SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

GTA 6 का ऐसा क्रेज: गेम खेलो और सैलरी पाओ... इस कंपनी ने 7000 कर्मचारियों को भेजा छुट्टी पर, CEO बोली- नवंबर 2027 तक उठाओ फायदा

Logitech ने GTA 6 और वीडियो गेम खेलने के लिए 7,000 कर्मचारियों को एक एक्स्ट्रा पेड छुट्टी दी है. कंपनी ने इसे Logi Game Day नाम दिया है. जानिए पूरा मामला.

Written By Mohit Chaturvedi
Published: Nov 16, 2026, 07:37 IST | Updated: Nov 16, 2026, 07:40 IST
Image Credit: वीडियो गेम खेलने के लिए 7,000 कर्मचारियों को एक एक्स्ट्रा पेड छुट्टी दी है.
Join

Logitech ने अपने कर्मचारियों के लिए एक ऐसा ऐलान किया है जिसे सुनकर हर गेमर यही कहेगा कि काश हमारा बॉस भी ऐसा ही होता. 19 नवंबर को मोस्ट अवेटेड गेम Grand Theft Auto 6 यानी GTA 6 रिलीज होने जा रहा है और इससे ठीक पहले कंपनी ने अपने दुनिया भर के 7,000 कर्मचारियों को गेम खेलने के लिए एक एक्स्ट्रा पेड छुट्टी देने का फैसला किया है.

क्या है कंपनी का ये नया Logi Game Day

Logitech ने इस खास पहल को 'Logi Game Day' नाम दिया है. इस पॉलिसी के तहत कंपनी में काम करने वाले हर इंसान को, चाहे वो फुल-टाइम कर्मचारी हो या कोई नया इंटर्न, एक एक्स्ट्रा पेड लीव मिलेगी. सबसे अच्छी बात यह है कि कंपनी ने इसके लिए कोई सख्त शर्त नहीं रखी है. कर्मचारियों पर यह दबाव नहीं है कि उन्हें सिर्फ GTA 6 ही खेलना है या 19 नवंबर को ही छुट्टी लेनी है.

कंपनी ने साफ कर दिया है कि कर्मचारी अपनी पसंद का कोई भी वीडियो गेम खेल सकते हैं और इस छुट्टी का इस्तेमाल नवंबर 2027 तक कभी भी कर सकते हैं. Logitech के गेमिंग ब्रांड Logitech G के जनरल मैनेजर Robin Piispanen का इस बारे में बहुत ही शानदार मानना है. उनका कहना है कि कर्मचारी खेलने में जो समय बिताएंगे, उससे उनके काम करने की क्षमता और भी बेहतर होगी.

गेम खेलना टाइम वेस्ट नहीं बल्कि जरूरी है

अक्सर हमारे घरों और ऑफिसों में यही सुना जाता है कि वीडियो गेम खेलना समय की बर्बादी है. लेकिन Logitech की CEO Hanneke Faber इस पुरानी सोच को पूरी तरह बदलना चाहती हैं. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब उस घिसी-पिटी सोच को रिटायर करने का समय आ गया है जो गेमिंग को टाइम वेस्ट मानती है.

Hanneke Faber का मानना है कि चूंकि उनकी कंपनी काम और खेल दोनों से जुड़े प्रोडक्ट्स बनाती है, इसलिए वो इस बात को बखूबी समझती हैं कि एक जगह की खुशी और जुड़ाव दूसरी जगह की परफॉर्मेंस को कैसे सपोर्ट करता है. वहीं खुद एक पूर्व कॉम्पिटिटिव गेमर रह चुके Robin Piispanen कहते हैं कि काम में बेहतरीन प्रदर्शन लगातार घिसने से नहीं आता, बल्कि दिमाग को रिचार्ज करने और मस्ती करने के लिए समय निकालने से आता है.

