से दुखी हुए इंजीनियर

दाई ने साफ शब्दों में लिखा कि एनवीडिया में हमेशा से इंजीनियरों की राय को बहुत इज्जत दी जाती थी. लेकिन जेंसन को हटाने के इतने बड़े फैसले में कर्मचारियों से कोई सलाह नहीं ली गई.

उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि इस मामले में हमारी बात ही नहीं सुनी गई और ये बात उन्हें बहुत चुभी है.

वह मानते हैं कि कंपनी की कुछ मजबूरियां रही होंगी और हर बात तुरंत बताना मुमकिन नहीं था. फिर भी, पूरी तरह चुप्पी साध लेना उन्हें बिल्कुल सही नहीं लगा.

साफ-सुथरी बात चाहते थे दाई

डैरेल दाई ने ये भी साफ किया कि वो जेंसन हुआंग पर लगे आरोपों को नजरअंदाज नहीं कर रहे हैं. उनका मानना है कि वो अंदर की सारी बातें नहीं जानते, इसलिए मामले की जांच जरूर होनी चाहिए.

जेंसन के प्रति उनका सम्मान अपनी जगह है, लेकिन कोई भी इंसान जांच से ऊपर नहीं है. दाई ने याद किया कि कैसे जेंसन खुद कर्मचारियों के ईमेल पढ़ते थे और उनके काम में दिलचस्पी लेते थे. इसी वजह से हर किसी को लगता था कि कंपनी में उसकी मेहनत की कद्र है.

जेंसन को वापस लाने के लिए एकजुट हुए दिग्गज

जेंसन हुआंग के समर्थन में सिर्फ एनवीडिया के कर्मचारी ही नहीं, बल्कि पूरी टेक दुनिया खड़ी हो गई है. सीएनबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें वापस लाने के लिए शुरू हुई एक ऑनलाइन पिटीशन पर 1 लाख 60 हजार से ज्यादा लोग साइन कर चुके हैं.

टेस्ला के मालिक एलन मस्क और एपिक गेम्स के सीईओ टिम स्वीनी ने भी खुलकर जेंसन का साथ दिया है. इसके अलावा कंपनी में पैसा लगाने वाले बड़े इनवेस्टर भी बोर्ड पर दबाव बना रहे हैं कि वो अपने फैसले पर फिर से विचार करे.

क्या जेंसन हुआंग की वापसी हो पाएगी?

भले ही चारों तरफ से जेंसन हुआंग के लिए आवाज उठ रही हो, लेकिन उनकी वापसी की राह आसान नहीं दिखती. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके इस्तीफे के पीछे कुछ निजी रिश्तों से जुड़े विवाद हैं.

इसमें एक ऐसी महिला का नाम भी सामने आ रहा है जिस पर चीनी खुफिया एजेंसी से जुड़े होने का शक है. फिलहाल इन सभी गंभीर आरोपों की गहराई से जांच चल रही है.

जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक एनवीडिया के इस संकट का हल निकलना मुश्किल ही लग रहा है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Harsh Singh

Harsh Singh

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष ऑटोमोबाइल और टेक्नोलॉजी से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया में लॉन्च होने वाली नई गाड़ियों, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, लेटेस्ट गैजेट्स और टेक जगत के बड़े बदलावों से जुड़े जरूरी अपडेट्स पाठकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ ऑटो और टेक की दुनिया की खबरों को बेहद सरल और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More