App

भारत का 'स्टील्थ' शंखनाद, दुश्मन करेंगे फरियाद! 15000 करोड़ में तैयार होगा 'महाबली', लग गई बोली

स्वदेशी पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ फाइटर को बनाने के लिए 15000 करोड़ के प्रोजेक्ट में तीन कंपनियों ने बोलियां जमा की हैं. इस जेट के पांच प्रोटोटाइप तैयार होंगे.

भारत का 'स्टील्थ' शंखनाद, दुश्मन करेंगे फरियाद! 15000 करोड़ में तैयार होगा 'महाबली', लग गई बोली
Image Credit: भारत के सामने चीन-पाक की चुनौती है.

भारत के पांचवीं पीढ़ी के 'स्टील्थ' फाइटर जेट बनाने की कवायद तेज हो गई है. तीन भारतीय दावेदारों ने रक्षा मंत्रालय की ओर से बनाई गई एक हाई लेवल रिव्यू कमेटी के सामने अपनी बिड यानी बोलियां जमा की हैं. इसके तहत 15,000 करोड़ रुपये की लागत से 'एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट' (AMCA) प्रोग्राम के लिए प्रोटोटाइप तैयार किया जाएगा. फिलहाल इन बोलियों का असेसमेंट प्रोसेस चल रहा है.

टीओआई के मुताबिक, इन तीन दावेदारों में L&T की अगुआई वाले कंसोर्टियम (BEL और डायनामेटिक ), टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (TASL), और भारत फोर्ज की अगुआई वाले कंसोर्टियम (BEML लिमिटेड और डेटा पैटर्न्स ) शामिल हैं. इन्होंने बोली जमा करने की आखिरी तारीख यानी 30 अक्टूबर को अपनी-अपनी बिड जमा कर दीं. इन तीनों में से केवल TASL ही एक अकेली कंपनी है.

भारत बनाएगा पांचवीं पीढ़ी का फाइटर जेट

सूत्रों ने बताया,'DRDO की लैब 'एरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी' (ADA) के डिजाइन किए गए पांच AMCA प्रोटोटाइप बनाने के लिए, एक 'डेवलपमेंट-कम-प्रोडक्शन पार्टनर' (DCPP) चुनने के लिए बोलियां खोली गई थीं.' बेंगलुरु स्थित ADA ने ही इस प्रोजेक्ट की  परिकल्पना की थी. वह दो इंजन वाले AMCA प्रोटोटाइप के निर्माण की देखरेख करेगी.

अगर डिफेंस सेक्टर की सरकारी कंपनी 'हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड' (HAL) और अमेरिकी कंपनी GE के बीच भारत में संयुक्त उत्पादन को लेकर प्रस्तावित समझौता हो जाता है, तो AMCA में दो F414 इंजन लगाए जा सकते हैं. AMCA प्रोजेक्ट के लिए पांच फ्लाइंग प्रोटोटाइप तैयार करने के लिए ADA को 15 F414 इंजनों की जरूरत पड़ेगी.

7 साल में होंगी 1800 टेस्ट सॉर्टी 

इन पांच प्रोटोटाइप से 7 साल की अवधि में 1,800 टेस्ट सॉर्टी किए जाने की उम्मीद है. इनका मकसद लड़ाकू विमान के फ्लाइट-कंट्रोल सिस्टम, स्टेल्थ क्षमताओं, सेंसर, रडार, हथियारों के इंटीग्रेशन और प्रोपल्शन (इंजन) परफॉर्मेंस को परखना है.

तैयार होने पर AMCA भारतीय वायु सेना को पांचवीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान हासिल करने में मदद करेगा. हालांकि, AMCA का पहला बैच 2034 या 2035 के आसपास तैयार होने की उम्मीद है. AMCA का मकसद भारतीय वायु सेना के लड़ाकू स्क्वाड्रन की कमी को पूरा करना भी है. वर्तमान में इनकी संख्या घटकर चिंताजनक स्तर यानी 29 रह गई है, जबकि स्वीकृत संख्या 42.5 है.

चीन बना चुका है पांचवीं पीढ़ी के दो विमान

इससे पहले, इस मुश्किल स्टेल्थ विमान प्रोग्राम की औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए बोलीदाताओं की ओर से ज्यादा समय मांगे जाने पर, आखिरी तारीख को 27 अगस्त से बढ़ाकर 30 अक्टूबर कर दिया गया था.

इस जेट की स्टील्थ विशेषताओं में इंटरनल वेपन बे, सुपरक्रूज क्षमता, एडवांस AI-आधारित एवियोनिक्स और अगली पीढ़ी का सेंसर फ्यूजन शामिल हैं. चीन पहले से ही पांचवीं पीढ़ी के दो प्रमुख स्टील्थ लड़ाकू विमानों चेंगदू J-20 और शेनयांग J-35 को ऑपरेट कर रहा है और पाकिस्तान भी चीन से 40 J-35 स्टील्थ विमान खरीदने की योजना बना रहा है.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rachit Kumar

Rachit Kumar

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More