IMC में दिखी भविष्य की झलक: AI Mirror देगा फैशन टिप्स, AI अवतार तैयार करेगा बिजनेस की डिजिटल कुंडली और साइबर हमलों से बचने की ट्रेनिंग देगा गेम
India Mobile Congress 2026 में AI स्मार्ट मिरर, बिना इंटरनेट चलने वाले AI मॉडल, Vi के Ready for Next असेसमेंट और Fortinet के साइबर डिफेंस गेम ने सबका ध्यान खींचा. जानिए इन नई टेक्नोलॉजी की खासियत और आम लोगों व बिजनेस को इनसे क्या फायदा हो सकता है.
India Mobile Congress 2026 में टेक्नोलॉजी की ऐसी ही कई दिलचस्प झलक देखने को मिली. यहां एक ऐसा AI स्मार्ट मिरर दिखाया गया जो बिना इंटरनेट कनेक्शन के कपड़ों और स्टाइलिंग को लेकर सुझाव दे सकता है. वहीं Vodafone Idea यानी Vi ने AI अवतार के जरिए छोटे कारोबारियों को उनके बिजनेस की डिजिटल स्थिति समझाने वाला टूल पेश किया. दूसरी तरफ साइबर सिक्योरिटी कंपनी Fortinet ने साइबर हमले और उनसे बचाव की प्रक्रिया को समझने के लिए इंटरैक्टिव गेम का अनुभव दिया. ये तीनों टेक्नोलॉजी कैसे काम करती हैं और आने वाले समय में इनका इस्तेमाल कहां हो सकता है.
1. AI स्मार्ट मिरर: अब कपड़े चुनने में नहीं होगी कन्फ्यूजन
IMC 2026 में दिखाया गया AI स्मार्ट मिरर उन लोगों के लिए दिलचस्प हो सकता है, जो कपड़ों और अपने लुक को लेकर नए ऑप्शन्स तलाशना पसंद करते हैं. इस डेमो में एक व्यक्ति स्क्रीन के सामने खड़ा होता है और AI उसके पहने हुए कपड़ों को समझकर स्टाइलिंग से जुड़े सजेशन्स देता है. यानी यह सिर्फ आईने की तरह आपका चेहरा या लुक दिखाने वाला डिवाइस नहीं है, बल्कि AI की मदद से आपके पहनावे के बारे में जानकारी भी दे सकता है. इस तरह की टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल खास तौर पर कपड़ों की दुकानों और रिटेल स्टोर में किया जा सकता है.
हालांकि, इस तरह के सजेशन्स की एक्यूरेसी इस्तेमाल किए जाने वाले AI मॉडल और उपलब्ध जानकारी पर निर्भर करेगी. इसे किसी प्रोफेशनल फैशन एक्सपर्ट का पूरी तरह ऑप्शन नहीं माना जा सकता, लेकिन यह खरीदारी के अनुभव को ज्यादा इंटरैक्टिव जरूर बना सकता है. डेमो के दौरान दी गई जानकारी के मुताबिक, यह Ventuno Q प्लेटफॉर्म पर आधारित है, जिसे प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध बताया गया.
बिना इंटरनेट के कैसे काम करता है AI?
AI के कुछ टूल चलाने के लिए आमतौर पर इंटरनेट के जरिए डेटा क्लाउड सर्वर तक भेजा जाता है, जहां प्रोसेसिंग होती है. लेकिन एज AI यानी Edge AI में AI मॉडल को सीधे डिवाइस पर चलाया जा सकता है. इससे उन कामों के लिए लगातार इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत कम हो सकती है, जिन्हें डिवाइस खुद संभाल सकता है.
2. Vi का 'Ready for Next' टूल: छोटे कारोबारियों का डिजिटल साथी
आज के वक्त में हर छोटे-बड़े बिजनेस के लिए डिजिटल होना बहुत जरूरी हो गया है, लेकिन कई छोटे दुकानदारों को समझ ही नहीं आता कि वे इसकी शुरुआत कहां से करें. वोडाफोन आइडिया (Vi) ने इसी परेशानी का हल निकालने के लिए Ready for Next नाम का एक बेहतरीन टूल पेश किया है.
इस इवेंट में एक बड़ी स्क्रीन पर एक वर्चुअल AI अवतार दिखाया गया, जो छोटे कारोबारियों से उनके काम-धंधे को लेकर कुछ बहुत ही आसान सवाल पूछता है. इन सवालों के जवाब पूरे होने के बाद यह टूल एक रिपोर्ट तैयार करके देता है. इससे दुकानदार को आसानी से समझ आ जाता है कि उनके बिजनेस को ऑनलाइन पेमेंट, बेहतर कनेक्टिविटी या टीम चैटिंग ऐप्स जैसे डिजिटल टूल्स की कहां-कहां जरूरत है. कंपनी के मुताबिक, देश के ढाई लाख से ज्यादा छोटे और मध्यम बिजनेस (MSMEs) पहले ही इस असेसमेंट का फायदा उठा चुके हैं.
3. Fortinet के डिजिटल डिफेंस गेम्स: गेम खेलते-खेलते सीखें साइबर सिक्योरिटी
आज के इस डिजिटल दौर में ऑनलाइन ठगी और हैकिंग से बचना सबसे बड़ी चुनौती है. साइबर सिक्योरिटी कंपनी Fortinet ने इसी मुश्किल विषय को एक बोरिंग ट्रेनिंग की बजाय बेहद मजेदार गेम बना दिया! इस इवेंट में लोगों को एक वर्चुअल गेम खेलने का मौका मिला, जिसमें वे चाहें तो साइबर हमलावर बन सकते थे या फिर अपनी टीम को बचाने वाले रक्षक (Defender) की भूमिका निभा सकते थे. इस खेल के जरिए लोगों को समझाया गया कि कंपनियां 'Zero Trust' जैसे नियमों को अपनाकर अपने सिस्टम को कैसे सुरक्षित रखती हैं. इससे लोगों को प्रैक्टिकल तरीके से समझ आया कि अचानक साइबर हमला होने पर तुरंत सही फैसले कैसे लिए जाते हैं.