रिसर्च भी कहती है कि गेमिंग से सुधरता है काम

Logitech ने यह फैसला सिर्फ हवा में नहीं लिया है, बल्कि इसके पीछे कंपनी की अपनी रिसर्च और आंकड़े भी हैं. कंपनी की 'Ctrl Tomorrow' स्टडी के मुताबिक, 81 प्रतिशत गेमर्स का मानना है कि गेम खेलने से रियल लाइफ में आत्मविश्वास बढ़ता है, घबराहट कम होती है और रोजमर्रा के ऑफिस के काम में भी सुधार आता है. एक दूसरे सर्वे में यह बात सामने आई कि 98.8 प्रतिशत बड़े आईटी अधिकारी मानते हैं कि गेमिंग से मिलने वाली स्किल्स जैसे मुश्किलों का हल निकालना और दबाव में शांत रहना, ऑफिस के काम में बहुत काम आती हैं.

दिलचस्प बात यह है कि कंपनी के बड़े-बड़े अधिकारी भी इस छुट्टी को लेकर काफी उत्साहित हैं. कंपनी के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर Matteo Anversa इस दिन अपने रेसिंग रिग पर Forza गेम खेलेंगे. वहीं चीफ पीपल ऑफिसर Elaine Laird अपने सहकर्मियों के साथ Block Blast गेम में मुकाबला करेंगी. कंपनी की एक मैनेजर तो इस छुट्टी पर Call of Duty गेम खेलकर अपने पति के साथ घर के छोटे-मोटे झगड़ों का फैसला करने वाली हैं, जबकि एक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर ने Elden Ring खेलने का प्लान बनाया है.

GTA 6 के रिलीज से दुनिया भर की कंपनियों में खलबली

19 नवंबर को PlayStation 5 और Xbox Series कंसोल पर GTA 6 लॉन्च होने जा रहा है. इससे पहले आया GTA 5 करीब 13 साल पहले रिलीज हुआ था और उसकी 235 मिलियन से ज्यादा कॉपियां बिकी थीं. ऐसे में इस नए गेम को लेकर लोगों में जबरदस्त दीवानगी है. इसी दीवानगी ने दुनिया भर की कंपनियों की नींद उड़ा रखी है.

बार्सिलोना की पोम्पेउ फैब्रा यूनिवर्सिटी के इकोनॉमिक्स प्रोफेसर José García Montalvo का अनुमान है कि गेम रिलीज होने के दिन अमेरिका में करीब 15 लाख कर्मचारी ऑफिस से छुट्टी मार सकते हैं, जिससे अर्थव्यवस्था को लगभग 1 बिलियन डॉलर का नुकसान हो सकता है. हालांकि कुछ जानकारों का मानना है कि लोग बाद में एक्स्ट्रा काम करके इस नुकसान की भरपाई कर लेंगे.

ऑफिस में बनेगा गेमिंग लाउंज

एचआर सॉफ्टवेयर कंपनी BambooHR के आंकड़ों के मुताबिक, 19 नवंबर के लिए छुट्टी की अर्जियां सामान्य दिनों के मुकाबले 9 से 17 प्रतिशत ज्यादा आ रही हैं. इस ट्रेंड को देखते हुए कई संस्थाएं अपने स्तर पर तैयारी कर रही हैं. जॉर्जिया में अमेरिकी सेना की एक बटालियन ने तो दोबारा भर्ती होने वाले सैनिकों को चार दिन की छुट्टी का ऑफर दिया है, वहीं कई छोटी कंपनियां उस दिन ऑफिस बंद रख रही हैं.

Logitech ने इस दिन को और भी खास बनाने की तैयारी की है. 19 नवंबर को कंपनी की CEO Hanneke Faber कैलिफोर्निया के सैन जोस ऑफिस में रहेंगी. इस पूरे ऑफिस को एक शानदार गेमिंग लाउंज में बदला जा रहा है, जहां एक लाइव स्ट्रीम इवेंट होगा और खुद CEO भी दोस्ताना मुकाबले में हाथ आजमाएंगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES