)
क्या आपका भी दिल 1.5 लाख वाले नए iPhone या फिर धांसू फोल्डेबल Samsung Galaxy Z Fold पर आता है, लेकिन बैंक बैलेंस देखकर इरादा बदलना पड़ता है? तो आपके लिए एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर है. अब आपको अपने पसंदीदा प्रीमियम फोन के लिए पूरी कीमत चुकाने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. भारत में एक नया ट्रेंड तेजी से पैर पसार रहा है, जिसे 'स्मार्टफोन सब्सक्रिप्शन' कहा जा रहा है. यानी जैसे आप Netflix या Prime का रीचार्ज करते हैं, बिल्कुल वैसे ही महीने के कुछ रुपये देकर आप जेब में लेटेस्ट iPhone रख सकते हैं. आइए आसान भाषा में समझते हैं कि आखिर ये कौन सा नया खेल शुरू हुआ है और क्या ये आपके काम की चीज है.

बिना खरीदे कैसे मिलेगा नया iPhone?
भारत में त्योहारों का सीजन शुरू हो चुका है और हर कोई नया गैजेट खरीदना चाहता है. लेकिन इस बार मार्केट में हवा थोड़ी बदली हुई है. लोग अब स्मार्टफोन खरीदने की जगह उसे 'सब्सक्राइब' करने में ज्यादा दिलचस्पी ले रहे हैं. मुंबई से लेकर दिल्ली और बेंगलुरु तक के यूथ में इसका क्रेज साफ दिख रहा है. अब आपको फोन का मालिक बनने के लिए एक बार में 1 लाख या 1.5 लाख रुपये स्वाइप नहीं करने पड़ेंगे. बस हर महीने एक तय किराया दीजिए और लेटेस्ट फोन अपने हाथ में ले लीजिए. जब मन भर जाए या नया मॉडल आ जाए तो पुराने को वापस करके नया उठा लीजिए.
BytePe और Tech कंपनियों का नया दांव
इस नए ट्रेंड को रफ्तार देने में BytePe जैसी कंपनियों का बड़ा हाथ है. BytePe के फाउंडर जयंत झा का कहना है कि उनका सब्सक्रिप्शन बिजनेस हर महीने 20 से 30 परसेंट की रफ्तार से बढ़ रहा है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उनके 95 परसेंट यूजर्स सिर्फ सब्सक्रिप्शन मॉडल ही चुन रहे हैं. मार्केट में सबसे ज्यादा डिमांड iPhone, Google Pixel और Samsung Galaxy के प्रीमियम सीरीज की है. लोगों को अब यह बात समझ आ रही है कि पुराना फोन बेचने के झंझट से बेहतर है कि फोन को लीज या किराए पर लिया जाए.
ओनरशिप नहीं, अब 'एक्सेस' का जमाना है
पहले के जमाने में लोग फोन खरीदते थे तो उसे 4 से 5 साल तक घिसते थे. लेकिन आज का यूथ हर 12 से 24 महीने में अपना फोन बदलना चाहता है. Servify के CEO श्रीवत्स प्रभाकर के मुताबिक 1 लाख रुपये से ऊपर वाले सेगमेंट के यूजर्स बहुत तेजी से अपना फोन अपग्रेड कर रहे हैं. अब लोग फोन की टोटल कीमत नहीं देखते, बल्कि यह देखते हैं कि उस लेटेस्ट टेक्नोलॉजी को यूज करने का हर महीने का खर्चा कितना आ रहा है. बेहतर कैमरा, नए AI फीचर्स और फोल्डेबल स्क्रीन जैसी चीजें यूथ को बार-बार अपग्रेड करने पर मजबूर कर रही हैं.

2 लाख का फोल्डेबल फोन अब बजट में कैसे?
मान लीजिए आपको Samsung का Galaxy Z Fold 8 Ultra लेना है जिसकी कीमत करीब 1.99 लाख रुपये है. इतनी बड़ी रकम एक बार में देना किसी के लिए भी आसान नहीं होता. लेकिन अब कंपनियां एश्योर्ड बायबैक (Assured Buyback) और नो-कॉस्ट EMI को मिलाकर ऐसा पैकेज बना रही हैं कि आपकी जेब पर झटका ही नहीं लगता. पहले जो नो-कॉस्ट EMI सिर्फ 9 से 12 महीने के लिए मिलती थी, अब बैंक और कंपनियां उसे 24 महीने तक खींच रही हैं. इससे हर महीने का खर्चा बहुत कम हो जाता है.
Samsung और Google का 'Upgrade Program' क्या है?
टेक दिग्गज कंपनियां भी इस बहती गंगा में हाथ धो रही हैं. काउंटरपॉइंट रिसर्च (Counterpoint Research) के रिसर्च एनालिस्ट शुभम सिंह बताते हैं कि Samsung का 'Galaxy Forever' और Google का 'Pixel Upgrade Program' इसी सोच पर काम करते हैं. ये प्रोग्राम्स फाइनेंसिंग, बायबैक और आसान अपग्रेड को एक साथ मिला देते हैं. हालांकि भारत में यह सब्सक्रिप्शन मार्केट अभी बिल्कुल शुरुआती स्टेज में है, लेकिन प्रीमियम सेगमेंट में इसकी ग्रोथ देखने लायक है.
छोटे शहरों में भी बढ़ा 'Trade-in' का क्रेज
यह ट्रेंड सिर्फ बड़े मेट्रो शहरों तक सीमित नहीं है. Servify जैसी कंपनियां साल भर में 3 लाख से ज्यादा फोन ट्रेड-इन (पुराना देकर नया लेना) करती हैं. टियर 2 और टियर 3 शहरों में भी लोग पुराना फोन देकर नया प्रीमियम फोन ले रहे हैं. फेस्टिव सीजन यानी अक्टूबर और नवंबर के महीनों में ट्रेड-इन की वॉल्यूम आम दिनों के मुकाबले 50 परसेंट तक बढ़ जाती है. 60,000 से 1 लाख रुपये वाले फोन सेगमेंट में फाइनेंसिंग और ट्रेड-इन के दम पर सबसे ज्यादा बिक्री हो रही है.
क्या ओनरशिप पूरी तरह खत्म हो जाएगी?
अब सवाल यह उठता है कि क्या भारतीय ग्राहक कभी फोन का मालिक बनना बंद कर देंगे? BytePe के फाउंडर जयंत झा का मानना है कि सब्सक्रिप्शन का मतलब यह नहीं है कि लोग फोन खरीदना छोड़ देंगे. यह बस यूथ को एक नया और आसान रास्ता देता है. अगर ग्राहक को लग रहा है कि उसे बिना किसी झंझट के हर साल नया iPhone मिल रहा है और जेब पर भारी भरकम लोन भी नहीं चढ़ रहा, तो उसके लिए यह मॉडल सुपरहिट है.